Tuesday, 28 July 2020

नेट से HD वीडियो डाउनलोड करने की विधि

यू−ट्यूब जैसे बहुत से इण्टरनेट साइट हैं जहाँ से लोग सामान्य अथवा निम्न गुणवत्ता के वीडियो और फिल्म डाउनलोड करते हैं,किन्तु उन्हीं साइटों से उच्च गुणवत्ता के वीडियो भी डाउनलोड किये जा सकते हैं जिसकी जानकारी बहुत कम लोगों को है । शर्त यही है कि लगभग दो जीबी (2 GB) या अधिक के वीडियो डाउनलोड करने की क्षमता आपके डेस्कटॉप या लैपटॉप में होनी चाहिये । प्रस्तुत विधि विण्डो कम्प्यूटर हेतु ही है किन्तु लायनक्स पर भी सम्भव है जो प्रस्तुत लेख में नहीं दिया जा रहा है ।
स्मार्टफोन में यह विधि तभी कार्य करेगी जब उसमें विण्डो−साइम्यूलेटर इन्सटॉल किया जाय किन्तु एक भी अच्छा विण्डो−साइम्यूलेटर मुझे नहीं मिल सका है,कार्य करने योग्य विण्डो−साइम्यूलेटर आपलोग ढूँढ सकें तो डेस्कटॉप वाले कुण्डली सॉफ्टवेयर और अन्य सारे डेस्कटॉप प्रोग्रामों को एण्ड्रॉयड फोन पर भी चला सकेंगे । अर्थात् आपका फोन सम्पूर्ण कम्प्यूटर बन जायगा,बशर्ते फोन में पर्याप्त मेमोरी हो ।
ffmpeg एक मुफ्त का सोर्स कोड है जो हर प्रकार के वीडियो मुक्सिंग (वीडियो मिक्सिंग और वीडियो मुक्सिंग में अन्तर है । दो वीडियो को जोड़ना वीडियो मिक्सिंग है । ध्वनिरहित वीडियो में उसी का ऑडियो जोड़ना वीडियो मुक्सिंग है ।) और अन्य कई वीडियो एडिटिंग सम्बन्धी प्रोग्रामिंग हेतु प्रोग्रामरों के लिये बनाया गया है । परन्तु कुछ लोगों ने इसके बने−बनाये बुइल्ड वर्सन भी नेट पर डाल रखे हैं जिनका उपयोग आम लोग भी आसानी से कर सकते हैं,यदि विधि पता हो । ऐसा ही एक साइट है —
https://ffmpeg.zeranoe.com/builds/
इस साइट में अनेक ऑप्शन मिलेंगे । मेरा लैपटॉप विण्डो−१० का ६४−बिट है,अतः मैंने वही ऑप्शन चुना और अन्य सारे ऑप्शन डिफॉल्ट रहने दिये,और “डाउनलोड बुइल्ड” बटन दबा दिया । जिप फाइल डाउनलोड हुआ जिसे वाञ्छित फोल्डर में रखकर अनजिप करना पड़ेगा । अनजिप किये फोल्डर का लम्बा नाम होगा,उसे रिनेम करके फोल्डर का नाम ffmpeg कर दें,या कोई भी छोटा नाम रख दें । उसके भीतर bin नाम का फोल्डर रहता है जो आपके काम की चीज है । उसके भीतर तीन एक्से फाइलें होंगी जिनमें से ffmpeg.exe उपरोक्त कार्य करने वाला फाइल है । इसे सीधे रन करने से कुछ नहीं होगा क्योंकि यह विण्डो का फाइल नहीं है । इसे प्रयोग में लाने की विधि निम्न है ।
यूट्यूब में राजकपूर−नर्गिस की १९४८ ईस्वी वाली फिल्म “आग” का उदाहरण दे रहा हूँ । किसी भी यूट्यूब डाउनलोडर की अपेक्षा वाञ्छित गुणवत्ता वाला वर्सन निम्न विधि द्वारा मिलेगा । नेट पर https://9xbuddy.org/ साइट खोलें (bu ddy में बीच के स्पेस हटाकर buddy बना लें क्योंकि यहाँ सही लिंक देने पर फेसबुक रोक रहा है)। उसमें यूट्यूब से “आग” फिल्म का लिंक पेस्ट कर दें । नीचे बहुत से वर्सन मिलेंगे (स्क्रीनशॉट संलग्न है),जिनमें SHOW SIZE दबाने पर यदि दो−तीन KB का ही छोटा आकार दिखाये तो दो ही सम्भावना है — या तो आपका नेट स्पीड उस समय अत्यन्त धीमा है जैसा सायंकाल प्रायः रहता है,अथवा वह वीडियो केवल देखने के लिये है,डाउनलोड प्रतिबन्धित है ।
