Monday, 18 August 2025

Pranayam प्राणायाम की सही विधि

 https://www.facebook.com/vinay.jha.906/posts/pfbid08d3ViLysyvaAact4xRqud4u15p5fuETNoEv9mtKgUqhgF9Gj441R3rzu1mGUzfLml 

प्राणायाम की सही विधि । सही विधि है :--
पूरक,
अन्तः-कुम्भक,
रेचक,
बाह्य कुम्भक ।
पूरक = तीन सावित्री मन्त्र तेजी से पढ़ते हुए सम गति से श्वास अन्दर लेना ।
अन्तः-कुम्भक = तीन सावित्री मन्त्र तेजी से पढ़ते हुए श्वास अन्दर रोकना ।
रेचक = तीन सावित्री मन्त्र तेजी से पढ़ते हुए सम गति से श्वास बाहर त्यागना ।
बाह्य कुम्भक = तीन सावित्री मन्त्र तेजी से पढ़ते हुए श्वास बाहर त्यागकर रोकना ।
बाह्य कुम्भक कष्टदायक है, बाह्य कुम्भक जितना कष्टदायक होगा उतने ही पिछले और वर्तमान जन्मों के प्रकट (क्रियमाण) और छुपे हुए (सञ्चित) कुसंस्कार नष्ट होंगे और सद्-बुद्धि बढ़ेगी । अतः बाह्य कुम्भक सावित्री मन्त्र पढ़ने के बाद भी यदि सम्भव हो तो जो मन्त्र अधिक पसन्द हो वह भी कुछ बार जप लें । प्रातः (और सम्भव हो तो सन्ध्याकाल में भी) नित्यकर्म के पश्चात न्यूनतम तीन प्राणायाम बाएँ नाक से और तीन दाहिने नाक से करने चाहिए : बारी-बारी से, अर्थात पहले बाएँ , फिर दाँए, फिर बाएँ ... ।
बाह्य कुम्भक अचेतन मन के कुसंस्कारों को ध्वस्त करने और पूर्ण चैतन्य बनने का सर्वोत्तम साधन है । इसका कारण यह है कि ऐन्द्रिक वासनाएँ ही कुसंस्कारों की जड़ है, और कष्टकारी बाह्य कुम्भक भोगवादी आसुरी प्रवृत्तियों की जड़ पर ही कुठाराघात करता है । वासनाओं की जकड़ ढीली पड़ने लगती है ।
मोक्षमार्गियों को चार बार प्रत्येक छ घण्टे पर प्राणायामादि करने चाहिए, उनके लिए संख्या और विधि में अन्तर है ।
जिन्हें वैदिक मन्त्र पढ़ने का अधिकार नहीं है वे उतने ही काल तक किसी भी इष्ट मन्त्र का जप कर सकते हैं ।
❀❁❂❃❄❅❆❇❈❉❊❋✿✾✽✼✻✺✹✸✷✶✵✴✳✲✱✰✯✮✭✬✩

