Wednesday, 1 October 2025

प्रतिभा और प्राणायाम – भाग २ - Vinay Jha

 

प्रतिभा और प्राणायाम – भाग २ (सरल रूप)

प्राणायाम क्या है?

  • प्राणायाम केवल सांस रोकना नहीं, बल्कि एक ऐसी गहराई है जहाँ साधक मृत्यु जैसी शांति और स्थिरता का अनुभव करता है।

  • यह हमें जीवन की अस्थिरता और नश्वरता का सीधा अहसास कराता है और सिखाता है कि असली मूल्य भीतर है, बाहर की चीज़ों में नहीं।

ईश्वर से नहीं, अपने आप से जुड़ना

  • योग का मतलब किसी बाहरी भगवान से मिलना नहीं है।

  • इसका असली अर्थ है अपने ही भीतर की दिव्यता को पहचानना।

  • बाहरी कर्मकांड और आदतें अगर इस आत्म-जागरण से खाली हों तो वे केवल दिखावा बन जाती हैं।

अस्तित्ववादी दृष्टिकोण और प्राणायाम

  • जैसे अस्तित्ववादी लेखक मृत्यु और जीवन की सच्चाई से सामना करने की बात करते हैं, वैसे ही प्राणायाम साधक को मृत्यु के भय से पार ले जाता है।

  • यह हमें असली अस्तित्व का अनुभव कराता है, जहाँ भय और भ्रम टूट जाते हैं।

चेतना का सत्य

  • चेतना व्यक्तिगत नहीं, बल्कि सामूहिक है।

  • जब साधक अपने भीतर के सत्य को पहचानता है तो वह स्वाभाविक रूप से सब प्राणियों से जुड़ जाता है।

  • योग मन को नियंत्रित करने का विज्ञान है। जब मन शांत हो जाता है, तभी असली वास्तविकता सामने आती है।


👉 संक्षेप में:
प्राणायाम और योग हमें अपने भीतर की दिव्यता से जोड़ते हैं। यह मृत्यु के भय को मिटाकर जीवन के असली अर्थ का बोध कराते हैं।

💐** योग और यज्ञ **💐 - Kameshwar Upadhyaya

 

** योग और यज्ञ **💐
*💐- योग से मनुष्य जीवन सर्वविध सफल होता है।यज्ञ से मनुष्य देवत्व की ओर बढ़ता है।अतः ऊर्ध्व चेतना के लिए योग अनिवार्य है तथा चेतना के ऊर्ध्व बिन्दु पर टिके रहने के लिए यज्ञ अनिवार्य है।जिस दिन जीवन यज्ञ बन जाता है उसी क्षण से मनुष्य देवत्व प्राप्त कर लेता है।
*💐- जब सूर्योदय पूर्व स्नान कर व्यक्ति सन्ध्या कर प्रणायाम को विस्तार देता है तब योग प्रबल होता है। वही प्राणायाम के बाद व्यक्ति जब हवन करता है तब योग और यज्ञ का मिलन होता है।
*💐-६४ कुम्भक करने की क्षमता अर्जित करने वाला तीन वर्ष में योग सिद्ध हो जाता है। तीन वर्षों तक यौगिक क्रियाओं को सफलता पूर्वक अर्जित करने वाला योग से समाधि में प्रवेश कर जाता है।
यज्ञ में सातत्य से व्यक्ति अंतरिक्ष से वांछित का दोहन करने में सक्षम हो जाता है।योग और मन्त्रात्मक यज्ञ की सिद्धि से धनुर्वेद हस्तगत हो जाता है।विगत तीन चार हजार वर्षों से इस दिशा में प्रयत्न बन्द हो चुका है। जिस दिशा में प्रयत्न बन्द हो जाता है उस दिशा में केवल विफलता मिलती है। छोटे छोटे प्रयोगों को साध कर उस दिशा में यत्न करने पर योग और तेजी से बढ़ेगा।योग मनुष्य की ताकत को अपरमित विस्तार देता है और यज्ञ मनुष्य को देवता और अदृश्य के निकट ले जाता है।योग और यज्ञ को साथ ले कर चलने वाला सभी युद्धों को जीत लेता है।
आईये योग और यज्ञ को लघु और सरल रूप में लोगों के दरवाजे तक पहुचाया जाये।जीवनमें दो काम किया जाए-
सत्यं वद और धर्मं चर को अपनाया जाए तथा कृतं स्मर,क्रतुं स्मर के सिद्धांत को अपना कर यज्ञ विधि का स्मरण किया जाए।
योग चित्तवृत्ति का निरोध है।
योग कर्म में कुशलता है।
समत्व साधने की क्षमता योग है।
आत्मतत्त्व को परमात्म तत्त्व से जोड़ना योग है।
( आज अंतरराष्ट्रीय योग दिवस पर मालवीय भवन,काशी हिन्दू विश्वविद्यालय में मेरा उद्बोधन रहा।)
सभी को योग दिवस की शुभकामनायें।
डॉ कामेश्वर उपाध्याय
 