डाउनलोड प्रतिबन्धित हो तो उसका उपाय भिन्न है — तब Debut Video Capture Software मुफ्त में इन्सटॉल करके यूट्यूब या किसी साइट वाला वह वीडियो फुल डेस्कटॉप मोड में चलायें और Debut Video Capture Software को भी रन करें,यदि नेट की स्पीड अच्छी है तो जबतक वीडियो समाप्त न हो तबतक चलने दें,उसकी प्रति Debut Video Capture Software तैयार कर देगा ।
डाउनलोड प्रतिबन्धित नहीं होगा तो https://9xbu ddy.org/ साइट से आप वाञ्छित गुणवत्ता वाला वीडियो डाउनलोड कर सकते हैं । “आग” फिल्म के 720p वाले वर्सन से आप सन्तुष्ट हैं तो https://9xbu ddy.org/ में 720p वाले ऑप्शन के आगे “DOWNLOAD NOW” बटन दबाने पर डाउनलोड होने लगेगा किन्तु समय बहुत लगेगा,अतः बेहतर है कि DOWNLOAD NOW पर राइट−क्लिक करके लिंक कॉपी कर लें और DAP सॉफ्टवेयर द्वारा डाउनलोड करें जिसके मुफ्त वर्सन में भी डाउनलोड स्पीड कई गुणी तेज हो जायगी ।
परन्तु यदि 1080p वाला वीडियो उपलब्ध है और आपके पास अच्छा नेट कनेक्शन है तो 720p वाला वीडियो डाउनलोड करना ठीक नहीं । परन्तु यूट्यूब पर 1080p वाला वीडियो बिना आवाज के ही अपलोड करने की परम्परा है ताकि फिल्म कम्पनियों को घाटा न लगे । उसी साइट पर आपको M4A AUDIO - 128KBPS वाला ऑडियो फाइल भी मिलेगा,उसे भी डाउनलोड कर लें । इस M4A ऑडियो फाइल को mp4 या webm वीडियों फाइल से जोड़कर मूल फिल्म बनाने को “वीडियो मुक्सिंग” (video muxing) कहते हैं जिसके लिये सर्वोत्तम साधन है ffmpeg जिसका ऊपर वर्णन है ।
किसी वीडियो एडिटर में भी आप दोनों फाइलों को जोड़ सकते हैं,किन्तु ३ जीबी के विशाल वीडियो की मुक्सिंग (muxing) करने में वीडियो एडिटर को दस − पन्द्रह घण्टे लग जायेंगे,जबकि ffmpeg एक सेकण्ड में लगभग १० जीबी का फाइल बना सकता है ।
तीसरा उपाय है VLC वीडियो−लैन फ्री सॉफ्टवेयर जिसमें दोनों को जोड़कर नया फाइल आप नहीं बना सकते किन्तु जोड़कर देख सकते हैं । VLC खोलकर निम्न कार्य करें —
Go to Media
Open Multiple Files....
In the Open Media window, click Add....
In the Select one or multiple files window, select the desired video file. Click Open.
In the Open Media window, tick Show more options, then tick Play another media synchronously. Click Browse....
In the second Open Media window, click Add....
In the Select one or multiple files window, select the desired file that contains the audio which will be played on top of the video previously selected. Click Open.
In the second Open Media window, click Select.
In the first Open Media window, click Play.