"कर्म" और "संस्कार" में परस्पर सम्बन्ध है, क्योंकि कर्मों का समुच्चय ही संस्कार है (सम् + कृ > संस्कार) | मनुष्य संस्कारों के अनुरूप ही कर्म करता है और नए कर्मों के फल संस्कारों में जुड़ते जाते हैं | इन कर्मों के फल भोगने के लिए जन्म लेने पड़ते हैं | इस प्रकार जन्म-मरण का अनवरत चक्र चलता रहता है जिसे "संसार" कहते हैं | इससे मुक्ति पाने के लिए संस्कारों के विपरीत तैरना पड़ता है जिसे वैतरणी-तरना कहते हैं | इसका सर्वोत्तम साधन है प्राणायाम जो प्राण का आयाम धीरे-धीरे बढ़ाकर ब्रह्म तक जीव को पँहुचा सकता है | यही कारण है कि गीता में सभी प्रकार के व्रतों-तपों में प्राणायाम का गुणगान सबसे अधिक किया गया है | 
अतः जबतक मन जानबूझकर ऐन्द्रिक वासनाओं के पीछे भागे और वैसे कर्म भी होते रहें तबतक वेदमन्त्र नहीं पढना चाहिए, वरना छान्दोग्य उपनिषद के ही अनुसार शूद्र यदि वेदमन्त्र पढ़े तो वह शूद्र नष्ट हो जाता है (और समाज को भी क्षति पंहुचाता है क्योंकि हर व्यक्ति समाज से भी जुड़ा रहता है)| ऐसा व्यक्ति प्राणायाम के समय अन्य कोई मन्त्र पढ़ सकता है जो उसे प्रिय हो, या केवल संख्याओं की गिनती कर सकता है, या किसी भी ऐसे विषय का ध्यान कर सकता है को समय के क्रम को सम रखने में सहायक हो |
कुछ अज्ञानियों का कथन है कि बिना मन्त्र वाला प्राणायाम केवल स्वास्थ्य-लाभ के लिए है | केवल स्वास्थ्य-लाभ के लिए कोई भी प्राणायाम नहीं है, किसी भी प्राचीन ग्रन्थ में ऐसी बकवास नहीं है | पतंजलि मुनि स्पष्ट कहते हैं कि प्राणायाम का लाभ है अज्ञान का आवरण नष्ट होना और अन्तरंग-योग में प्रवृत्ति बढ़ना | पतंजलि मुनि के इस कथन की जाँच करना चाहें तो निम्न प्रयोग कर सकते हैं (क्योंकि योग एक प्रायोगिक विज्ञान है) :-
जब कभी लिंग में उत्तेजना का आभास हो तो किसी भी आरामदायक आसन में बैठ या लेट जाएँ और पूरी शक्ति से बाह्य-कुम्भक करें - तबतक साँस छोड़ते रहें और बाहर छोड़कर रोके रहें जबतक फेफड़ा सहन कर सके, लिंग से अपान वायु निकल जायेगी और मन में वासना की प्रबलता समाप्त हो जायेगी ! उस बाह्य कुम्भक में आप किसी भी मन्त्र का प्रयोग करें या न करें, यह लाभ तो होगा ही | जाँच करना चाहें तो आप उस बाह्य कुम्भक में "गधा-गधा" का भी जप कर सकते हैं, उपरोक्त लाभ अवश्य ही होगा | किन्तु ऊँट-पटांग जप करने से आगे की आध्यात्मिक प्रगति अवरुद्ध हो जायेगी, और आजीवन "गधा" जपते रहने से इस बात की सम्भावना बढ़ जायेगी कि इतना कठोर तप करने के बाद भी अगले जन्म में असली गधा बन जाइयेगा |
आजकल बहुत से कलियुगी 'महापुरुष' कुण्डलिनी-जागरण और चक्र-भेदन पर बड़े-बड़े प्रवचन देते हैं | जबतक किसी अन्तर्यामी परमहंस गुरु से आदेश और व्यावहारिक निदेशन न मिले तबतक इन बातों से बचें, ऐसा साहित्य पढने से भी बचें, वरना सर्वनाश का द्वार खुल सकता है और पागलखाना भी पँहुच सकते हैं | ऐसे 'महापुरुषों' से दूरी बनाकर रखें |
