Tuesday, 24 March 2026

प्राणायाम की सही विधि

 

प्राणायाम की सही विधि का कलियुगी भौतिकवादी लेखक उल्लेख तक नहीं करते, संस्कृत के पण्डित भी सन्ध्यावन्दन की पुस्तकों में शॉर्टकट बतलाते हैं क्योंकि भोग-विलास करने वालों को एक क्षण की तपस्या भी असह्य है । सही विधि है :--
पूरक,
अन्तः-कुम्भक,
रेचक,
बाह्य कुम्भक ।
पूरक = तीन सावित्री मन्त्र तेजी से पढ़ते हुए सम गति से श्वास अन्दर लेना ।
अन्तः-कुम्भक = तीन सावित्री मन्त्र तेजी से पढ़ते हुए श्वास अन्दर रोकना ।
रेचक = तीन सावित्री मन्त्र तेजी से पढ़ते हुए सम गति से श्वास बाहर त्यागना ।
बाह्य कुम्भक = तीन सावित्री मन्त्र तेजी से पढ़ते हुए श्वास बाहर त्यागकर रोकना ।
बाह्य कुम्भक कष्टदायक है, अतः अधिकाँश लेखक स्वयं भी नहीं करते और पुस्तकों से भी हटा देते हैं । बाह्य कुम्भक जितना कष्टदायक होगा उतने ही पिछले और वर्तमान जन्मों के प्रकट (क्रियमाण) और छुपे हुए (सञ्चित) कुसंस्कार नष्ट होंगे और सद्-बुद्धि बढ़ेगी । अतः बाह्य कुम्भक सावित्री मन्त्र पढ़ने के बाद भी यदि सम्भव हो तो जो मन्त्र अधिक पसन्द हो वह भी कुछ बार जप लें । प्रातः (और सम्भव हो तो सन्ध्याकाल में भी) नित्यकर्म के पश्चात न्यूनतम तीन प्राणायाम बाएँ नाक से और तीन दाहिने नाक से करने चाहिए : बारी-बारी से, अर्थात पहले बाएँ , फिर दाँए, फिर बाएँ ... ।
बाह्य कुम्भक अचेतन मन के कुसंस्कारों को ध्वस्त करने और पूर्ण चैतन्य बनने का सर्वोत्तम साधन है । इसका कारण यह है कि ऐन्द्रिक वासनाएँ ही कुसंस्कारों की जड़ है, और कष्टकारी बाह्य कुम्भक भोगवादी आसुरी प्रवृत्तियों की जड़ पर ही कुठाराघात करता है । वासनाओं की जकड़ ढीली पड़ने लगती है ।
मोक्षमार्गियों को चार बार प्रत्येक छ घण्टे पर प्राणायामादि करने चाहिए, उनके लिए संख्या और विधि में अन्तर है ।
जिन्हें वैदिक मन्त्र पढ़ने का अधिकार नहीं है वे उतने ही काल तक किसी भी इष्ट मन्त्र का जप कर सकते हैं ।
❀❁❂❃❄❅❆❇❈❉❊❋✿✾✽✼✻✺✹✸✷✶✵✴✳✲✱✰✯✮✭✬✩
वैदिक मन्त्र पढ़ने का अधिकार "शूद्र" को नहीं है |
"शूद्र" नाम की कोई जाति नहीं होती है, यह एक 'वर्ण' है |
वर्ण का आधार कर्म होता है, जन्म नहीं | जाति का आधार जन्म होता है |
"कर्म" और "संस्कार" में परस्पर सम्बन्ध है, क्योंकि कर्मों का समुच्चय ही संस्कार है (सम् + कृ > संस्कार) | मनुष्य संस्कारों के अनुरूप ही कर्म करता है और नए कर्मों के फल संस्कारों में जुड़ते जाते हैं | इन कर्मों के फल भोगने के लिए जन्म लेने पड़ते हैं | इस प्रकार जन्म-मरण का अनवरत चक्र चलता रहता है जिसे "संसार" कहते हैं | इससे मुक्ति पाने के लिए संस्कारों के विपरीत तैरना पड़ता है जिसे वैतरणी-तरना कहते हैं | इसका सर्वोत्तम साधन है प्राणायाम जो प्राण का आयाम धीरे-धीरे बढ़ाकर ब्रह्म तक जीव को पँहुचा सकता है | यही कारण है कि गीता में सभी प्रकार के व्रतों-तपों में प्राणायाम का गुणगान सबसे अधिक किया गया है | यह दूसरी बात है कि गीता पर प्रवचन देने वाले अधिकाँश कलियुगी महापुरुष भी आजकल प्राणायाम नहीं करते |
