Wednesday, 1 October 2025

गायत्री और सावित्री का क्या सम्बन्ध है - Vinay Jha

 

ऋग्वेद में ऋचाएं हैं जिनका प्रयोग यज्ञ में स्तुति हेतु होता है, सामवेद के साम का गान होता है, यजुर्वेद के यजुः से हवि दी जाती है, अथर्ववेद का मौन मनन ब्रह्मा नाम के पुरोहित को करना चाहिए, किन्तु अब अथर्ववेद का प्रयोग होता ही नहीं है |
मन्त्र इन सबसे पृथक वस्तु है | मन्त्र की दीक्षा और प्रयोग की विधि गोपनीय है, केवल दीक्षित व्यक्ति को ही दी जाती है |
ब्राह्मण-ग्रन्थों और कल्पसूत्रों की सहायता से प्रशिक्षित पुरोहित आवश्यकतानुसार वैदिक छन्दों से मन्त्र बनाते हैं | उदाहरणार्थ, "गायत्री" नाम की ऋचा ऋग्वेद में है, उसी नाम का यजुः यजुर्वेद में है, उसी नाम का साम सामवेद में है, इन तीनों की वर्तनी (हिज्जे, स्पेल्लिंग) एक जैसी है किन्तु उच्चारण में बहुत अन्तर होता है |
व्याहृतियाँ जोड़कर और कभी-कभी अतिरिक्त पदों को जोड़कर विधिवत विनियोग करने पर "मन्त्र" कहलाता है |
एक ही गायत्री के सीधे और उलटे पाठ से अनेक प्रकार के मन्त्र बनते हैं |
गायत्री यजुः में वैदिक तान्त्रिक व्याहृतियाँ जोड़कर विशेष पद्धतियों द्वारा सात प्रकार के भिन्न-भिन्न उलटे क्रम से पाठ करने पर सात दिव्यास्त्रों के मन्त्र बनते हैं जो कुपात्रों को नहीं दिए जाते | यदि उनकी विधि विस्तार से बता भी दी जाय तो आज के युग में उतना कठोर तप कोई नहीं कर पायेगा जो उन दिव्यास्त्रों की सिद्धि हेतु अनिवार्य है | दिव्यास्त्रों की सिद्धि केवल यजुर्वेदीय गायत्री यजुः से बने मन्त्रों द्वारा ही हो सकती है, अन्य वेदों की गायत्री से नहीं, क्योंकि धनुर्वेद तो यजुर्वेद का उपवेद है, धनुर्वेद में अन्य वेदों का उपयोग वर्जित है |
किन्तु जब आयुर्वेद में किसी मन्त्र, जैसे कि गायत्री, का प्रयोग करना पड़े तो ऋग्वेद की गायत्री नाम की ऋचा में व्याहृतियाँ जोड़कर मन्त्र बनाने पड़ेंगे, तब यजुर्वेद या सामवेद कार्य नहीं करेगा, क्योंकि ऋग्वेद का उपवेद ही आयुर्वेद है | आयुर्वेदीय दिव्य मन्त्रों की सिद्धि आज के युग में किसी वैद्य को नहीं है, बालकृष्ण या रामदेव ने तो ये बातें कभी सुनी भी नहीं है | सामवेद के मन्त्रों का प्रयोग तो सबसे कठिन है, उसकी लय पर तो सातों लोक नाचते हैं | कलियुग में सामवेद की हज़ार शाखाओं में केवल तीन ही बचे हैं और उनमें भी मन्त्र-प्रयोग कोई नहीं जानता |
मेरी शाखा शुक्ल यजुर्वेद की वाजसनेयी संहिता की माध्यन्दिन शाखा है | इस शाखा के अनेक मन्त्रों का प्रयोग मैं जानता हूँ किन्तु बताना वर्जित है | मन्त्र के जप की संख्या और प्रयोग की विधि में मनमाना परिवर्तन नहीं किया जा सकता | वैदिक मन्त्र की सिद्धि हेतु एक विशेष प्रकार के प्राणायाम के दौरान निर्दिष्ट संख्या में जप करना पड़ता है जो अत्यधिक कठिन है | उदाहरणार्थ, ब्रह्मास्त्र की सिद्धि में एक निखर्व बार गायत्री के विपरीत पाठ के एक विशेष क्रम का तान्त्रिक व्याहृति सहित जप करना पड़ता है, किन्तु कलियुगी लोगों ने "निखर्व" पर अनेक लड्डू बिठाकर इतनी बड़ी संख्या बना दी कि भर दिन कठोर प्राणायाम में जप करते रहे तब भी लगभग बीस लाख वर्ष लग जायेंगे -- अतः निखर्व का आधुनिक अर्थ बकवास है !