 

योग पर विशेष ध्येय विषय - Kameshwar Upadhyaya

 

योग पर विशेष ध्येय विषय-२ **💐
*💐-चित्तवृत्ति का शमन योग में परम अनिवार्य होता है।मन में जब तक कामनाओं के संकल्प विकल्प उत्पन्न होते रहेंगे तब तक योग निकट नहीं आ सकता-- करोति कामः कर्त्ता कामः कारयिता कामः।अतः कामनाओं का निरोध योग की सिद्धि का आधार बनता है।
स्कन्द पुराण में योग की अनेक परिभाषायें दी हुई हैं-
संयोगस्त्वात्ममनसो: योगः ( आत्मा और मन का संयोग योग कहलाताहै।आत्माके संपर्कमें आतेही मन प्रकाशमय
हो जाता है।
प्राणापानसमायोगो योगः ( प्राणवायु और अपान वायु का
संयोग योग है।)यह एकांगी परिभाषा है।यह ध्यान से पूर्व की अवस्था में ही विसर्जित हो जाती है।
क्षेत्रज्ञे मनस एकीकरणं योगः ( क्षेत्रज्ञ परमात्मा में वृत्तिहीन मन का एकीकृत हो जाना योग है।
इस तरह से हम देखते हैं कि गीता,योगदर्शन,स्कन्द पुराण आदि में योग की अनेक परिभाषायें दी हुई हैं।
*💐- चित्त वृत्ति का निरोध कैसे करें ?
वायु के निरोध से ही चित्त का निरोध होता है।प्राणायाम द्वारा ही वायु का निरोध सम्भव है।षडंग योग द्वारा ही प्राण का निरोध होता है --
मरुन् निरोधनार्थाय षडंगं योगमभ्यसेत् ।
स्कन्दपुराण यम नियमको धर्म का आधार मानता है।अतः
अलग से योग के छः अंगों को मानता है --
आसनं प्राणसंरोधः प्रत्याहारश्च धारणा।
ध्यानं समाधिरेतानि योगांगानि भवन्ति षट् ।।
*💐--आसन --- योग का प्रथम अंग आसन है।आसन के संदर्भ में शास्त्र वचन हैकि जितने जीव होतेहैं उतनेआसन होते हैं अर्थात् चौरासी लाख आसन होते हैं। ऐसे में स्कन्द पुराण योग साधक आसनों में सिद्धासन, पद्मासन तथा स्वस्तिकआसनको महत्त्वपूर्णमानाहै।अन्यग्रंथोंमेंकुछअन्य आसन भी कहे गयेहैं। सिद्धासन और पद्मासनको योगियों ने सर्वाधिक महत्त्व दिया है। स्वामी ओमानंद जी कहते हैं -- ३ घण्टा ३६ मिनट तक जो सुखपूर्वक आसन लगा कर ध्यान करता है उसका वह आसन सिद्ध हो जाता है।इसका गणितीय महत्त्व है। २१६ मिनट तक का सुख आसन सौ बार होतेही २१६०० प्राण कलाओं पर सिद्धता
देता है। आसन सिद्धि से व्यवसाय(दुकान)जमता है यह लोक में प्रसिद्ध है।२४आसन प्रसिद्धि प्राप्तहैं।वैसेआसनों का विस्तार अकथनीय है।आसनसे शरीर मजबूतहोता है - आसनेन वपुर्दार्ध्ढ्यम्।मजबूत शरीर ही आत्मा की प्राप्ति में सहायक होता है।
*💐-- प्राणायाम -- शरीर के भीतर प्राणवायु को रोकना प्राणायाम है-अतः प्राणं निरुनध्येत्।प्राणायाम करते समय
गायत्री,सावित्री,हं स: या यं मन्त्र का जप करने को कहते हैं।कतिपय योगी परम्परा प्राप्त मन्त्र भी देते हैं।
वाम नासिका को चन्द्र नाड़ी तथा दाहिनी नासिका को
सूर्य नाड़ी कहते हैं। वाम से वायु को खींचकर अन्दर भरते