If you have more than one audio track available, go to Audio Audio Track and pick the one that corresponds to the desired audio overlay.
अब मुक्सिंग की विधि प्रस्तुत है । विण्डो में cmd अथवा command prompt सर्च करें और उसे राइट क्लिक करके एडमिन मोड में खोंलें । C:\Windows\System32> पथ में कमाण्ड प्रॉम्प्ट खुलेगा । कमाण्ड प्रॉम्प्ट में आप विण्डो को किनारे करके कम्प्यूटर की पूर्ण शक्ति का मनचाहा उपयोग कर सकते हैं,किन्तु लापरवाही से एक भी गलत अक्षर दबाकर पूरे कम्प्यूटर का सत्यानाश भी कर सकते हैं । उसमें DOS प्रोग्रामिंग सीखकर मैंने १९९३ ई⋅ में खरीदे गये IBM के थिंकपैड लैपटॉप में ज्योतिषीय एवं अन्यान्य प्रोग्राम बनाये थे जो विण्डो प्रोग्रामों की तुलना में सैकड़ों गुणा तेजी से कार्य करते थे ।
मेरे लैपटॉप में ffmpeg.exe जिस पथ में रखा है उसका नाम है D:\ffmpeg\bin,अर्थात् D ड्राइव के ffmpeg फोल्डर के bin सब−फोल्डर में ffmpeg.exe फाइल है । अतः कमाण्ड−प्रॉम्प्ट पर पथ को C:\Windows\System32> से बदलकर D:\ffmpeg\bin करना पड़ेगा जिसके लिये निम्न कमाण्ड लिखकर एण्टर बटन दबाना पड़ेगा,एक भी अक्षर या स्पेस की गलती न करें —
cd /d D:\ffmpeg\bin
उपरोक्त तरीके से 1080p वाला जो वीडियो आपने डाउनलोड किया है उसका नाम छोटा करके,जैसे कि Aag.mp4,उसी D:\ffmpeg\bin “बिन” सब−फोल्डर में डाल दें । m4a ऑडियो फाइल का भी ऐसा ही छोटा नाम करके उसी पथ में डाल दें । अब कमाण्ड प्रॉम्प्ट पर निम्न कोड कॉपी−पेस्ट करके एण्टर दबा दें,यदि सबकुछ ठीक से किये हैं तो तत्क्षण आउटपुट वीडियो फाइल बना देगा जिसका मनचाहा नाम रखकर मनचाहे पथ में रख सकते हैं —
ffmpeg -i Aag.mp4 -i Aag.m4a -c:v copy -c:a copy output.mp4
यदि डाउनलोड किया हुआ वीडियो फाइल mp4 न होकर webm है तो उपरोक्त के बदले निम्न कमाण्ड कार्य करेगा —
ffmpeg -i Aag.webm -i Aag.m4a -c:v copy -c:a copy output.mkv
६० फ्रेम प्रतिसेकण्ड या अल्ट्रा HD वाले वीडियो पर ffmpeg कार्य नहीं करेगा,किन्तु फीचर फिल्म 1080p तथा ३० फ्रेम प्रतिसेकण्ड वाले HD पर ही उपलब्ध हैं जिनके लिये ffmpeg विश्व का सर्वोत्तम साधन है । यूट्यूब या अन्य साइटों पर यदि इस गुणवत्ता का वीडियो आपको मिलता ही नहीं है तब तो ffmpeg कुछ नहीं कर सकता । सामान्यतः 1080p वाले फिल्म नेट पर वीडियो से ऑडियो को हटाकर अपलोड किये जाते हैं जिन्हें जोड़ने का सर्वोत्तम साधन ffmpeg है ।
अन्त में बता दूँ कि “आग” फिल्म मैंने देखी नहीं,केवल हाइ−डिफिनिशन वर्सन डाउनलोड की विधि बता रहा हूँ । जाँचने के लिये इस फिल्म का 1080p वर्सन मैंने डाउनलोड करके ffmpeg द्वारा मूल फाइल बना ली,किन्तु बाद में यूट्यूब पर उसे पुनः ढूँढा तो एक ऐसा लिंक मिला जिसमें डाउनलोड का कोई फाइल था ही नहीं,केवल देखने की सुविधा थी । अतः ढूँढने में कुछ तो समय लगाना पड़ेगा ।