*******************************************
उपरोक्त जानकारी कोई नहीं देगा, मैंने इसलिए लिखी है क्योंकि इन मन्त्रों का सही प्रयोग करने वाले बालक अब पढने योग्य उम्र में पँहुच रहे हैं , वे 16अप्रैल से 9 मई के बीच 2003 में पैदा हुए थे जब छ-सात ग्रह उच्च में थे |
*******************************************
( किसी वैदिक मन्त्र का उचित विधि से प्रयोग करने पर उस मन्त्र के देवता फल देते हैं | किन्तु आर्यसमाज तो देवताओं को मानता ही नहीं, अतः मन्त्रों और उनके जप को आर्यसमाज अन्धविश्वास कहता है, जिस कारण मन्त्रों का लाभ आर्यसमाजी नहीं उठा सकते | आर्यसमाज पाणिनी की अष्टाध्यायी को प्रमाण मानता है, जिसमें जप का सस्वर पाठ होना चाहिए ऐसा उल्लेख है | यह वैदिक मन्त्र के जप के बारे में ही कहा गया है | अतः जिस अष्टाध्यायी को आर्यसमाज प्रमाण मानता है, उसी के अनुसार जप की प्रामाणिकता सिद्ध होती है और आर्यसमाज की मान्यता असत्य सिद्ध होती है | इसपर एक लेख पृथक से दूँगा जो सिद्ध कर देगा कि आर्यसमाज के सबसे बड़े व्याकरण-विशारद ब्रह्मदत्त जिज्ञासु जी भी भी अष्टाध्यायी का विकृत अर्थ बताते थे |)
*******************************************
आजकल वाममार्गी तन्त्र के नाम पर जो मन्त्र प्रचलित हैं और उनका जिस वाममार्ग के द्वारा प्रयोग की विधियां ग्रन्थों में मिलती हैं, वे हिन्दू संस्कृति के पतन काल में (गुप्त काल के बाद) लिखी गयीं और हानिकारक हैं |
*******************************************
वैदिक मन्त्र का ज्ञान केवल सच्चे ब्राह्मण को ही देना चाहिए, जो आज के युग में दुर्लभ हैं | ब्राह्मण को धन के लिए वैदिक विद्याओं का कभी भी प्रयोग नहीं करना चाहिए, धन घटे तो भीख माँगना चाहिए, शास्त्रों में बताये ब्राह्मणों वाले कर्म करने चाहिए (गौतम बुद्ध ने भी ब्राह्मणों के लिए यही बात कही है)| नौ ब्रह्म-कर्मों का वर्णन गीता में श्रीकृष्ण ने किया है | जिसमे ये गुण नहीं है वह किसी भी जाति में पैदा हो, ब्राह्मण नहीं है |
*******************************************
"गायन" को वेद मन्त्रों के पाठ में दोष माना जाता है | केवल सामवेद में गान है, किन्तु वहाँ भी आप संगीत के राग लय ताल आदि अपनी ओर से नहीं ठूँस सकते | "मन्त्र" की मनमानी व्याख्या नहीं करनी चाहिए , "मन्त्र" "मन्" धातु से बना है | केवल ब्रह्मा जी और वैदिक ऋषियों के मन में स्वतः मन्त्र प्रकट होते हैं और उनका दिव्य चक्षु द्वारा उन्हें दर्शन होता है, किन्तु उनको भी वेदमन्त्रों को मनमाने तौर पर रचने या उत्पन्न करने का अधिकार नहीं है | ब्रह्मा जी की आयु है 72000 कल्प, जिसके बाद नए ब्रह्मा जी विष्णु-नाभि से निकलते हैं , अतः ब्रह्मा-पद कर्मदेव का पद है, सूर्य की भाँति आजानदेव (अनश्वर) नहीं | किन्तु वेद नश्वर नहीं है | अतः ब्रह्मा जी लोक में वेद को ऋषियों के मन में प्रकट करते हैं, ब्रह्मा जी वेद रचते नहीं हैं | वैदिक "शब्द" नित्य और नियत अर्थ के होते हैं, उनके व्याकरण पर मनमाने विचार थोपने से पाप लगता है | बलपूर्वक ब्रह्मज्ञानी दिखने के लोभ से बचें, जो थोड़ी सी ईश्वर प्राप्ति की सम्भावना कुण्डली में होगी वह भी नष्ट हो जायेगी |
ग्रहणकाल के जप-तप का लाभ अधिक होता है |
ग्रहण से कुछ पहले आरम्भ करें और बाद में जबतक समय और सामर्थ्य हो तबतक करें |
जो मन्त्र मन को सबसे अधिक भाये और शुभ हो उसी के जप का आजीवन अभ्यास करना चाहिए ताकि मरने के बाद जीव वही जप करता हुआ जाए, किसी अशुभ भाव पर ध्यान देते हुए नहीं जाए |