उपरोक्त प्राणायाम यदि समुचित आहार-विहार सहित करते रहेंगे तो स्वतः वह समय आयेगा जब ईश्वर सद्-गुरु से सम्पर्क करा देंगे, सावित्री मन्त्र की दीक्षा दिला देंगे, और समय आने पर कुण्डलिनी-जागरण का उपाय भी मिल जाएगा |
गीताप्रेस का "पातंजल-योग-प्रदीप" (हिन्दी) पढ़ें, किसी भी आधुनिक भाषा में योग पर इससे उत्तम ग्रन्थ नहीं है, किन्तु इसमें अत्यधिक विस्तार है जो अज्ञानियों को भटका भी सकता है | अतः पढ़ें तो पूरा ग्रन्थ, किन्तु केवल पतंजलि मुनि के मूल सूत्रों को समझने का प्रयास करें और तदनुसार अष्टांग-योग का अभ्यास करें |
❀❁❂❃❄❅❆❇❈❉❊❋✿✾✽✼✻✺✹✸✷✶✵✴✳✲✱✰✯✮✭✬✩
प्राणायाम के दर्जनों प्रकार हैं, किसी एक प्रकार को सबपर थोपना गलत है | संध्यावन्दन का अनिवार्य भाग है नाड़ी-शोधन प्राणायाम जिसमे 1:1:1:1 अनुपात होता है क्योंकि मन्त्र को छोटा-बड़ा नहीं किया जा सकता | उसके बाद विभिन्न सिद्धियों के लिए कई प्रकार के प्राणायाम हैं , उनमें भी मन्त्र को न तो बदल सकते हैं और न ही छोटा-बड़ा कर सकते हैं, अतः उन सबमें भी 1:1;1:1 का ही अनुपात रहता है , किन्तु वे केवल दीक्षित शिष्यों को सिद्ध योगियों द्वारा ही सिखाये जाते हैं | अन्य प्राणायाम हठयोग के भाग है जो केवल शारीरिक शुद्धि के निमित्त हैं और पतंजलि ऋषि के योग सूत्र में प्राणायाम की परिभाषा के अनुसार उन्हें प्राणायाम माना नहीं जा सकता, क्योंकि योगसूत्र के अनुसार प्राणायाम का शरीर की शुद्धि से कोई सम्बन्ध नहीं है (यद्यपि शरीर को लाभ होता है, वह लाभ केवल बाई-प्रोडक्ट है), प्राणायाम का एकमात्र लाभ है चित्त पर पड़े अज्ञान का आवरण नष्ट होना और धारणा-ध्यान-समाधि की योग्यता में वृद्धि | यह लाभ बिना मन्त्र के सम्भव नहीं | मन्त्र कोई भी हो, पूरक-अन्तःकुम्भक-रेचक-बाह्यकुम्भक में न तो मन्त्रों की संख्या बदली जा सकती है और न ही गति | आम जनता को जो प्राणायाम सिखाये जाते हैं वे असली प्राणायाम नहीं हैं, क्योंकि प्राणायाम है "प्राण के आयाम में वृद्धि" जिसके द्वारा चित्त में फँसा जीव मुक्त होकर आकाश में फैलता है और दूसरे जीवों और अन्य पदार्थों से जुड़ता है (telepathy उसका एक बाई-प्रोडक्ट है, अन्यान्य सिद्धियाँ भी बाई-प्रोडक्ट ही हैं जिनका योगसूत्र के विभूति-पाद में वर्णन है)| दिव्यास्त्रों की सिद्धि भी प्राणायाम द्वारा ही होती है जिनमें विशेष प्रकार के मन्त्रों का प्रयोग होता है (वैदिक सावित्री मन्त्र का विपरीत पाठ, जो वैदिक वाममार्ग है, यह अत्यन्त कठिन है)|
❀❁❂❃❄❅❆❇❈❉❊❋✿✾✽✼✻✺✹✸✷✶✵✴✳✲✱✰✯✮✭✬✩