प्राणायाम में सावित्री मन्त्र पढ़ना चाहिए जो गायत्री का ही एक विशेष प्रकार है | यह सत्य है कि वैदिक मन्त्र पढ़ने का अधिकार "शूद्र" को नहीं है, किन्तु छान्दोग्य उपनिषद में रैक्व नाम के शूद्र ने एक द्विज को ब्रह्मज्ञान की दीक्षा दी थी | छान्दोग्य उपनिषद सामवेदीय तलवाकार ब्राह्मण-ग्रन्थ के अन्तर्गत आता है | अतः शूद्र जन्म पर आधारित जाति नहीं है | छान्दोग्य उपनिषद के ही अनुसार शूद्र उसे कहते हैं जो शोक के पीछे भागता है (व्याकरण के अनुसार भी यही अर्थ सही है)| "शोक" है जन्म-मरण के चक्र में फँसाने वाले सकाम-कर्म, अर्थात ऐन्द्रिक वासनाओं के पीछे भागना | जो व्यक्ति 'जानबूझकर' ऐन्द्रिक वासनाओं के पीछे भागे उसे वैदिक मन्त्रों को पढ़ने या सुनने का अधिकार नहीं है, चाहे वह किसी भी जाति में क्यों न जन्मा हो - यह सामवेदीय उपनिषद की आज्ञा है | मत भूलें कि सामवेद को गीता में साक्षात विराट-पुरुष रुपी श्रीकृष्ण कहा गया है (इसका अर्थ गीता के किसी भाष्यकार ने स्पष्ट नहीं किया, अर्थ है ब्रह्मसूत्र अर्थात वेदान्त में जिसके अनुसार सामवेद के मन्त्र ही मुक्त पुरुष को ब्रह्मलोक ले जाते हैं, बिना सामवेद के मोक्ष का द्वार नहीं खुलता; किसी व्यक्ति ने सामवेद नहीं भी पढ़ा किन्तु मोक्ष के योग्य है तो सामवेद के मन्त्र स्वयं चले आते हैं उसे लाने के लिए)|
अतः जबतक मन जानबूझकर ऐन्द्रिक वासनाओं के पीछे भागे और वैसे कर्म भी होते रहें तबतक वेदमन्त्र नहीं पढना चाहिए, वरना छान्दोग्य उपनिषद के ही अनुसार शूद्र यदि वेदमन्त्र पढ़े तो वह शूद्र नष्ट हो जाता है (और समाज को भी क्षति पंहुचाता है क्योंकि हर व्यक्ति समाज से भी जुड़ा रहता है)| ऐसा व्यक्ति प्राणायाम के समय अन्य कोई मन्त्र पढ़ सकता है जो उसे प्रिय हो, या केवल संख्याओं की गिनती कर सकता है, या किसी भी ऐसे विषय का ध्यान कर सकता है को समय के क्रम को सम रखने में सहायक हो |
कुछ अज्ञानियों का कथन है कि बिना मन्त्र वाला प्राणायाम केवल स्वास्थ्य-लाभ के लिए है | केवल स्वास्थ्य-लाभ के लिए कोई भी प्राणायाम नहीं है, किसी भी प्राचीन ग्रन्थ में ऐसी बकवास नहीं है | पतंजलि मुनि स्पष्ट कहते हैं कि प्राणायाम का लाभ है अज्ञान का आवरण नष्ट होना और अन्तरंग-योग में प्रवृत्ति बढ़ना | पतंजलि मुनि के इस कथन की जाँच करना चाहें तो निम्न प्रयोग कर सकते हैं (क्योंकि योग एक प्रायोगिक विज्ञान है) :-
जब कभी लिंग में उत्तेजना का आभास हो तो किसी भी आरामदायक आसन में बैठ या लेट जाएँ और पूरी शक्ति से बाह्य-कुम्भक करें - तबतक साँस छोड़ते रहें और बाहर छोड़कर रोके रहें जबतक फेफड़ा सहन कर सके, लिंग से अपान वायु निकल जायेगी और मन में वासना की प्रबलता समाप्त हो जायेगी ! उस बाह्य कुम्भक में आप किसी भी मन्त्र का प्रयोग करें या न करें, यह लाभ तो होगा ही | जाँच करना चाहें तो आप उस बाह्य कुम्भक में "गधा-गधा" का भी जप कर सकते हैं, उपरोक्त लाभ अवश्य ही होगा | किन्तु ऊँट-पटांग जप करने से आगे की आध्यात्मिक प्रगति अवरुद्ध हो जायेगी, और आजीवन "गधा" जपते रहने से इस बात की सम्भावना बढ़ जायेगी कि इतना कठोर तप करने के बाद भी अगले जन्म में असली गधा बन जाइयेगा |