मानसिक जप सर्वोत्तम है, जिसके दो अर्थ हैं - बिना जीभ हिले मन ही मन जप करें, और मन में किसी दूसरे भाव को नहीं आने दें, और यदि आये तो उसी श्वास में त्यागने का सं…
See more
एक प्रश्न आया है - "गायत्री और सावित्री का क्या सम्बन्ध है?"
वैदिक संहिताओं में मन्त्र नहीं होते, ब्राह्मण ग्रन्थों में वर्णित विधि के अनुसार ऋचाओं, यजुओं आदि को मन्त्र में बदलना पड़ता है |
उदाहरणार्थ एक ही गायत्री के हज़ारों प्रकार के मन्त्र बनते हैं | उनमें से एक है "गायत्री मन्त्र", दूसरा है "सावित्री मन्त्र" | उलटे पाठ वाले भी अनेक किस्म की गायत्री होतीं हैं, जैसे कि दिव्यास्त्रों की सिद्धि हेतु प्रयुक्त सात प्रकार की वाममार्गी गायत्री | अधिकाँश मन्त्र या तो लुप्त हो चुके हैं या कलियुग के मनुष्यों में उनकी योग्यता ही नहीं रही |
प्राणायाम द्वारा कुण्डलिनी की शुद्धि में सावित्री का प्रयोग सर्वोत्तम है, इसमें सात व्याहृतियाँ होती हैं जो कुण्डलिनी के सात चक्रों और बाह्य सप्तलोकों की प्रतीक हैं | सिद्धि मिल जाने पर गायत्री सर्वोत्तम है - गायत्री का अर्थ ही है कि अटूट ध्यान बना रहे ऐसी बुद्धि दीजिये, अर्थात यह समाधि का मन्त्र है |
मोक्षप्राप्त ब्रह्मज्ञानी को सामवेद की 'गायत्री-साम' प्राणायाम की ताल पर ब्रह्मलोक ले जाती है, मर्त्यलोक में सामान्य मनुष्य द्वारा उसका पाठ असम्भव है | कोई भी वेदमन्त्र निर्जीव नहीं होता | समूची सृष्टि ब्रह्मा जी द्वारा वेदमन्त्रों के प्रयोग का ही फल है | सूक्ष्म से विराट स्तरों तक सृष्टि की सभी प्रक्रियाएं वेदमन्त्रों की लय पर ही चलती हैं जिसका कुछ्कुछ आभास आधुनिक भौतिकविज्ञान की Superstring Theory में पाया जाता है | सूक्ष्म से विराट स्तरों तक कई अद्भुत गणितीय साम्य पाए जाते हैं जिन्हें न समझ पाने के कारण आधुनिक वैज्ञानिक उन्हें Coincidences कहते हैं | जैसे कि पृथ्वी की अक्षीय पुरस्सरण की आवर्तकाल (period of earth' axial precession, 25771.4 वर्ष) की झलक आणविक Hall's Effect में) | किन्तु आसुरी संस्कार वाले वैज्ञानिक सृष्टि के रहस्य तक नहीं पँहुच सकते, क्योंकि पँहुच गए तो सृष्टि को नष्ट कर डालेंगे |
"मन" के साधन को मन्त्र कहते हैं | मन का लक्षण है "संकल्प"| संकल्प की कल्पना को फल में जो बदल दे उस साधन को मन्त्र कहते हैं | जिस कर्म में उसका प्रयोग हो उसके वेदांग को कल्प कहते हैं | जो फल पूर्व में अनुपस्थित हो उस "अपूर्व" फल की संकल्प द्वारा सृष्टि हेतु देवता के यजन को को यज्ञ कहते हैं |
उसके प्रयोग की विधि जो मनुष्य जाने उसे ब्राह्मण कहते हैं |
किन्तु जिस मनुष्य का मन सांसारिक विषयों की ओर भागे, जो क्षणिक आभासीय सुख के पश्चात अन्ततः "शोक" देती हैं, उसे शूद्र कहते हैं ( - छान्दोग्य उपनिषद्) - उसे वेद का अधिकार नहीं है | छान्दोग्य उपनिषद् में ही रैक्व नाम के शूद्र गाड़ीवान द्वारा द्विज राजा को ब्रह्मज्ञान देने की कथा है | ज्ञानमार्ग में सभी जातियों और वर्णों का समान अधिकार है | किन्तु कर्म तो वर्ण के अनुसार ही होते हैं | कर्म बदलने से वर्ण नहीं बदलता, वर्ण आजीवन स्थिर रहता है | अतः कर्म का जाति से सम्बन्ध है | वर्ण के अनुसार कर्म न हो तो उसे वर्णसंकरता कहते हैं |
 