प्राणायाम किसी भी प्रकार का हो,सदैव वाम नासिका से ही आरम्भ करें । और पूरक से आरम्भ करें । वाम नाड़ी गंगा है ,मन की अधिष्ठात्री ,इसे चन्द्रनाड़ी या इडा भी कहते हैं । पैरासिम्पैथिक नर्वस सिस्टम के लेफ्ट वेगस नर्व के समानान्तर सूक्ष्म शरीर की सूक्ष्म नाड़ी है ।
पहले नाड़ीशोधन−प्राणायाम सन्ध्यावन्दन का अनिवार्य अङ्ग है । पहले वाम से पूरक,तब अन्तःकुम्भक,फिर दाहिने से रेचक और तब बाह्य−कुम्भक । उसके बाद दाहिने से पूरक करते हुए वापस बायें तक । यह हुआ एक जोड़ा । इस प्रकार तीन जोड़ा । मन्त्र लेख में है ।
तीन नाड़ीशोधन तो इस मर्त्यलोक में रहने का दैनिक दण्ड है जो नहीं देने पर अगली बार मानव योनि में आने की सम्भावना भी बहुत घट जायगी,केवल इतने प्राणायामों से पिछले पाप नहीं कटते ।
आरम्भ में मैं भी गिनती भूल जाता था । कठोर बाह्य−कुम्भक करने पर एसा होता है । किन्तु धीरे धीरे अभ्यास हो जायगा ॥ अँगुलियों पर गिनें − पोरों के द्वारा । गिनती का बहुत महत्व है । भूलवश अधिक हो जाय तो हर्ज नहीं,कम होने पर सम्पूर्ण परिश्रम व्यर्थ हो जाता है ।
❀❁❂❃❄❅❆❇❈❉❊❋✿✾✽✼✻✺✹✸✷✶✵✴✳✲✱✰✯✮✭✬✩
❷
नौ वाला प्राणायाम ➔ पहले केवल वाम से ही आठ,एक बार भी दाहिने से नहीं । तब दाहिने से आठ । प्रत्येक बाह्य−कुम्भक के पश्चात यह संकल्प कि मैं अपनी सारी हवियाँ वैश्वानर अग्निदेव को समर्पित कर रहा हूँ । इस प्रकार १६ करने के पश्चात वाम से एक और तब दाहिने से एक — इन दोनों में संकल्प कि मैं अपनी सारी ईच्छाओं का त्याग करके ब्रह्म को समर्पित कर रहा हूँ । यह मोक्षमार्ग का भी प्राणायाम है और सांसारिक सिद्धियों वाला भी । किन्तु फल तभी प्राप्त होता है जब वास्तविक हवियाँ भी वैश्वानर अग्निदेव को समर्पित की जाय − बिना नमक मेल मसाले के केवल हविष्यान्न वाला स्वयंपाक और भोजन करते समय संकल्प कि मैं अपनी सारी हवियाँ वैश्वानर अग्निदेव को समर्पित कर रहा हूँ − जैसा कि गीता में आदेश है । निष्काम कर्मयोग का मार्ग हो या भक्तियोग वा ज्ञानयोग का,इस विधि से सिद्धि शीघ्र मिलती है,चाहे किसी भी प्रकार की सिद्धि हो − किन्तु वेदमार्ग की हो,आसुरी नहीं । ब्रह्मास्त्र की सिद्धि का भी यही तरीका है,किन्तु उसमें संख्या इतनी अधिक है कि कलियुग के मानव कर ही नहीं पायेंगे − परन्तु उसमें भी एक बैठक में १६+२ ही करने पड़ते हैं ।
❀❁❂❃❄❅❆❇❈❉❊❋✿✾✽✼✻✺✹✸✷✶✵✴✳✲✱✰✯✮✭✬✩
नाड़ीशोधन प्राणायाम की संख्या बढ़ाया नहीं जा सकती । किन्तु उसके पश्चात अलग से उसी प्रकार का प्राणायाम हर ६ घण्टे पर ४० − ४० बार करते रहने पर तीन मास के पश्चात ईश्वर से सीधा सम्पर्क हो जायगा,उसके बाद का रास्ता ईश्वर बतायेंगे, वे ही असली गुरु हैं । कलियुग में जप−तप की मात्रा चार गुनी अधिक करनी पड़ती है,अतः ३ मास के बदले १२ मास लगेंगे । बीच में सांसारिक लोगों से सम्पर्क हो तो कुछ अतिरिक्त समय प्रायश्चित के तौर पर लगेगा ।