पुरानी फिल्मों के 4K या उससे भी बेहतर वर्सन बनाये जा सकते हैं किन्तु उनके कॉपीराइट जिनके पास हैं वे अनुमति नहीं देते ।
पुरानी फिल्मों के मूल गानों के ग्रामोफोन रिकॉर्ड रेडियो स्टेशनों में हैं जहाँ से व्यक्तिगत परिचय हो तो आप चुपचाप प्रतिलिपि प्राप्त कर सकते हैं — यदि घर में अच्छा साउण्ड सिस्टम है तो पुराने गायकों की जो आवाज सुनने को मिलेगी उसपर विश्वास नहीं होगा कि कोई मनुष्य वैसा गा सकता है,बशर्ते वह ग्रामोफोन रेकर्ड बहुत कम चला हो और घिसा न हो । कई जन्मों के पुण्यों से रफी साहब या लता दीदी जैसा गला मिलता है । वैसे रेकर्ड कितना भी पैसा खर्च करने पर बाजार में नहीं मिल सकते । नेट पर मूल गाने नहीं मिलेंगे,घटिया प्रतियाँ हैं । मेरे एक छात्र ने मेरा साउण्ड सिस्टम (और रेकर्ड लाइब्रेरी) जानबूझकर तोड़ डाला क्योंकि उससे पैसे का हिसाब मैंने माँग लिया था । मैंने स्वयं वह सिस्टम बनाया था — कई दशक पहले । मेरे छात्र जीवन में लोग मेरे आवास के आगे सड़क पर खड़े होकर सुनते थे । उसमें ध्वनि प्रोसेसिंग के लिये मुझे जो ऑटोमेटिक कण्ट्रोल थ्योरी सीखनी पड़ी थी उसी का उपयोग ब्रह्मोस मिसाइल और समस्त ऑटोमेटिक कण्ट्रोल सिस्टमों में है । चीन के घटिया उत्पादों के कारण अब वैसी गुणवत्ता के पुर्जे बाजार में मिलते ही नहीं,फिर भी कामचलाऊ तो बनाये जा सकते हैं । कामचलाऊ का अर्थ वह नहीं जो आपने अच्छे सिनेमा हॉल में सुना होगा,बल्कि वह जो रफी साहब या लता दीदी को पसन्द आये ।
====================
कल मेरा इण्टरनेट धीमा था अथवा यूट्यूब पर निम्न लिंक व्यस्त था जिस कारण ७२ वर्ष पुरानी “आग” फिल्म के सभी वर्सनों के लिंक नहीं आ रहे थे,अब आ रहे हैं । अतः उपरोक्त लेख में दिये गये स्क्रीनशॉट को अपडेट कर रहा हूँ और कमेण्ट में भी स्क्रीनशॉट दे रहा हूँ । 720p के फाइल का आकार ९४५ MB बता रहा है किन्तु 1080p वाले वीडियो में NO AUDIO बता रहा है और उसका ऑडियो अलग से ११६⋅४७ MB का है जिसे १⋅४९ GB वाले 1080p वाले वीडियो में जोड़ने के लिये मुक्सिंग करना पड़ेगा,तब १⋅६ GB का आउटपुट फाइल मिलेगा । १⋅६ GB के उस फाइल को ये लोग जानबूझकर अपलोड नहीं करते ताकि पैसा देने वालों को ही अपने वेबसाइट से मुक्सिंग सॉफ्टवेयर द्वारा पूर्ण फाइल देखने या डाउनलोड करने की सुविधा दे सकें । आम लोग मुक्सिंग करना नहीं जानते जिस कारण मुक्सिंग करने पर कानूनी प्रतिबन्ध नहीं लगाया गया । आपलोग बड़ी संख्या में मुक्सिंग करने लगेंगे तो सम्भव है इसपर भी प्रतिबन्ध लग जाय ।

No comments:

Post a Comment