पतञ्जलि मुनि ने कहा कि प्राणायाम - Vinay Jha

 

क्या आपने कभी किसी को बुद्धि माँगने के लिए मन्दिर जाते या यज्ञ करते या जप-तप करते देखा है ? किन्तु दुश्मनों के लिए लोग अक्सर बुद्धि माँगते हैं -- "हे भगवान्, अमुक मुझे बहुत परेशान करता है, उसे बुद्धि दीजिये!"
हिन्दुओं का सबसे महान मन्त्र "गायत्री" माना जाता है जो बुद्धि माँगने की प्रार्थना है । किन्तु लोग गायत्री जपते भी हैं तो दूसरे उद्देश्यों से, बुद्धि कितने लोग माँगते हैं ?
हम तो ऋषियों की भाँति गँवार हैं, गाँवों की बात कहेंगे । गाँवों में कहावत है कि अपनी बुद्धि और दूसरों का धन सबको अधिक दिखता है । यही कारण है कि दूसरों को लोग खुले हृदय से बुद्धि देते हैं -- बिन मांगे ! कितनी सस्ती चीज है 'बुद्धि', मुफ्त में बिन माँगे मिलती है !!!
पतञ्जलि मुनि ने कहा कि प्राणायाम करने से ज्ञान को ढाँपने वाला अविद्यारूपी आवरण नष्ट होता है, अर्थात बुद्धि बढ़ती है । लेकिन बाबा रामदेव जानते हैं कि यह बात लोगों से कहेंगे तो शायद ही कोई व्यक्ति प्राणायाम करेगा । अतः प्राणायाम के छोटे-मोटे शारीरिक साइड-इफ़ेक्ट ही बाबा रामदेव बतलाते हैं, बुद्धि बढ़ाने की बात नहीं कहते ।
प्राणायाम की सही विधि का कलियुगी भौतिकवादी लेखक उल्लेख तक नहीं करते, संस्कृत के पण्डित भी सन्ध्यावन्दन की पुस्तकों में शॉर्टकट बतलाते हैं क्योंकि भोग-विलास करने वालों को एक क्षण की तपस्या भी असह्य है । सही विधि है :--
पूरक,
अन्तः-कुम्भक,
रेचक,
बाह्य कुम्भक ।
पूरक = तीन सावित्री मन्त्र तेजी से पढ़ते हुए सम गति से श्वास अन्दर लेना ।
अन्तः-कुम्भक = तीन सावित्री मन्त्र तेजी से पढ़ते हुए श्वास अन्दर रोकना ।
रेचक = तीन सावित्री मन्त्र तेजी से पढ़ते हुए सम गति से श्वास बाहर त्यागना ।
बाह्य कुम्भक = तीन सावित्री मन्त्र तेजी से पढ़ते हुए श्वास बाहर त्यागकर रोकना ।
बाह्य कुम्भक कष्टदायक है, अतः अधिकाँश लेखक स्वयं भी नहीं करते और पुस्तकों से भी हटा देते हैं । बाह्य कुम्भक जितना कष्टदायक होगा उतने ही पिछले और वर्तमान जन्मों के प्रकट (क्रियमाण) और छुपे हुए (सञ्चित) कुसंस्कार नष्ट होंगे और सद्-बुद्धि बढ़ेगी । अतः बाह्य कुम्भक सावित्री मन्त्र पढ़ने के बाद भी यदि सम्भव हो तो जो मन्त्र अधिक पसन्द हो वह भी कुछ बार जप लें । प्रातः (और सम्भव हो तो सन्ध्याकाल में भी) नित्यकर्म के पश्चात न्यूनतम तीन प्राणायाम बाएँ नाक से और तीन दाहिने नाक से करने चाहिए : बारी-बारी से, अर्थात पहले बाएँ , फिर दाँए, फिर बाएँ ... ।
मोक्षमार्गियों को चार बार प्रत्येक छ घण्टे पर प्राणायामादि करने चाहिए, उनके लिए संख्या और विधि में अन्तर है ।
जिन्हें वैदिक मन्त्र पढ़ने का अधिकार नहीं है वे उतने ही काल तक किसी भी इष्ट मन्त्र का जप कर सकते हैं ।
भौतिकता हो या अभौतिकता, मन को जिसकी लत लग चुकी है उससे मन कभी नहीं भरता । मन पर न्यूटन के जड़त्व का नियम लागू है, न्यूटन से बहुत पहले ही विश्व के पहले मुनि कपिल ऋषि ने घोषणा कर दी थी कि मन जड़ तत्व है अतः बिना चैतन्य प्रयास के अपनी आदतों से बाज नहीं आता, मन जिस अवस्था में है उसी में रहना चाहता है जबतक बाह्य बल न लगे (प्राणायाम सबसे तगड़ा बल है)। गीता में श्रीकृष्ण ने भी कहा कि मन बड़ा बलवान है किन्तु अभ्यास करते रहने से धीरे-धीरे वश में आ जाता है । मन जैसे जड़ तत्वों के पाश से मुक्त होकर जीव जब आत्मतत्व में, अर्थात अपने वास्तविक स्वरूप में स्थित होने का प्रयास करता है तो इसे अध्यात्म कहते हैं (गीता)।
मूलबन्ध के बिना कठोर प्राणायाम कभी नहीं करना चाहिए। विस्तार से खुलासा करना व्यर्थ है, क्योंकि ऐसा कठोर प्राणायाम (जो ऊर्ध्वरेता बना दे) विरले ही कर सकते हैं । अन्य बन्ध विशिष्ट प्रयोजनों के लिए होते हैं । घेरण्ड संहिता पढ़ें, इन्टरनेट पर मुफ्त में उपलब्ध है (गूगल सर्च का प्रयोग करें)।
 