हैं और उसे दाहिनी नासिका से बाहर निकालते हैं।फिर दाहिनी से वायु अन्दर खींच कर रोकते हैं और बायीं से निकालते हैं।यह एक प्राणायम कहा गया है।
तीन मास तक इस सामान्य प्राणायाम को करने पर शरीर का नाड़ी समूह शुद्ध हो जाता है--
इत्थं मास त्रयाभ्यासात् उभयायामसेवनात्।
सिद्धनाड़ी गणो योगी सिद्धप्राणोsभिधीयते।।
नाड़ी शुद्धि से जठराग्नि शुद्ध हो जाती है।शरीर हल्का हो जाता है तथा निरोगिता आ जाती है। तीन मास के छः घण्टे के अभ्यास से परावाणी भी सुनाई देने लगती है---
नादाभिव्यक्तिरारोग्यम् भवेन्नाडीविशोधनात्।
प्राणायाम में वायु खींचने और निकालने की गति धीमी रहनी चाहिए।इसे युक्त वायु कहते हैं-- युक्तं युक्तं त्यजेद् वायुम्।
*💐- प्राणायाम से शरीर, मन की शुद्धि होती है।प्रत्याहार से संचित पाप भस्म होते हैं। धारणा से योग जन्य धैर्य की वृद्धि होती है।ध्यान से आत्म दर्शन- ईश्वर दर्शन का लाभ होने लगता है। समाधि से मोक्ष मिलता है ------समाधिना लभेन्मोक्षम्।
*💐-प्रत्याहार -- बाह्य कुम्भक के साथ किया हुआ प्राणा -याम अधिक फल देता है। १२ प्राणायाम का एक प्रत्या- हार होता है। १२ प्रत्याहारों की एक धारणा होती है।
इस प्रकार से एक धारणा में १४४ प्राणायाम होंगे। १२ धारणाओं का एक ध्यान होता है। ध्यान तक पहुंचने में
१७२८ प्राणायाम लगते हैं।समाधि तक आने में२०७३६
प्राणायाम पूरे करने होते हैं।गणित की दृष्टि से भी देखें तो योग की अंतिम परिणति समाधि तक पहुंचना कठिनतम तो है ही।केवल मानसिक व्यायाम से यहां तक पहुंचना असम्भव ही है। --------
प्राणायाम द्वि षटकेन प्रत्याहार उदाहृतः।
प्रत्याहारै: द्वादशभि: धारणा परिकीर्तिता ।।
ध्यानैः द्वादशभिश्चैव ध्यानं हि परिकथ्यते।
ध्यान द्वादशकेनैव समाधिरभिधीयते ।।
प्रत्याहार का शाब्दिक अर्थ है इंद्रियों के विषय को हरने वाला ।जहां पहुंचतेही इंद्रियां शिथिल हो निरुद्ध हो जायें।
कछुआ की वृत्ति प्रत्याहार में आ जाती है।
पंच महाभूतों को ध्यान में धारण करना ही धारणा है ।
**
एक बात स्पष्ट हो गयीकि आसनों से शरीर दृढ़ और प्रबल
होता है। केवल आसन योग का स्थान नहीं ले सकता। मन की प्रबलता प्राणायाम से आगे निकलनेपर मिलतीहै।
** प्राणवायु जब सहस्रार में थमने लगती है तब सिद्धियों का द्वार खुलता है--ततः सिद्धिरदूरतः ।
योग के इस न्यूनतम विस्तार को यहॉं रखा गया है।अन्य विषयों को इसलिए छोड़ा गया कि वे चित्तवृत्ति से ऊपर उठने के बाद तीन वर्षों के प्रबल प्रयत्न से मिलते हैं।
योग को यदि सात वर्ष की आयु से लेकर बारह वर्ष की आयु तक के ब्रह्मचारी करें तो उनको मुद्राओं और जिह्वा जनित योगों की सिद्धि आसानी से हो सकती है।
डॉ कामेश्वर उपाध्याय
अ .भा .विद्वत्परिषद