Tuesday, 21 June 2022

लघु हवन प्रक्रिया

 

💐💐***।। हवन विधि ।।***💐💐 ( सर्व साधारण के लिए सामान्य विधि ) *💐---साधारण व्यक्ति या गृहस्थ्य हवन करना चाहता है पर उसे मालूम नहीं होता हैकि हवन कैसे किया जाता है। अतः चाह कर भी वह अपने धार्मिक कृत्य की पूर्ति नहीं कर पाता है।साधारण विधि का ज्ञान रखने वाला व्यक्ति भी हवन करके अपने मन्त्र और अनुष्ठान को पूर्ण कर सकता है। *💐--हवनपात्र, लकड़ी, गोघृत, आसन, आचमनीय, पुष्प, धूप, दीप, नैवेद्य, स्रुवा आदि को हवनस्थल पर एकत्र कर रखना चाहिए। स्रुवा न हो तो आम्र का पल्लव भी प्रयोग में लाया जाता है। *💐--स्नान कर आसन पर बैठ कर, पूर्वमुख हवन किया जाता है। शुद्धि कर तीन बार आचमन करते हैं। संकल्प ले कर हवन हेतु आम या किन्हीं दूसरी योग्य लकड़ियों को हवन कुंड में स्थापित करते हैं। रुई की बत्ती या कर्पूर से अग्नि को कुंड में जलाते हैं। *💐-- प्रज्वलित अग्नि पर गंध, अक्षत, पुष्प डालते हुए बोला जाता है-- गन्धाक्षतपुष्पाणि समर्पयामि। अग्नये वैश्वानराय नम:। *💐-- जब भी अकेले हवन करना हो तो केवल घी से हवन किया जाता है और एक से अधिक लोग हवन करें तो सामग्री से हवन करना चाहिए। दो छोटे दीप हवन कुंड के वाम (बाएं) भाग में स्थापित कर जल और गंध डाल देते हैं। *💐-- प्रथम चार आहुति अग्नि में केवल घी का डालते हैं :- १- ॐ भू: स्वाहा (बचे घी कीदो बूँद एक दीपमें डालते हैं) २- ॐ भुवः स्वाहा ( " " " " " " "" "" "" "" "" ") ३- ॐ स्वः स्वाहा ( -- -- " -- --- --- --- ---- "" -- ) ४- ॐ प्रजापतये स्वाहा ( """"" """" ""'' "" "" ) कुछ लोग इन चार आहुतियों को निम्नलिखित नामों से अग्नि में डालते हैं १-- ॐ इन्द्राय स्वाहा २-- ॐ अग्नये स्वाहा ३-- ॐ सोमाय स्वाहा ४-- ॐ प्रजापतये स्वाहा ।। ( प्रजापति को उपांशु बुदबुदाते हुये आहुति देते हैं। वाणी ने उन्हें शाप दिया था कि वह उनको हवि नहीं पहुँचाएगी) *💐--इन चार प्रधान आहुतियों को देने के बाद अपनी पूजा या साधना की पूर्ति के लिए अभीष्ट देवता की आहुति दी जाती है। हमारे यहाँ की परम्परा है कि गणेश और गौरी (अम्बिका) को प्रथम आहुति दी जाती है।वैदिक मन्त्र न याद होने की स्थिति में -- ॐ गणपतये स्वाहा ॐ गौर्यै स्वाहा कह कर आहुति दी जाती है। कुछ लोग नवग्रह को एक एक आहुति देते हैं और पृथ्वी पर जल छोड़ते हैं। इसके बाद अपने अनुष्ठान मन्त्र का हवन ११,२७,५४ या १०८ बार करते हैं। *💐-- अंत में पूर्णाहुति करते हैं --- ॐ पूर्णाहूत्यै स्वाहा। इदं पूर्णाहूत्यै न मम।( पृथ्वी पर जल छोड़ते हैं । ) यदि एक से अधिक लोग हवन कर रहे हों तो पूर्णाहुति से पूर्व बचे हुए हवनीय पदार्थ (शाकल्य) को अग्नि में डाल देते हैं-- ॐ अग्नये स्विष्टकृते स्वाहा। एक दीप के जल को जिसमें हवन घी की बूंदें डाली गयी थीं, मध्यमा अनामिका से दोनों पलकों पर लगाते हैं और दूसरे दीप के जल को सिर पर छिड़क लेते हैं। ॐ शांति: ---- शांतिः --- शांतिः ।। *💐-- आरती, क्षमा प्रार्थना करते हुऐ अग्नि का विसर्जन करते हैं। विसर्जन का मन्त्र निम्नवत है --- ॐ यान्तु देव गणा: सर्वे पूजामादय मामकीम्। इष्टकाम - समृध्यर्थम् पुनरागमनाय च ।। *💐-- यह अत्यन्त संक्षिप्त विधि लोकहित के लिए दी गयी है। इसमें विस्तार जितना चाहे किया जा सकता है। एक साधारण श्रद्धालु अपना हवन स्वयं कर ले इसके लिए यह व्यवस्था दी गयी है। *💐-- अग्निवास और ग्रहमुख में आहुति पड़े इसकी व्यवस्था काम्य बड़े अनुष्ठानों में देखी जाती है।छोटे हवन तथा प्रतिदिवसीय हवन में , संस्कारों के हवन में इसे नहीं देखा जाता है। डॉ कामेश्वर उपाध्याय अखिल भारतीय विद्वत्परिषद 💐

Monday, 31 January 2022

पतंजलि योग प्रदीप

 गुरु जी प्रणाम , पतंजलि योग प्रदीप मैं ले आया... - शौर्यवर्धन सिंह राणा (dharmdhara.com)

पोथियों के दुष्प्रभाव

https://www.facebook.com/vinay.jha.906/posts/1197079133636722


पोथी पढ़ने से कोई विद्वान बन सकता तो मैं युवावस्था में ही विद्वान बन गया रहता, क्योंकि दस वर्ष की अवस्था में ही मुझे पोथियाँ चाटने की लत लग गयी थी । बहुत बाद में पता चला कि विद्वान तो क्या, पोथियों के दुष्प्रभाववश मैं सामान्य मनुष्य भी नहीं बन पाया, केवल किताबी-कीड़ा बनकर रह गया ।
गुरूजी ने मुझे सुधारा, बहुत प्राणायाम आदि तप कराये । शारीरिक ही नहीं, मानसिक शीर्षासन भी कराया ताकि किताबी भूसा दिमाग से झड़े । शरीर छोड़ते समय गुरूजी ने तीन आदेश दिए :--
(1) उतना ही पढ़ो जो मरने के बाद भी याद रहे, जो भूलना ही है उसे पढ़कर क्या लाभ ?
(2) उसी से पढ़ो जो सबकुछ जानता हो, जो स्वयं भटक रहा हो उससे तो भटकना ही सीखोगे !
(3) केवल वही विषय पढ़ो जो यहाँ ही नहीं, 'वहाँ' भी काम दे !
वास्तविक ज्ञान तो हर व्यक्ति के भीतर सदैव विद्यमान रहता है, किन्तु सांसारिकता की वासना के नीचे दबा रहता है । योग-सूत्र में पतञ्जलि मुनि ने लिखा कि प्राणायाम करने से ज्ञान पर पड़ा आवरण नष्ट होता है ।