श्वास लेने और त्यागने में असमानता - Vinay Jha

 

श्वास लेने और त्यागने में असमानता जितनी अल्प होगी संस्कारों में सात्विकता उतनी ही बढ़ेगी । सात्विकता बढ़ेगी तो श्वास की गति अपने आप घटने लगेगी,सिद्धि हो जाने पर समाधि में श्वास रोकी भी जा सकती है ।
सबसे आसान योगमार्ग है सदैव साँस लेने और छोड़ने में एकसमान समय लगे इसपर ध्यान लगाना । इसका आसान उपाय है शवासन में जप की संख्या द्वारा ऐसा करना । महेश योगी जी ने जप के बदले केवल संख्याओं को गिनकर ऐसा करना सिखाया जो केवल शारीरिक लाभ ही देगा अतः सही नहीं है । मुसलमान भी यदि सामान्य साँस लेने में चार बार “अल्लाह अल्लाह” जप सकता है तो साँस छोड़ने में भी चार बार ही जपना चाहिये,तब अल्लाह उसे सात्विक बातें सिखाने लगेंगे ।
अन्य सारे कर्म करते समय भी — शौचालय में भी — ऐसा ही अभ्यास करते रहेंगे तो धीरे धीरे समाधि की ओर प्रगति होने लगेगी । जो देवी या देवता अधिक भाये उसी को जपें ताकि मन को भटकने से रोक सकें । किन्तु ओशो की तरह गन्दी चीज पर ध्यान न लगायें ।
कम्युनिष्टों के स्थूल भौतिकवादी भेजे में मार्क्स का मोटा और क्लिष्ट ‘दास कापिताल’ नहीं घुसता,अतः उपरोक्त विधि से वे ‘मार्क्स−मार्क्स’ ही जपते हुए श्वास को नियमित करेगे तो अवश्य लाभ होगा और अन्ततः मार्क्सवाद का भूसा झड़ने लगेगा । (योगसाधना करने से जैसे मार्क्सवाद का भूसा झड़ेगा,वैसे ही अल्लाह भी ⋅⋅⋅⋅)
ओशो के चेलों को ओशो की विधि से क्षति ही पँहुचेगी,वे ‘ओशो ओशो’ जपते हुए श्वास को नियमित करेगे तो अवश्य लाभ होगा ।
अन्धभक्तों को सनातनी धर्मशास्त्र आउट−अॅव−डेट लगता है,वे “हर हर मोदी” जपते हुए श्वास को नियमित करेगे तो अवश्य लाभ होगा । महत्व है श्वासों को नियमित करने का । मन्त्र वही बेहतर जो भक्त मन भाये!धीरे−धीरे अन्धभक्ति का अन्धेरा छँटने लगेगा ।
संस्कारों में तामसिक गुणों का प्राबल्य रहता है तो श्वास लेने में अल्प समय लगता है क्योंकि तामसिक जीव को ऑक्सीजन की अधिक आवश्यकता होती है ।
भोजन पचाने के लिये ऑक्सीजन चाहिये,अतः तामसिक जीव को भोजन भी अधिक चाहिये ।
भोजन अधिक करेगा तो कर्म अधिक करेगा ।
कर्म अधिक करेगा तो फल अधिक भोगेगा ।
फल अधिक भोगने के लिये संसार में अधिक बार टपकेगा ।
अच्छे कर्म करने के लिये अच्छे माता−पिता और अच्छे गुरु आदि चाहिये जो दुर्लभ हैं । अतः अधिक कर्म करने की आदत रहेगी तो अधिकांशतः बुरे या अनावश्यक कर्म ही अधिक होंगे ।
अतः वैसे कर्म करने से बेहतर है कि कुछ न करें और बैठकर या लेटकर श्वासों को नियमित करें । आसन−प्राणायाम आदि और आहार−विहार का नियमन करेंगे तो लाभ बढ़ जायगा ।
मन में विभिन्न ईच्छायें और वासनायें ही कर्म कराती हैं । निष्काम कर्म कोई फल उत्पन्न नहीं करता अतः अकर्म ही माना जाता है । किन्तु निष्काम कर्म बड़े अभ्यास द्वारा ही सीखा जा सकता है ।
काहे का विकास?काहे की प्रगति?बाल−बच्चों और पत्नी या बूढ़े माँ−बाप का भार कन्धों पर है तो उचित कर्म करना कर्तव्य है,कोई भार नहीं है तो मलूकदास बनें । अजगर करे न चाकरी,पञ्छी करे न काम⋅⋅⋅⋅⋅⋅⋅
**********************
उपरोक्त लेख के अनुसार करेंगे तो पहले ही दिन से अपूर्व आनन्द की अनुभूति होने लगेगी । सात्विकता बढ़ेगी । भोजन घटेगा । नीन्द की आवश्यकता घटने लगेगी । सदा मन प्रसन्न रहेगा । विपरीत परिस्थितियों में भी मन का सन्तुलन बना रहेगा । अन्दर्दृष्टि बढ़ेगी । क्लिष्ट बातों का अर्थ अनायास लगने लगेगा । लोगों को ठीक से पहचानने लगेंगे । बाद में सोम या दिव्य मादकता आदि जो कुछ चाहेंगे सब मिलेगा । वह चीज खोजने से नहीं मिलती,सही मार्ग पर चलने से स्वतः मिलती है । वैसी चीजें खोजना पाप है,ईश्वर कृपा करते हैं तब मिलती है । जीवन और मृत्यु के चक्कर से ऊपर उठने लगेंगे ।
**********************
पतञ्जलि मुनि के योगयूत्र के साधनपाद के सूत्र ४९ में प्राणायाम की मौलिक परिभाषा दी गयी है । भौतिक वायु के आगम−निर्गम को धीरे−धीरे जब पूरी तरह रोक लिया जाय तब जाकर प्राण का आयाम सार्वत्रिक ब्रह्म से एकीकृत होकर कैवल्य की अवस्था दिला सकेगा । कोई भाष्यकार इतनी स्पष्टता से ऐसा अर्थ नहीं बतायेगा । किन्तु मूल सूत्र को सम्पूर्ण योगदर्शन के अन्तिम लक्ष्य के सन्दर्भ में समझने का प्रयास करेगे तो भ्रान्ति नहीं रहेगी ।
उसके बाद सूत्र ५० में सामान्य प्राणायाम का उल्लेख है जिसके दर्जनों भेद विभिन्न ग्रन्थों में मिलेंगे । प्रस्तुत लेख का वह विषय ही नहीं है । सूत्र ५१ का अर्थ क्या है यह सूत्र−४९ की मौलिक परिभाषा के सन्दर्भ में समझने का प्रयास करें । “चतुर्थ प्राणायाम” में बाह्य या अन्तः कुम्भक होता ही नहीं है,समस्त मानसिक विषयों (कामनाओं) को शारीरिक विषयों (श्वासों) के साथ निकालना है ताकि श्वास घटते घटते पूरी तरह रुक जाय । श्वास पूरी तरह रुकता है,किन्तु इसे आप गवाहों को बुलाकर सत्यापित नहीं कर सकते,क्योंकि ऐसा तभी सम्भव है जब ईश्वर के सिवा कोई गवाह न हो और मन में कोई ईच्छा न हो ।
 