आजकल बहुत से कलियुगी 'महापुरुष' कुण्डलिनी-जागरण और चक्र-भेदन पर बड़े-बड़े प्रवचन देते हैं | जबतक किसी अन्तर्यामी परमहंस गुरु से आदेश और व्यावहारिक निदेशन न मिले तबतक इन बातों से बचें, ऐसा साहित्य पढने से भी बचें, वरना सर्वनाश का द्वार खुल सकता है और पागलखाना भी पँहुच सकते हैं | ऐसे 'महापुरुषों' से दूरी बनाकर रखें |
उपरोक्त प्राणायाम यदि समुचित आहार-विहार सहित करते रहेंगे तो स्वतः वह समय आयेगा जब ईश्वर सद्-गुरु से सम्पर्क करा देंगे, सावित्री मन्त्र की दीक्षा दिला देंगे, और समय आने पर कुण्डलिनी-जागरण का उपाय भी मिल जाएगा |
गीताप्रेस का "पातंजल-योग-प्रदीप" (हिन्दी) पढ़ें, किसी भी आधुनिक भाषा में योग पर इससे उत्तम ग्रन्थ नहीं है, किन्तु इसमें अत्यधिक विस्तार है जो अज्ञानियों को भटका भी सकता है | अतः पढ़ें तो पूरा ग्रन्थ, किन्तु केवल पतंजलि मुनि के मूल सूत्रों को समझने का प्रयास करें और तदनुसार अष्टांग-योग का अभ्यास करें |
❀❁❂❃❄❅❆❇❈❉❊❋✿✾✽✼✻✺✹✸✷✶✵✴✳✲✱✰✯✮✭✬✩
प्राणायाम के दर्जनों प्रकार हैं, किसी एक प्रकार को सबपर थोपना गलत है | संध्यावन्दन का अनिवार्य भाग है नाड़ी-शोधन प्राणायाम जिसमे 1:1:1:1 अनुपात होता है क्योंकि मन्त्र को छोटा-बड़ा नहीं किया जा सकता | उसके बाद विभिन्न सिद्धियों के लिए कई प्रकार के प्राणायाम हैं , उनमें भी मन्त्र को न तो बदल सकते हैं और न ही छोटा-बड़ा कर सकते हैं, अतः उन सबमें भी 1:1;1:1 का ही अनुपात रहता है , किन्तु वे केवल दीक्षित शिष्यों को सिद्ध योगियों द्वारा ही सिखाये जाते हैं | अन्य प्राणायाम हठयोग के भाग है जो केवल शारीरिक शुद्धि के निमित्त हैं और पतंजलि ऋषि के योग सूत्र में प्राणायाम की परिभाषा के अनुसार उन्हें प्राणायाम माना नहीं जा सकता, क्योंकि योगसूत्र के अनुसार प्राणायाम का शरीर की शुद्धि से कोई सम्बन्ध नहीं है (यद्यपि शरीर को लाभ होता है, वह लाभ केवल बाई-प्रोडक्ट है), प्राणायाम का एकमात्र लाभ है चित्त पर पड़े अज्ञान का आवरण नष्ट होना और धारणा-ध्यान-समाधि की योग्यता में वृद्धि | यह लाभ बिना मन्त्र के सम्भव नहीं | मन्त्र कोई भी हो, पूरक-अन्तःकुम्भक-रेचक-बाह्यकुम्भक में न तो मन्त्रों की संख्या बदली जा सकती है और न ही गति | आम जनता को जो प्राणायाम सिखाये जाते हैं वे असली प्राणायाम नहीं हैं, क्योंकि प्राणायाम है "प्राण के आयाम में वृद्धि" जिसके द्वारा चित्त में फँसा जीव मुक्त होकर आकाश में फैलता है और दूसरे जीवों और अन्य पदार्थों से जुड़ता है (telepathy उसका एक बाई-प्रोडक्ट है, अन्यान्य सिद्धियाँ भी बाई-प्रोडक्ट ही हैं जिनका योगसूत्र के विभूति-पाद में वर्णन है)| दिव्यास्त्रों की सिद्धि भी प्राणायाम द्वारा ही होती है जिनमें विशेष प्रकार के मन्त्रों का प्रयोग होता है (वैदिक सावित्री मन्त्र का विपरीत पाठ, जो वैदिक वाममार्ग है, यह अत्यन्त कठिन है)|