योगसूत्र पर व्यासभाष्य - Vinay Jha

 

इलाहाबाद विषविद्यालय के डा⋅ सुरेशचन्द्र श्रीवास्तव जी ने महर्षि पतञ्जलि के “योगसूत्र” पर महर्षि वेदव्यास के “व्यासभाष्य” का हिन्दी अनुवाद किया —
file:///D:/Patanjala%20Yoga%20Darshanam%20-%20Suresh%20Chandra%20Shrivastava.pdf
डा⋅ सुरेशचन्द्र श्रीवास्तव जी विषविद्यालयी दुष्प्रभाव के कारण योग का व्यावहारिक अनुभव नहीं होने पर भी “योगसिद्धि” नाम का भाष्य लिखने का अहङ्कार पाल बैठे । डा⋅ सुरेशचन्द्र श्रीवास्तव जी की मूर्खता का एक उदाहरण प्रस्तुत है ।
══════════════════════
साधनपाद का सूत्र−३२ कहता है कि “स्वाध्याय” अष्टाङ्ग योग के द्वितीय अङ्ग “नियम” का एक अङ्ग है,
किन्तु उसी साधनपाद का प्रथम सूत्र कहता है कि योग के तीन ही अवयव हैं — तप,स्वाध्याय और ईश्वरप्रणिधान ।
योग का अङ्ग है “स्वाध्याय” जिसका अर्थ इलाहाबादी डा⋅ सुरेशचन्द्र श्रीवास्तव जी नहीं जानते । वे योग का भी अर्थ नहीं जानते,और योग के किसी अङ्ग का भी अर्थ नहीं जानते । तभी तो अपनी “योगसिद्धि” भाष्य के पृष्ठ−१५८ में साधनपाद−सूत्र-१ की व्याख्या में बकवास करते हैं —
“आगे २।२९ में बताये जाने वाले योग के अन्य पाँच अङ्ग भी यद्यपि योग के उपाय हैं,तथापि यदि ठीक से ये तीन नियम ही पालन किये जायें तब भी योग की सिद्धि हो जाती है” ।
अर्थात् योग के आठ अङ्गों में से तीन हैं तप,स्वाध्याय और ईश्वरप्रणिधान तथा अन्य पाँच अङ्ग वैकल्पिक हैं जिनको त्यागकर केवल तीन अङ्गों का ही ठीक से पालन किया जा सकता है!
योगदर्शन के बारे में ऐसी मूर्खतापूर्ण बात मैंने जीवन में कभी नहीं पढ़ी ।
अतः यम,नियम और आसन को इलाहाबादी श्रीवास्तव जी तप,स्वाध्याय और ईश्वरप्रणिधान के ही पर्याय मानते हैं,तथा शेष पाँच अङ्गों प्राणायाम,प्रत्याहार,धारणा,ध्यान,समाधि को फालतू मानते हैं । प्राणायाम से घबड़ाकर आगे न बढ़ना कलियुगी योगियों का प्रधान लक्षण है ।
सच्चाई यह है कि क्रियायोग की समस्त क्रिया तप ही है जो स्वाध्याय और ईश्वरप्रणिधान के साथ करनी चाहिये,तप नियम के अन्तर्गत है । स्वाध्याय का अर्थ है अपनी शाखा के वेद का अध्ययन,जिसके पश्चात व्यासभाष्य का यह भाव समझ में आयेगा कि स्वाध्याय द्वारा प्रणव (ॐ) आदि पवित्र मन्त्रों का जप कैसे करें और मोक्षविषयक शास्त्रों का अध्ययन कैसे करें । श्रीवास्तव कुल के पुरखों को भी स्वाध्याय का अधिकार कभी नहीं मिला । सवामी ओमानन्द तीर्थ सच्चे योगी थे,श्रीवास्तव जी विषविद्यालय के विषधर । अतः इनका भाष्य पढ़कर डिग्री मिल सकती है,योग की धूल भी नहीं मिलेगी । इसी कारण मैंने लिखा कि व्यासभाष्य के अनुवाद का प्रयास तक नहीं हुआ । प्रयास कोई योगी ही कर सकता है,भोगी नहीं ।