Wednesday, 6 October 2021

💐*** सप्तशती पाठ में संख्या विधान ***💐

https://www.facebook.com/acharyakameshwar/posts/393043065681689

💐*** सप्तशती पाठ में संख्या विधान ***💐
**----- सप्तशती से विशेष प्रयोजन साधने के लिए अलग अलग संख्यामें पाठों की आवृत्ति निर्धारित की गई है।इस संदर्भ में वाराही तन्त्र में विस्तार के साथ दिया गया है।
*- प्रतिदिन नियमित पाठ से भगवती अपने पाठक भक्त का स्वतः कल्याण करती रहती हैं।एक पाठ का उस दिन के लिए कल्याण परक फल मिल जाता है।
*- तीन पाठ का विशिष्ट फल उपद्रव शांति कही गयी है।यदि घर में अज्ञात उपद्रव हो तो तीन पाठ संकल्प पूर्वक करने से उपद्रव शांत हो जाता है- उपसर्गोपशांत्यर्थं त्रिरावृत्तं पठेन्नरः।
*- यदि ग्रहबाधासे परिवार परेशान हो तो ग्रहशांति केलिए संकल्पलेकर पांच पाठ होताहै- ग्रहदोषोपशांत्यर्थंपंचावृत्तं पठेन्नरः।
*- महाभय उत्पन्न होने पर भय मुक्ति के लिए सात पाठ संकल्प पूर्वक किया जाता है- महाभयसमुत्पन्ने सप्तावृत्त- मुदीरयेत्।
*- सप्तशती के नौ पाठ से प्राणभय दूर होता है। वाजपेय यज्ञ का फल मिलता है। परिवार सुखी और निरोग रहता है।गृहशांतिबनीरहतीहै-नवावृत्याभवेच्छान्ति:वाजपेयफलं लभेत्।
*-प्रशासनिक भय,राजभय दूर करने केलिए और विभूति प्राप्ति के लिए ग्यारह पाठ संकल्प पूर्वक किये जाते हैं--
राजवश्याय भूत्यै च रुद्रावृत्तमुदीरयेत्।
*- कामना सिद्धि और वैरिनाश केलिए बारह पाठ संकल्प
पूर्वक किये जाते हैं- अर्कावृत्या काम-सिद्धि:वैरि नाशश्च
जायते।
*- चौदहपाठ से शत्रुवशीकरण होता है- मनुवृत्यारिपुर्वश्य:
*- पन्द्रह पाठ से सौख्य और श्री की प्राप्ति होती है-- सौख्यं पंचदशा-वृत्या ।
*- सोलह पाठ संकल्प पूर्वक कराने से धन-धान्य-पुत्र- पौत्र- वंश वृद्धि होती है-- कलावृत्या पुत्र-पौत्र-धन-धान्य- विवर्धनम् ।
*- सत्तरह अथवा अट्ठारह पाठ द्वारा राजभय दूर होता है और प्रबलशत्रु का उच्चाटन होता है- कुर्यात् सप्तदशावृत्तं
तथाष्टादशकम् प्रिये।
*-महारण जीतने और शत्रु विनाश के लिए बीस पाठ संकल्प पूर्वक किये जाते हैं।
*- कारागार में बंद लोगों को छुड़ाने के लिए पचीस पाठ संकल्प पूर्वक किये जाते हैं--पंचविंशावर्तनात्।
💐- एक से पचीस पाठ तक आवृत्ति का कामना भेद से वर्णन मिलता है। इसके आगे शतचण्डी का उल्लेख मिलता है।
💐- पाठकर्त्ताको देवी सम्प्रदायमें दीक्षित होनाआवश्यक होता है।केवल शब्द और श्लोक का पढ़ना सप्तशती देवी का अनुष्ठान नहीं होता है। दीक्षा और तन्मयी भावना से फल मिलता है।कलि युग में सामग्री की शुद्धता और मन्त्र की शुद्धता बड़ी समस्या है।यदि ये दोनों मिल जायें तो भी चित्त की शुद्धताऔर स्थिरता आजके युवा पाठकर्त्ताओं में अदृश्य होती जा रही है।व्यवसाय बुद्धि से पाठ करनेवालों के कारण वह फल नहीं मिलता जो अपेक्षित होताहै।
अतः पाठ कर्त्ता ब्राह्मण को ढूंढने में बहुत श्रम लगता है।अच्छे पाठ कर्त्ता यदि ब्रह्मचर्य साधना के साथ शांत चित्त पाठ करें तो वह सब कुछ मिलता है जो संकल्पमें योजित होता है।
व्यक्ति और राष्ट्र की समस्या का समाधान सप्तशती में छुपा हुआ है पर इसे बहुत ढूंढने पर विधि की प्राप्ति होती है।
डॉ कामेश्वर उपाध्याय
अखिल भारतीय विद्वत्परिषद