❀❁❂❃❄❅❆❇❈❉❊❋✿✾✽✼✻✺✹✸✷✶✵✴✳✲✱✰✯✮✭✬✩
प्राणायाम किसी भी प्रकार का हो,सदैव वाम नासिका से ही आरम्भ करें । और पूरक से आरम्भ करें । वाम नाड़ी गंगा है ,मन की अधिष्ठात्री ,इसे चन्द्रनाड़ी या इडा भी कहते हैं । पैरासिम्पैथिक नर्वस सिस्टम के लेफ्ट वेगस नर्व के समानान्तर सूक्ष्म शरीर की सूक्ष्म नाड़ी है ।
पहले नाड़ीशोधन−प्राणायाम सन्ध्यावन्दन का अनिवार्य अङ्ग है । पहले वाम से पूरक,तब अन्तःकुम्भक,फिर दाहिने से रेचक और तब बाह्य−कुम्भक । उसके बाद दाहिने से पूरक करते हुए वापस बायें तक । यह हुआ एक जोड़ा । इस प्रकार तीन जोड़ा । मन्त्र लेख में है ।
तीन नाड़ीशोधन तो इस मर्त्यलोक में रहने का दैनिक दण्ड है जो नहीं देने पर अगली बार मानव योनि में आने की सम्भावना भी बहुत घट जायगी,केवल इतने प्राणायामों से पिछले पाप नहीं कटते ।
आरम्भ में मैं भी गिनती भूल जाता था । कठोर बाह्य−कुम्भक करने पर एसा होता है । किन्तु धीरे धीरे अभ्यास हो जायगा ॥ अँगुलियों पर गिनें − पोरों के द्वारा । गिनती का बहुत महत्व है । भूलवश अधिक हो जाय तो हर्ज नहीं,कम होने पर सम्पूर्ण परिश्रम व्यर्थ हो जाता है ।
❀❁❂❃❄❅❆❇❈❉❊❋✿✾✽✼✻✺✹✸✷✶✵✴✳✲✱✰✯✮✭✬✩
❷
नौ वाला प्राणायाम ➔ पहले केवल वाम से ही आठ,एक बार भी दाहिने से नहीं । तब दाहिने से आठ । प्रत्येक बाह्य−कुम्भक के पश्चात यह संकल्प कि मैं अपनी सारी हवियाँ वैश्वानर अग्निदेव को समर्पित कर रहा हूँ । इस प्रकार १६ करने के पश्चात वाम से एक और तब दाहिने से एक — इन दोनों में संकल्प कि मैं अपनी सारी ईच्छाओं का त्याग करके ब्रह्म को समर्पित कर रहा हूँ । यह मोक्षमार्ग का भी प्राणायाम है और सांसारिक सिद्धियों वाला भी । किन्तु फल तभी प्राप्त होता है जब वास्तविक हवियाँ भी वैश्वानर अग्निदेव को समर्पित की जाय − बिना नमक मेल मसाले के केवल हविष्यान्न वाला स्वयंपाक और भोजन करते समय संकल्प कि मैं अपनी सारी हवियाँ वैश्वानर अग्निदेव को समर्पित कर रहा हूँ − जैसा कि गीता में आदेश है । निष्काम कर्मयोग का मार्ग हो या भक्तियोग वा ज्ञानयोग का,इस विधि से सिद्धि शीघ्र मिलती है,चाहे किसी भी प्रकार की सिद्धि हो − किन्तु वेदमार्ग की हो,आसुरी नहीं । ब्रह्मास्त्र की सिद्धि का भी यही तरीका है,किन्तु उसमें संख्या इतनी अधिक है कि कलियुग के मानव कर ही नहीं पायेंगे − परन्तु उसमें भी एक बैठक में १६+२ ही करने पड़ते हैं ।
❀❁❂❃❄❅❆❇❈❉❊❋✿✾✽✼✻✺✹✸✷✶✵✴✳✲✱✰✯✮✭✬✩
नाड़ीशोधन प्राणायाम की संख्या बढ़ाया नहीं जा सकती । किन्तु उसके पश्चात अलग से उसी प्रकार का प्राणायाम हर ६ घण्टे पर ४० − ४० बार करते रहने पर तीन मास के पश्चात ईश्वर से सीधा सम्पर्क हो जायगा,उसके बाद का रास्ता ईश्वर बतायेंगे, वे ही असली गुरु हैं । कलियुग में जप−तप की मात्रा चार गुनी अधिक करनी पड़ती है,अतः ३ मास के बदले १२ मास लगेंगे । बीच में सांसारिक लोगों से सम्पर्क हो तो कुछ अतिरिक्त समय प्रायश्चित के तौर पर लगेगा ।
 