केवल व्यास जी के मूल संस्कृत का शब्दार्थ लगाने में ही डा⋅ सुरेशचन्द्र श्रीवास्तव के भाष्य की सहायता लें,वरना गलत अर्थ लगेगा । “व्यासभाष्य” समझने के प्रयास में भी मूल “योगसूत्र” को सदैव ध्यान में रखें,वरना “व्यासभाष्य” से भी धोखा खा सकते हैं । “योगसूत्र” और “व्यासभाष्य” कई बार पढ़ेंगे,वह भी व्यावहारिक क्रियायोग करते हुए,तब कुछ समझ में आयेगा ।
व्यासभाष्य में कहा गया है कि “स्वाध्याय” का अर्थ है प्रणव (ॐ) आदि पवित्र मन्त्रों का जप तथा मोक्षविषयक शास्त्र का अध्ययन । योगी हेतु “स्वाध्याय” का इतना ही अर्थ उचित है,अतः व्यास जी ने सन्दर्भ के अनुसार सही लिखा । किन्तु यजुर्वेदीय विधिभाग “शतपथ ब्राह्मण” के अनुसार “स्वाध्याय” नित्य कर्तव्य है । वहाँ सभी वेदपाठियों को कहा गया है कि नित्यकर्म की तरह “स्वाध्याय” करें । वहाँ “स्वाध्याय” का अर्थ है “स्वशाखा के वेद का अध्ययन” ।
स्व+अध्याय = स्वाध्याय का यही मूल अर्थ है । अध्याय का अर्थ है उर्ध्वगति हेतु प्राप्ति,उत्थान,प्रगति । अपने वेदशिक्षक “उपाध्याय” द्वारा प्रदत्त दैनिक पाठ (अध्याय) की दो या तीन बार आवृत्ति स्वाध्याय है ।
सभी गैर−ब्राह्मण हिन्दू वर्णों के कुलब्राह्मण की वेदशाखा ही उन वर्णों की वेदशाखा है,किन्तु चातुर्वण्य से बाहर जो हैं उनकी कोई वेदशाखा नहीं होती,अतः स्वाध्याय का अनधिकार है । शूद्र और स्त्री को कर्मकाण्डीय वेद का अधिकार नहीं,ज्ञानकाण्डीय वेद का अधिकार है,जैसे कि छान्दोग्योक्त रैक्व को । परन्तु जो स्वयं को चातुर्वण्य से बाहर पाँचवा वर्ण कहे उसे न तो वेद के पूर्वभाग का अधिकार है और न उत्तरभाग का ;उसे अगले जन्म में हिन्दू बनने के लिये जप−तप करना चाहिये ।
मोक्षविषयक शास्त्र वेद का उत्तरभाग है । योगी हेतु वेद के पूर्वभाग अर्थात् कर्मकाण्ड का अध्ययन आवश्यक नहीं,किन्तु योगी यदि गृहस्थ या वानप्रस्थी है तो दैनिक अग्निहोत्र उसका कर्तव्य है,तब अग्निहोत्र का कर्मकाण्ड भी स्वाध्याय के अन्तर्गत आयेगा क्योंकि कर्तव्यपालन को त्यागकर योग में सिद्धि नहीं मिलती ।
 
