Saturday, 4 September 2021

Memory

 स्मरणशक्ति


योगसूत्र का कथन है कि वीर्यशुद्धि से स्मृति दृढ़ होती है । योगमार्ग पर आगे बढ़ने पर पिछले जन्मों और दूसरे लोगों के मन की बातें भी पता चलने लगती है । टेलीपैथी जागने लगती है ।
किन्तु योगसूत्र का यह भी कथन है कि स्मृति एक दोष है,मोक्ष में बाधक है । परन्तु जानबूझकर स्मृति नष्ट करने का प्रयास नहीं करना चाहिये ।
शीर्षासन,शुद्ध आहार,आदि सहित प्राणायाम करने से स्मृति शुद्ध होती है । शुद्ध का अर्थ है अनावश्यक बातें स्वतः भूलना और आवश्यक बातें याद रहना ।
देशी गाय का दूध,फलाहार आदि सहायक हैं । भैंस के दूध से मैं दूर रहता था । आयुर्वैदिक औषधि सारस्वतारिष्ट का बचपन से ही मैं नियमित सेवन करता था ।
Photographic memory उच्च स्तर की देन है जिसका सम्बन्ध सर्जनात्मक कल्पनाशक्ति ( Creative Imagination) से है । सिद्धासन लगाकर आँख बन्द करके पुस्तक में पढ़ी हुई चस्तुओं को देखने का अभ्यास करता था । अच्छा साहित्यकार सर्जनात्मक कल्पनाशक्ति द्वारा रचना करता है तो अच्छे पाठक को उसी पद्धति से पढ़ना चाहिये ।
ऑडियो और विजुअल दोनों माध्यमों द्वारा पढ़ने +देखने पर स्मरणशक्ति बढ़ती है । यही कारण है कि पुराने युगों में गुरुजी बच्चों को बोलकर पाठ करते हुए पढ़ने की आज्ञा देते थे,अब म्लेच्छों की शिक्षापद्धति हावी है ।
छात्रावस्था में कोई बात याद करनी पड़ती थी तो दो तकनीकों का प्रयोग करता था — उस बात को टेपरिकॉर्डर में रेकर्ड करके पुस्तक पढ़ते हुए बारम्बार सुनता था,और सोते समय टेपरिकॉर्ड चलाकर सो जाता था । प्रयास करता था कि टेपरिकॉर्ड कई घण्टों तक चलता रहे । उतना लम्बा कैसेट कहीं मिलता नहीं था,अतः टेपरिकॉर्ड के कैसेट के मोटर का वोल्टेज कम करके उसकी गति घटाकर उसमें रेकर्ड करता था,चार−पाँच घण्टों तक टेप चलता था — उससे रेकर्ड की गुणवत्ता घटती थी परन्तु काम चल जाता था । सोनी कम्पनी का बड़ा टेपरिकॉर्डर पढ़ने में सहायक था जो लालबहादुर शास्त्री जी की कैबिनेट में रेलमन्त्री जी ने दिया था । बाद में नेपाल से सोनी कम्पनी का पॉकेट टेपरिकॉर्डर खरीदा जिसमें स्पीड घटाने का रेगुलेटर था । दूसरे टेपरिकॉर्डरों में मोटर के पॉवर सप्लाई में रजिस्टर लगाकर स्पीड घटाता था ।
निरर्थक बातों और कुसङ्ग से दूरी तथा तनाव से मुक्ति,आदि स्मरणशक्ति बढ़ाती हैं ।
चन्द्रमा की ग्रहशान्ति स्मरणशक्ति बढ़ाती हैं । कुण्डली में अन्य कोई प्रबल ग्रह चन्द्रमा को प्रभावित कर रहा हो तो उसकी शान्ति भी आवश्यक है । चन्द्रमा मन के स्वामी हैं । कामवासना स्मरणशक्ति का सबसे बड़ा शत्रु है । अन्य शत्रु हैं क्रोध आदि पाप ।
जितनी इन्द्रियाँ होती हैं उतने प्रकार की स्मृतियाँ होती हैं,परन्तु वे सब ऐन्दिक स्मृतियाँ हैं । उन सबसे ऊपर है मन की शक्ति जिसपर यह लेख है । मन ऐन्दिक स्मृतियों का भी स्वामी है और अतीन्द्रिय शक्तियों का भी ।