Link - https://www.facebook.com/vinay.jha.906/posts/pfbid02CMwsZ12ugNqNrTsvU6oNpqe2GgGNnME6aLke4KtMbiTh68UsT8DRSmTZj3D1fs93l 

Savitri Mantra

 

प्राणायाम हेतु सावित्री मन्त्र मैं सार्वजनिक नहीं करना चाहता था किन्तु नेट पर उपलब्ध नहीं है और पुस्तकों में भी गलत मन्त्र मिलते हैं,अतः सार्वजनिक कर रहा हूँ । मेरी बात काटकर जो गलत प्रयोग करेंगे उनको दोष लगेगा ।
▒░▓▒░▓▒░▓▒░▓
बिना प्राणायाम के जप हेतु गायत्री मन्त्र =
ॐ भूर्भुव: स्व:
तत्सवितुर्वरेण्यम्
भर्गो देवस्य धीमहि
धियो यो न: प्रचोदयात् ॥
▒░▓▒░▓▒░▓▒░▓
गायत्री मन्त्र का ही विस्तारित रूप है सावित्री मन्त्र ।
प्राणायाम में जप हेतु सावित्री मन्त्र =
ॐ भूः ॐ भुवः ॐ स्वः ॐ महः ॐ जनः ॐ तपः ॐ सत्यं
ॐ तत्सवितुर्वरेण्यम् ।
भर्गो देवस्य धीमहि ।
धि यो यो नः प्रचोदयात् ॥
ॐ आपो ज्योतिरसोऽमृतं ब्रह्म भूर्भुवः स्वर् ॥ ॐ ॥
▒░▓▒░▓▒░▓▒░▓
“स्वर् ॥ ॐ” का उच्चारण है “स्वरोम्” ॥
सावित्री मन्त्र का सही स्वरूप नेट पर नहीं मिलेगा ,अतः इसे सुरक्षित कर लें । बहुत कम पण्डित जानते हैं क्योंकि कष्ट से बचने के लिये छोटे मन्त्र से काम चलाने की परिपाटी हाल के कुछ दशकों में प्रचलित कर दी गयी है । धूर्तों ने पुस्तकों से बाह्य प्राणायाम भी हटा दिया है ।
कुल−परम्परा अथवा सद्गगुरु से न मिले तो तान्त्रिक मन्त्रों से बचें ।
गायत्री तथा सावित्री का अधिकार उन सबको है जिनका उपनयन हो चुका है,और प्रतिदिन कम से कम एक बार भी जप लेना चाहिये वरना स्वशाखा के वेद का स्वाध्याय न करने का पाप लगता है । गायत्री तीनों वेदों की सभी शाखाओं में है ।
जिनका उपनयन नहीं हुआ उनके लिये के लिये पौराणिक मन्त्र और स्तोत्र आदि हैं । इस परम्परा का उल्लङ्घन करके मनमाना आचरण करने से लाभ की बजाय हानि ही प्राप्त होती है । बहुत सारे अच्छे मन्त्र हैं,जैसे कि शिव,विष्णु,दुर्गा आदि के । उनसे भी तो वैसा ही लाभ है,बल्कि अधिक लाभ है,क्योंकि सांसारित लाभों के लिये गायत्री जप नहीं करना चाहिये,यह केवल आध्यात्मिक ज्ञान के लिये है,जबकि अन्य मन्त्रों के सांसारिक लाभ भी हैं और आध्यात्मिक भी ।
तो फिर परम्परा को बदलने का प्रयास मैं क्यों करूँ?
 