 

गायत्री और सावित्री का क्या सम्बन्ध है - Vinay Jha

 

ऋग्वेद में ऋचाएं हैं जिनका प्रयोग यज्ञ में स्तुति हेतु होता है, सामवेद के साम का गान होता है, यजुर्वेद के यजुः से हवि दी जाती है, अथर्ववेद का मौन मनन ब्रह्मा नाम के पुरोहित को करना चाहिए, किन्तु अब अथर्ववेद का प्रयोग होता ही नहीं है |
मन्त्र इन सबसे पृथक वस्तु है | मन्त्र की दीक्षा और प्रयोग की विधि गोपनीय है, केवल दीक्षित व्यक्ति को ही दी जाती है |
ब्राह्मण-ग्रन्थों और कल्पसूत्रों की सहायता से प्रशिक्षित पुरोहित आवश्यकतानुसार वैदिक छन्दों से मन्त्र बनाते हैं | उदाहरणार्थ, "गायत्री" नाम की ऋचा ऋग्वेद में है, उसी नाम का यजुः यजुर्वेद में है, उसी नाम का साम सामवेद में है, इन तीनों की वर्तनी (हिज्जे, स्पेल्लिंग) एक जैसी है किन्तु उच्चारण में बहुत अन्तर होता है |
व्याहृतियाँ जोड़कर और कभी-कभी अतिरिक्त पदों को जोड़कर विधिवत विनियोग करने पर "मन्त्र" कहलाता है |
एक ही गायत्री के सीधे और उलटे पाठ से अनेक प्रकार के मन्त्र बनते हैं |
गायत्री यजुः में वैदिक तान्त्रिक व्याहृतियाँ जोड़कर विशेष पद्धतियों द्वारा सात प्रकार के भिन्न-भिन्न उलटे क्रम से पाठ करने पर सात दिव्यास्त्रों के मन्त्र बनते हैं जो कुपात्रों को नहीं दिए जाते | यदि उनकी विधि विस्तार से बता भी दी जाय तो आज के युग में उतना कठोर तप कोई नहीं कर पायेगा जो उन दिव्यास्त्रों की सिद्धि हेतु अनिवार्य है | दिव्यास्त्रों की सिद्धि केवल यजुर्वेदीय गायत्री यजुः से बने मन्त्रों द्वारा ही हो सकती है, अन्य वेदों की गायत्री से नहीं, क्योंकि धनुर्वेद तो यजुर्वेद का उपवेद है, धनुर्वेद में अन्य वेदों का उपयोग वर्जित है |
किन्तु जब आयुर्वेद में किसी मन्त्र, जैसे कि गायत्री, का प्रयोग करना पड़े तो ऋग्वेद की गायत्री नाम की ऋचा में व्याहृतियाँ जोड़कर मन्त्र बनाने पड़ेंगे, तब यजुर्वेद या सामवेद कार्य नहीं करेगा, क्योंकि ऋग्वेद का उपवेद ही आयुर्वेद है | आयुर्वेदीय दिव्य मन्त्रों की सिद्धि आज के युग में किसी वैद्य को नहीं है, बालकृष्ण या रामदेव ने तो ये बातें कभी सुनी भी नहीं है | सामवेद के मन्त्रों का प्रयोग तो सबसे कठिन है, उसकी लय पर तो सातों लोक नाचते हैं | कलियुग में सामवेद की हज़ार शाखाओं में केवल तीन ही बचे हैं और उनमें भी मन्त्र-प्रयोग कोई नहीं जानता |
मेरी शाखा शुक्ल यजुर्वेद की वाजसनेयी संहिता की माध्यन्दिन शाखा है | इस शाखा के अनेक मन्त्रों का प्रयोग मैं जानता हूँ किन्तु बताना वर्जित है | मन्त्र के जप की संख्या और प्रयोग की विधि में मनमाना परिवर्तन नहीं किया जा सकता | वैदिक मन्त्र की सिद्धि हेतु एक विशेष प्रकार के प्राणायाम के दौरान निर्दिष्ट संख्या में जप करना पड़ता है जो अत्यधिक कठिन है | उदाहरणार्थ, ब्रह्मास्त्र की सिद्धि में एक निखर्व बार गायत्री के विपरीत पाठ के एक विशेष क्रम का तान्त्रिक व्याहृति सहित जप करना पड़ता है, किन्तु कलियुगी लोगों ने "निखर्व" पर अनेक लड्डू बिठाकर इतनी बड़ी संख्या बना दी कि भर दिन कठोर प्राणायाम में जप करते रहे तब भी लगभग बीस लाख वर्ष लग जायेंगे -- अतः निखर्व का आधुनिक अर्थ बकवास है !