 

सही विधि द्रुतपाठ की है Pranyaam - Vinay Jha

प्राणायाम पर अभी एक प्रश्न आया है —

“अगर तीन सावित्री मन्त्र सम गति से श्वास लेने मे समस्या हो तो एक या दो सावित्री मन्त्र लिया लिया जा सकता है, एक सावित्री मंत्र लेने मे 4 से 5 सेकण्ड का समय लग जाता है”।
उत्तर =
सामान्य तरीके से मन्त्र पढ़ेंगे तो अधिकांश लोग प्राणायाम कर ही नहीं पायेंगे । सही विधि द्रुतपाठ की है,आँख बन्द करके मन्त्र के एक−एक अक्षर को द्रुतगति से सामने से उड़कर आते और सिर के ऊपर से पीछे जाते हुए देखना,किन्तु हर अक्षर स्पष्ट दिखना चाहिये । मन को पूर्णतया एकाग्र करने से ऐसा सम्भव है । मानसिक जप की यह सही विधि है जो जप की सर्वोत्तम विधि है । प्राणायाम के अलावा अन्य किसी जप में भी इसी विधि का प्रयोग करना चाहिए । सिद्धि हो जाने पर ‘मन्त्रदर्शन’ होने लगता है और मन्त्र अपने रङ्ग आदि विभिन्न लक्षणों का भी स्वतः दर्शन देने लगते हैं ।
सामान्य मनुष्य को औसतन एक मिनट में एक प्राणायाम करना चाहिए,अर्थात् वाम वा दक्षिण किसी नासिका से तीन−तीन करके पूरक अन्तःकुम्भक रेचक बाह्यकुम्भक मे कुल १२ सावित्री मन्त्र । अतः पाँच सेकण्ड में एक सावित्री मन्त्र । श्वास की कठिनाई हो तो गति कुछ बढ़ायी जा सकती है,एक मिनट के स्थान पर ५४ सेकण्ड में एक प्राणायाम,अर्थात् साढ़े चार सेकण्ड में एक सावित्री मन्त्र । यम नियम आसन आदि सहित आहार−विहार की शुद्धि के प्रयास करते रहने पर ही प्राणायाम की क्षमता मिलेगी । प्राणायाम की क्षमता नहीं है तो क्षमता अर्जित करें,न कि मन्त्र के अक्षरों या संख्या से छेड़छाड़ । प्राणायाम योग का चौथा चरण है,पहले तीन चरणों यम नियम आसन के अभ्यास के उपरान्त ही चौथे चरण की क्षमता मिलेगी ।
 

लगभग एक मिनट में एक प्राणायाम होना चाहिए - Vinay Jha

 

प्राणायाम
Dashrath Prasad Singh जी का प्रश्न है=
“प्राणायाम वाले आप के कई पोस्ट पढ़े पर सावित्री मंत्र सहित वाला प्राणायाम मेरे द्वारा नहीं हो पाया क्यों कि मन में बोलने में ही एक बार में तीस सेकेंड लग जाता है। क्या गलती हो रही है? करने में या समझने में ? मार्ग दर्शन करें !”
उत्तर=
लगभग एक मिनट में एक प्राणायाम होना चाहिए,अर्थात् लगभग १५ से १८ सेकण्ड में पूरक,१५ से १८ सेकण्ड में अन्तः कुम्भक,१५ से १८ सेकण्ड में रेचक तथा १५ से १८ सेकण्ड में बाह्य कुम्भक ।
१५ से १८ सेकण्ड में तीन बार सावित्री पढ़ने का अर्थ है ५−६ सेकण्ड में एक बार सातों व्याहृति सहित पूरी सावित्री ।