Link - https://www.facebook.com/vinay.jha.906/posts/pfbid0X4Wm69qzbAHyt2hGTtDv8panNifYos1uUHxQ7RZuZNhtTU26mf7mgapWm1WmsgZkl 
 
No photo description available. 

Savitri Pranyam Time

 १५ (15) से १८ (18sec) सेकण्ड ही लगने चाहिए, ३० सेकण्ड लगें तो आप प्राणायाम कर ही नहीं सकेंगे । 3 Mantra 15 second Purak, 3 mantra 15 second Anath Kumbhak, 3 mantra 15 second rechak, 3 mantra 15 second bahya kumbhak(Total 1minute )


मन पर नियन्त्रण का एकमात्र कारगर उपाय प्राणायाम है, अतः मन प्राणायाम को अपना शत्रु समझता है । मन का अधिकांश अचेतन रहता है,प्राणायाम द्वारा ही वह सचेत हो सकता है ।
अतएव किसी भी प्रकार बलपूर्वक प्राणायाम करें,तीव्र गति से मन्त्र के अक्षरों को बारी−बारी से सामने से आते हुए और सिर के ऊपर से होकर पीछे जाते हुए देखें,जिह्वा मत हिलायें । इस प्रकार गति बढ़ेगी । यह मानसिक जप है जिसका लाभ पूर्ण कहा गया है । जिह्वा हिले किन्तु ध्वनि न निकले तो वह उपांशु जप है जिसका लाभ आधा है । ध्वनि निकले तो चतुर्थांश लाभ है । लाउस्पीकर पर मन्त्रपाठ करेंगे तो लाभ बिल्कुल नहीं,बल्कि हानि की सम्भावना है ।
मानसिक मन्त्रजप के समय मन्त्र को उपरोक्त विधि द्वारा देखने का भी प्रयास करेंगे तो मन्त्र पर ध्यान केन्द्रित रहेगा,इधर−उधर भटकेगा नहीं । इस प्रकार लाभ भी बढ़ेगा और धारणा − ध्यान − समाधि की योग्यता धीरे−धीरे बढ़ेगी ।
जिनको वेदमन्त्र का आदेश नहीं है वे अपने इष्ट मन्त्र का जप कर सकते हैं,संख्या उतनी रखें ताकि समय लगभग उपरोक्त ही लगे ।
प्राणायाम की विस्तृत पद्धति पर विस्तार से पहले ही लिख चुका हूँ,अतः यहाँ दुहराना अनावश्यक है ।

 

Link - https://www.facebook.com/vinay.jha.906/posts/pfbid02GNnP8KmWoYZTN1prdzGe6pt4aR3iRDU2rfdWSkNw4os7VXqAoDy5Aprvj6uPmZNnl 

 

 ==================================================

 