*******************************************
उपरोक्त जानकारी कोई नहीं देगा, मैंने इसलिए लिखी है क्योंकि इन मन्त्रों का सही प्रयोग करने वाले बालक अब पढने योग्य उम्र में पँहुच रहे हैं , वे 16अप्रैल से 9 मई के बीच 2003 में पैदा हुए थे जब छ-सात ग्रह उच्च में थे |
*******************************************
( किसी वैदिक मन्त्र का उचित विधि से प्रयोग करने पर उस मन्त्र के देवता फल देते हैं | किन्तु आर्यसमाज तो देवताओं को मानता ही नहीं, अतः मन्त्रों और उनके जप को आर्यसमाज अन्धविश्वास कहता है, जिस कारण मन्त्रों का लाभ आर्यसमाजी नहीं उठा सकते | आर्यसमाज पाणिनी की अष्टाध्यायी को प्रमाण मानता है, जिसमें जप का सस्वर पाठ होना चाहिए ऐसा उल्लेख है | यह वैदिक मन्त्र के जप के बारे में ही कहा गया है | अतः जिस अष्टाध्यायी को आर्यसमाज प्रमाण मानता है, उसी के अनुसार जप की प्रामाणिकता सिद्ध होती है और आर्यसमाज की मान्यता असत्य सिद्ध होती है | इसपर एक लेख पृथक से दूँगा जो सिद्ध कर देगा कि आर्यसमाज के सबसे बड़े व्याकरण-विशारद ब्रह्मदत्त जिज्ञासु जी भी भी अष्टाध्यायी का विकृत अर्थ बताते थे |)
*******************************************
आजकल वाममार्गी तन्त्र के नाम पर जो मन्त्र प्रचलित हैं और उनका जिस वाममार्ग के द्वारा प्रयोग की विधियां ग्रन्थों में मिलती हैं, वे हिन्दू संस्कृति के पतन काल में (गुप्त काल के बाद) लिखी गयीं और हानिकारक हैं |
*******************************************
वैदिक मन्त्र का ज्ञान केवल सच्चे ब्राह्मण को ही देना चाहिए, जो आज के युग में दुर्लभ हैं | ब्राह्मण को धन के लिए वैदिक विद्याओं का कभी भी प्रयोग नहीं करना चाहिए, धन घटे तो भीख माँगना चाहिए, शास्त्रों में बताये ब्राह्मणों वाले कर्म करने चाहिए (गौतम बुद्ध ने भी ब्राह्मणों के लिए यही बात कही है)| नौ ब्रह्म-कर्मों का वर्णन गीता में श्रीकृष्ण ने किया है | जिसमे ये गुण नहीं है वह किसी भी जाति में पैदा हो, ब्राह्मण नहीं है |
*******************************************
"गायन" को वेद मन्त्रों के पाठ में दोष माना जाता है | केवल सामवेद में गान है, किन्तु वहाँ भी आप संगीत के राग लय ताल आदि अपनी ओर से नहीं ठूँस सकते | "मन्त्र" की मनमानी व्याख्या नहीं करनी चाहिए , "मन्त्र" "मन्" धातु से बना है | केवल ब्रह्मा जी और वैदिक ऋषियों के मन में स्वतः मन्त्र प्रकट होते हैं और उनका दिव्य चक्षु द्वारा उन्हें दर्शन होता है, किन्तु उनको भी वेदमन्त्रों को मनमाने तौर पर रचने या उत्पन्न करने का अधिकार नहीं है | ब्रह्मा जी की आयु है 72000 कल्प, जिसके बाद नए ब्रह्मा जी विष्णु-नाभि से निकलते हैं , अतः ब्रह्मा-पद कर्मदेव का पद है, सूर्य की भाँति आजानदेव (अनश्वर) नहीं | किन्तु वेद नश्वर नहीं है | अतः ब्रह्मा जी लोक में वेद को ऋषियों के मन में प्रकट करते हैं, ब्रह्मा जी वेद रचते नहीं हैं | वैदिक "शब्द" नित्य और नियत अर्थ के होते हैं, उनके व्याकरण पर मनमाने विचार थोपने से पाप लगता है | बलपूर्वक ब्रह्मज्ञानी दिखने के लोभ से बचें, जो थोड़ी सी ईश्वर प्राप्ति की सम्भावना कुण्डली में होगी वह भी नष्ट हो जायेगी |
ग्रहणकाल के जप-तप का लाभ अधिक होता है |
ग्रहण से कुछ पहले आरम्भ करें और बाद में जबतक समय और सामर्थ्य हो तबतक करें |
जो मन्त्र मन को सबसे अधिक भाये और शुभ हो उसी के जप का आजीवन अभ्यास करना चाहिए ताकि मरने के बाद जीव वही जप करता हुआ जाए, किसी अशुभ भाव पर ध्यान देते हुए नहीं जाए |