५−६ के बदले ३० सेकण्ड लगे तो आप किसी गम्भीर रोग से ग्रस्त हैं । परन्तु आपका फेफड़ा बलवान है यह आपकी कुण्डली में मैं देख रहा हूँ । आपका धर्मभाव भी कुण्डली में शुभ है । अतः तीन मन्त्रों को आप “एक” कह रहे हैं । तब भी ३० के बदले लगभग १५ से १८ सेकण्ड ही लगने चाहिए, ३० सेकण्ड लगें तो आप प्राणायाम कर ही नहीं सकेंगे ।
गड़बड़ी शरीर में नहीं,मन में है । यह गड़बड़ी हर व्यक्ति में होती है,आरम्भिक चरण में मन प्राणायाम करने में अनेक बाधाओं को खड़ा करेगा क्योंकि अनन्त जन्मों के गलत अभ्यास (habit) के कारण मन प्राणायाम का स्वभावतः विरोधी होता है । मन पर नियन्त्रण का एकमात्र कारगर उपाय प्राणायाम है, अतः मन प्राणायाम को अपना शत्रु समझता है । मन का अधिकांश अचेतन रहता है,प्राणायाम द्वारा ही वह सचेत हो सकता है ।
अतएव किसी भी प्रकार बलपूर्वक प्राणायाम करें,तीव्र गति से मन्त्र के अक्षरों को बारी−बारी से सामने से आते हुए और सिर के ऊपर से होकर पीछे जाते हुए देखें,जिह्वा मत हिलायें । इस प्रकार गति बढ़ेगी । यह मानसिक जप है जिसका लाभ पूर्ण कहा गया है । जिह्वा हिले किन्तु ध्वनि न निकले तो वह उपांशु जप है जिसका लाभ आधा है । ध्वनि निकले तो चतुर्थांश लाभ है । लाउस्पीकर पर मन्त्रपाठ करेंगे तो लाभ बिल्कुल नहीं,बल्कि हानि की सम्भावना है ।
मानसिक मन्त्रजप के समय मन्त्र को उपरोक्त विधि द्वारा देखने का भी प्रयास करेंगे तो मन्त्र पर ध्यान केन्द्रित रहेगा,इधर−उधर भटकेगा नहीं । इस प्रकार लाभ भी बढ़ेगा और धारणा − ध्यान − समाधि की योग्यता धीरे−धीरे बढ़ेगी ।
जिनको वेदमन्त्र का आदेश नहीं है वे अपने इष्ट मन्त्र का जप कर सकते हैं,संख्या उतनी रखें ताकि समय लगभग उपरोक्त ही लगे ।
प्राणायाम की विस्तृत पद्धति पर विस्तार से पहले ही लिख चुका हूँ,अतः यहाँ दुहराना अनावश्यक है ।
(श्रीकृष्ण की कुण्डली पर लिखना है ।)
ADDED=
एक महिषासुरावतार ब्रह्माण्डाचार्य ने मुझपर मिथ्या आरोप वाला पोस्ट डाला जिसपर Dashrath Prasad Singh जी लाइक ठोकने के उपरान्त मुझसे प्राणायाम सीखने आये हैं,अतः मैं भी दशरथ जी को ब्लॉक करके उत्तर दे रहा हूँ ताकि वे न पढ़ें,दूसरे लोग पढ़ें । मैं सबको ब्लॉक नहीं करता,जिसकी ईच्छा हो वह अपने पन्ने पर मुझे गाली पढ़े वा गाली पर लाइक ठोके,किन्तु मैं अपनी आस्तीन में साँप को देखते ही हटाता हूँ । जानबूझकर कुत्सङ्ग रखना पाप है । जो लोग मुझे बुरा समझते हैं उनको मेरी सूची में नहीं रहना चाहिए,जिनको अच्छा समझते हैं उनकी सङ्गत रखें ।
 