कवच,अर्गला,कीलक

 Link- https://www.facebook.com/acharyakameshwar/posts/410612237258105

💐 सप्तशतीके भीतर कवच,अर्गला,कीलक 💐
**--आज हम सभी लोग जिस कवच/अर्गला/कीलक को पढ़ते हैं वह बहुत बादमें सप्तशती का अंग बनाया गयाहै।
प्राचीनकाल में लोग सप्तशती केही मन्त्रोंसे कवच,अर्गला
कीलक को पढा करते थे।
ढूंढते ढूंढते एक दिन प्रमाण मिल ही गया।रुद्रयामल में कवच केलिए निर्देश दियाहै--शूलेन पाहि नो देवि से लेकर तैरस्मान् रक्ष सर्वतः तक चार मन्त्र कवच केहैं।येचारोंमन्त्र चतुर्थ अध्याय के हैं और इनसे हवन नहीं होता है।इनका अमोघ प्रभाव जीवन में महसूस होता है।इन चार मन्त्रों का जो भी व्यक्ति अधिकाधिक पाठ करता है वह दीर्घायु होता है।
सर्वस्वरूपे सर्वेशे से लेकर त्वां नता वयं तक के पांच मन्त्र अर्गला हैं।ये ग्यारहवें अध्याय के मन्त्र हैं।
त्वं श्रीस्त्वमीश्वरी से लेकर भुशुण्डिपरिघायुधा तक के दो मन्त्र कीलक के हैं।ये प्रथम अध्याय के मन्त्र हैं।
रुद्रयामल का प्रमाणवचन निम्नवत् है ---
शूलेन सर्वतश्चान्ते कवचं सर्वसिद्धिदम्।
सर्वस्वरूपे श्लोकादि वयमन्तार्गला स्तुतिः।।
त्वं श्रीस्त्वमीश्वरीश्लोका वायुधान्ते च कीलकः ।।
इसका उल्लेख सप्तशतीसर्वस्वम् में किया गया है।
**-- यहां परिश्रम से बचने के लिए उन ११ मन्त्रों को कम्पोज कर नहीं दे पा रहा हूँ।इन मंत्रों को सप्तशती में देखा जा सकता है।
💐*--- इस प्रक्रिया को अपनाने से पाठ करने में मात्र ११ मन्त्र ही पढ़ने पड़ते हैं।इनको पढ़ने के लिए विनियोग की आवश्यकता नहीं पड़ती है।केवल संकल्प करना होता है।
" सप्तशती पाठ के अंगभूत कवच/अर्गला/कीलक का मैं पाठ कर रहा हूँ।"
**********************************
जैसे जैसे आगम का विधान बढ़ता गया देवीमाहात्म्य का पाठ सप्तशती के रूप में बढ़ता गया।आज कवच में सार्द्ध
पंचाशत (५०.१/२) श्लोक हैं। अर्गला में २३ और कीलक में १४ हैं।गुरुकीलकपटल में २३ मन्त्र हैं। इन सभी तथ्यों को मेरे द्वारा सम्पादित सप्तशती में तथ्य के साथ प्रति- पादित किया गया है।
जिन लोगो ने कवच में ५५ या ६० श्लोकों को भरा है वे इस बात से अनभिज्ञ हैं कि वाराहीतंत्र ने कवच की देवियों
का क्रमबद्ध नाम दे रखा है।कवच में ९ दुर्गा, ७ सप्त मातृका और ८१ अंगरक्षिका देवियां हैं।यह क्रमबद्ध सूची
कवच को मानक स्वरूप प्रदान करती है।
अर्गला स्तोत्र के मन्त्रों का प्रयोग किन कार्यों की सिद्धि के लिए किया जाता है इसका विवरण भी वाराही तंत्र में क्रमबद्ध दिया हुआ है।अतः वे दो मन्त्र जो बाद में अर्गला स्तोत्र में जोड़े गये हैं आसानी से चिह्नित हो जाते है।
डॉ कामेश्वर उपाध्याय
अ.भा. विद्वत्परिषद