मानसिक जप सर्वोत्तम है, जिसके दो अर्थ हैं - बिना जीभ हिले मन ही मन जप करें, और मन में किसी दूसरे भाव को नहीं आने दें, और यदि आये तो उसी श्वास में त्यागने का सं…
See more
एक प्रश्न आया है - "गायत्री और सावित्री का क्या सम्बन्ध है?"
वैदिक संहिताओं में मन्त्र नहीं होते, ब्राह्मण ग्रन्थों में वर्णित विधि के अनुसार ऋचाओं, यजुओं आदि को मन्त्र में बदलना पड़ता है |
उदाहरणार्थ एक ही गायत्री के हज़ारों प्रकार के मन्त्र बनते हैं | उनमें से एक है "गायत्री मन्त्र", दूसरा है "सावित्री मन्त्र" | उलटे पाठ वाले भी अनेक किस्म की गायत्री होतीं हैं, जैसे कि दिव्यास्त्रों की सिद्धि हेतु प्रयुक्त सात प्रकार की वाममार्गी गायत्री | अधिकाँश मन्त्र या तो लुप्त हो चुके हैं या कलियुग के मनुष्यों में उनकी योग्यता ही नहीं रही |
प्राणायाम द्वारा कुण्डलिनी की शुद्धि में सावित्री का प्रयोग सर्वोत्तम है, इसमें सात व्याहृतियाँ होती हैं जो कुण्डलिनी के सात चक्रों और बाह्य सप्तलोकों की प्रतीक हैं | सिद्धि मिल जाने पर गायत्री सर्वोत्तम है - गायत्री का अर्थ ही है कि अटूट ध्यान बना रहे ऐसी बुद्धि दीजिये, अर्थात यह समाधि का मन्त्र है |
मोक्षप्राप्त ब्रह्मज्ञानी को सामवेद की 'गायत्री-साम' प्राणायाम की ताल पर ब्रह्मलोक ले जाती है, मर्त्यलोक में सामान्य मनुष्य द्वारा उसका पाठ असम्भव है | कोई भी वेदमन्त्र निर्जीव नहीं होता | समूची सृष्टि ब्रह्मा जी द्वारा वेदमन्त्रों के प्रयोग का ही फल है | सूक्ष्म से विराट स्तरों तक सृष्टि की सभी प्रक्रियाएं वेदमन्त्रों की लय पर ही चलती हैं जिसका कुछ्कुछ आभास आधुनिक भौतिकविज्ञान की Superstring Theory में पाया जाता है | सूक्ष्म से विराट स्तरों तक कई अद्भुत गणितीय साम्य पाए जाते हैं जिन्हें न समझ पाने के कारण आधुनिक वैज्ञानिक उन्हें Coincidences कहते हैं | जैसे कि पृथ्वी की अक्षीय पुरस्सरण की आवर्तकाल (period of earth' axial precession, 25771.4 वर्ष) की झलक आणविक Hall's Effect में) | किन्तु आसुरी संस्कार वाले वैज्ञानिक सृष्टि के रहस्य तक नहीं पँहुच सकते, क्योंकि पँहुच गए तो सृष्टि को नष्ट कर डालेंगे |
"मन" के साधन को मन्त्र कहते हैं | मन का लक्षण है "संकल्प"| संकल्प की कल्पना को फल में जो बदल दे उस साधन को मन्त्र कहते हैं | जिस कर्म में उसका प्रयोग हो उसके वेदांग को कल्प कहते हैं | जो फल पूर्व में अनुपस्थित हो उस "अपूर्व" फल की संकल्प द्वारा सृष्टि हेतु देवता के यजन को को यज्ञ कहते हैं |
उसके प्रयोग की विधि जो मनुष्य जाने उसे ब्राह्मण कहते हैं |
किन्तु जिस मनुष्य का मन सांसारिक विषयों की ओर भागे, जो क्षणिक आभासीय सुख के पश्चात अन्ततः "शोक" देती हैं, उसे शूद्र कहते हैं ( - छान्दोग्य उपनिषद्) - उसे वेद का अधिकार नहीं है | छान्दोग्य उपनिषद् में ही रैक्व नाम के शूद्र गाड़ीवान द्वारा द्विज राजा को ब्रह्मज्ञान देने की कथा है | ज्ञानमार्ग में सभी जातियों और वर्णों का समान अधिकार है | किन्तु कर्म तो वर्ण के अनुसार ही होते हैं | कर्म बदलने से वर्ण नहीं बदलता, वर्ण आजीवन स्थिर रहता है | अतः कर्म का जाति से सम्बन्ध है | वर्ण के अनुसार कर्म न हो तो उसे वर्णसंकरता कहते हैं |