प्राणायाम हेतु सावित्री मन्त्र - Vinay Jha

 

 
 
प्राणायाम हेतु सावित्री मन्त्र मैं सार्वजनिक नहीं करना चाहता था किन्तु नेट पर उपलब्ध नहीं है और पुस्तकों में भी गलत मन्त्र मिलते हैं,अतः सार्वजनिक कर रहा हूँ । मेरी बात काटकर जो गलत प्रयोग करेंगे उनको दोष लगेगा ।
▒░▓▒░▓▒░▓▒░▓
बिना प्राणायाम के जप हेतु गायत्री मन्त्र =
ॐ भूर्भुव: स्व:
तत्सवितुर्वरेण्यम्
भर्गो देवस्य धीमहि
धियो यो न: प्रचोदयात् ॥
▒░▓▒░▓▒░▓▒░▓
गायत्री मन्त्र का ही विस्तारित रूप है सावित्री मन्त्र ।
प्राणायाम में जप हेतु सावित्री मन्त्र =
ॐ भूः ॐ भुवः ॐ स्वः ॐ महः ॐ जनः ॐ तपः ॐ सत्यं
ॐ तत्सवितुर्वरेण्यम् ।
भर्गो देवस्य धीमहि ।
धि यो यो नः प्रचोदयात् ॥
ॐ आपो ज्योतिरसोऽमृतं ब्रह्म भूर्भुवः स्वर् ॥ ॐ ॥
▒░▓▒░▓▒░▓▒░▓
“स्वर् ॥ ॐ” का उच्चारण है “स्वरोम्” ॥
सावित्री मन्त्र का सही स्वरूप नेट पर नहीं मिलेगा ,अतः इसे सुरक्षित कर लें । बहुत कम पण्डित जानते हैं क्योंकि कष्ट से बचने के लिये छोटे मन्त्र से काम चलाने की परिपाटी हाल के कुछ दशकों में प्रचलित कर दी गयी है । धूर्तों ने पुस्तकों से बाह्य प्राणायाम भी हटा दिया है ।
कुल−परम्परा अथवा सद्गगुरु से न मिले तो तान्त्रिक मन्त्रों से बचें ।
गायत्री तथा सावित्री का अधिकार उन सबको है जिनका उपनयन हो चुका है,और प्रतिदिन कम से कम एक बार भी जप लेना चाहिये वरना स्वशाखा के वेद का स्वाध्याय न करने का पाप लगता है । गायत्री तीनों वेदों की सभी शाखाओं में है ।
जिनका उपनयन नहीं हुआ उनके लिये के लिये पौराणिक मन्त्र और स्तोत्र आदि हैं । इस परम्परा का उल्लङ्घन करके मनमाना आचरण करने से लाभ की बजाय हानि ही प्राप्त होती है । बहुत सारे अच्छे मन्त्र हैं,जैसे कि शिव,विष्णु,दुर्गा आदि के । उनसे भी तो वैसा ही लाभ है,बल्कि अधिक लाभ है,क्योंकि सांसारित लाभों के लिये गायत्री जप नहीं करना चाहिये,यह केवल आध्यात्मिक ज्ञान के लिये है,जबकि अन्य मन्त्रों के सांसारिक लाभ भी हैं और आध्यात्मिक भी ।
तो फिर परम्परा को बदलने का प्रयास मैं क्यों करूँ?