सप्तशती ( चण्डी ) पाठ का क्रम ।।

  सप्तशती ( चण्डी ) पाठ का क्रम ।।

https://www.facebook.com/acharyakameshwar/posts/414348450217817

💐💐
सम्प्रति सप्तशती पाठ की जो विधि प्रचलित है वह निम्नलिखित क्रम में है --
१-- शापोद्धार,उत्कीलन,मृतसंजीवनी विद्या,सप्तशती शापविमोचन ( इनके मन्त्रों का जप आरम्भ में ही होता है।)
२-- देवीकवचं का पाठ
३-- अर्गलास्तोत्र का पाठ
४-- कीलक स्तोत्र का पाठ
५-- रात्रिसूक्त का पाठ
६-- नवार्णमन्त्रन्यासजप
७-- सप्तशती न्यास
८-- सप्तशती के तेरह अध्यायों का पाठ
९-- उत्तरन्यास में सप्तशती न्यास
१०-- नवार्णमन्त्रन्यासजप
११-- शापोद्धार,उत्कीलन,मृतसंजीवनी( सप्तशतीशाप विमोचन नहीं)
१२--देवीसूक्त का पाठ
१३-- रहस्यत्रय
१४-- क्षमाप्रार्थना
ये चौदह महत्त्वपूर्ण क्रम हैं। इनमें से किसी को छोड़ा नहीं जा सकता।इनके अतिरिक्त अन्य जो उपासना की जाती है वह अधिक होती है जिसका कोई क्रम या अन्त नहीं है।
💐** --- शापोद्धार में मूलमंत्र को आरम्भ और अंत में ७ बार जपा जाता है।मन्त्र निम्नवत् है-- ॐ ह्रीं क्लीं श्रीं क्रां
क्रीं चण्डिके देवि शापानुग्रहं कुरु कुरु स्वाहा।( यह मन्त्र थोड़े पाठभेद के साथ भी मिलता है।)प्राचीनप्रति से इसे लिया है।
उत्कीलन मन्त्र आरम्भ और अंत में २१ बार जपा जाता है।मन्त्र निम्नवत् है--ॐ श्रीं क्लीं ह्रीं सप्तशति चण्डिके उत्कीलनं कुरु कुरु स्वाहा।
मृतसंजीवनी मन्त्र आरम्भ और अंत में ७ बार जपा जाता है।मन्त्र निम्नवत् है-- ॐ ह्रीं ह्रीं वं वं ऐं ऐं मृतसंजीवनि विद्ये मृतमुत्थापयोत्थापय क्रीं ह्रीं ह्रीं वं स्वाहा।
सप्तशती शाप विमोचन पाठ के आरम्भ में किया जाता है
अंत में नहीं। मन्त्र निम्नवत् है-- ॐ श्रीं श्रीं क्लीं हूं ॐ ऐं क्षोभय मोहय उत्कीलय उत्कीलय उत्कीलय ठं ठं ।
उत्तर पूजन पाठ समाप्ति के बाद शुरू होता है और इसमें सप्तशती न्यास और नवार्ण न्यास जप के बाद पुनः शापोद्धार,उत्कीलन,मृतसञ्जीवन मन्त्र का जप होता है।
इसके बाद देवीसूक्त का पाठ करके तीनों रहस्यों का पाठ किया जाता है।अंत में क्षमापनस्तोत्र का पाठ कर साष्टांग प्रणाम निवेदित कर पाठ पूर्ण किया जाता है।
पाठ की यह पूर्ण विधि है। इसमें अन्य प्रकार के पाठों को बढाने छूट है पर इसे कम नहीं किया जा सकता।अन्य पाठ को बढानेका आग्रह नहीं किया जा सकता।पाठकर्त्ता
देवी उपासना के अन्य स्तोत्रों को भी पढ़ सकता है।पर वे स्तोत्र या मन्त्र सप्तशती के अंग नहीं होते हैं।
डॉ कामेश्वर उपाध्याय
अखिल भारतीय विद्वत्परिषद