प्राणायाम पर अभी एक प्रश्न आया है —
“अगर तीन सावित्री मन्त्र सम गति से श्वास लेने मे समस्या हो तो एक या दो सावित्री मन्त्र लिया लिया जा सकता है, एक सावित्री मंत्र लेने मे 4 से 5 सेकण्ड का समय लग जाता है”।
उत्तर =
सामान्य तरीके से मन्त्र पढ़ेंगे तो अधिकांश लोग प्राणायाम कर ही नहीं पायेंगे । सही विधि द्रुतपाठ की है,आँख बन्द करके मन्त्र के एक−एक अक्षर को द्रुतगति से सामने से उड़कर आते और सिर के ऊपर से पीछे जाते हुए देखना,किन्तु हर अक्षर स्पष्ट दिखना चाहिये । मन को पूर्णतया एकाग्र करने से ऐसा सम्भव है । मानसिक जप की यह सही विधि है जो जप की सर्वोत्तम विधि है । प्राणायाम के अलावा अन्य किसी जप में भी इसी विधि का प्रयोग करना चाहिए । सिद्धि हो जाने पर ‘मन्त्रदर्शन’ होने लगता है और मन्त्र अपने रङ्ग आदि विभिन्न लक्षणों का भी स्वतः दर्शन देने लगते हैं ।
सामान्य मनुष्य को औसतन एक मिनट में एक प्राणायाम करना चाहिए,अर्थात् वाम वा दक्षिण किसी नासिका से तीन−तीन करके पूरक अन्तःकुम्भक रेचक बाह्यकुम्भक मे कुल १२ सावित्री मन्त्र । अतः पाँच सेकण्ड में एक सावित्री मन्त्र । श्वास की कठिनाई हो तो गति कुछ बढ़ायी जा सकती है,एक मिनट के स्थान पर ५४ सेकण्ड में एक प्राणायाम,अर्थात् साढ़े चार सेकण्ड में एक सावित्री मन्त्र । यम नियम आसन आदि सहित आहार−विहार की शुद्धि के प्रयास करते रहने पर ही प्राणायाम की क्षमता मिलेगी । प्राणायाम की क्षमता नहीं है तो क्षमता अर्जित करें,न कि मन्त्र के अक्षरों या संख्या से छेड़छाड़ । प्राणायाम योग का चौथा चरण है,पहले तीन चरणों यम नियम आसन के अभ्यास के उपरान्त ही चौथे चरण की क्षमता मिलेगी ।
 
Link - https://www.facebook.com/vinay.jha.906/posts/pfbid02iNkptm9ZjW3h8UhQEsRn2CSBztmEQk5ELj6wwA7nnrMZzvoxLRvZWsDne7634rPol 

 

 

Thursday, 12 March 2026

चक्रवर्ती योग :--

 https://www.facebook.com/vinay.jha.906/posts/pfbid02FuVgDeqHFpU5W4QvMuWeVxCQ57eEGcaTjegDaryc6GRHTe7XzmXcUJYzwDQpzxdZl

चक्रवर्ती योग :--
चक्रवर्तियों की सूची में 12 नाम तो अनेक स्रोतों में मिलते हैं, कई सन्देहास्पद हैं | वैसे भी सूर्यचक्र में 12 अरे होते हैं, अतः सूर्यवंश में 12 चक्रवर्ती होने की बात ही तर्कसंगत लगती है, हो सकता है इसी आधार पर संख्या 12 तक ही कल्पित कर ली गयी हो | "चक्रवर्ती" की पारंपरिक परिभाषा है "पृथ्वीचक्रम् वर्तते" = समुद्रपर्यंत समस्त भूमि पर जिसका चक्र चले | मैत्रेय उपनिषद, महाभारत, बौद्ध तथा जैन साहित्यों में चक्रवर्तियों का उल्लेख है | जिन बारह चक्रवर्तियों की सूची उपलब्ध है, वे सब के सब सूर्यवंशी (इक्ष्वाकु वंश के) थे :--
भरत, सगर, मघवा, सनत्कुमार, शान्ति, कुन्थु, अर, कार्तवीर्य, पद्म, हरिषेण, जय, ब्रह्मदत्त |
यह सूची आज से एक हज़ार वर्ष पहले के ग्रन्थों में है, जब भारत से बाहर का भूगोल भी भारत के पण्डित भूल चुके थे |
ये भरत द्वापर युग के शकुन्तला-पुत्र भरत नहीं, बल्कि सृष्टि के आरम्भ में मनुवंशीय भरत थे जिनके नाम पर भारतवर्ष नाम पडा |
अग्नि पुराण (अध्याय 107 - श्लोक 11-12) , विष्णु पुराण (अंश-2, अध्याय-1 में श्लोक 29-32), नारसिंह पुराण (अध्याय-30) आदि में स्पष्ट वर्णन है कि स्वायम्भुव मनु की छठी पीढी में (मनुपुत्र प्रियव्रत, उनके पुत्र अग्नीध्र, उनके पुत्र नाभि, उनके पुत्र ऋषभ) ऋषभपुत्र भरत हुए थे जिनके नाम पर अग्निपुराण के अनुसार हिमाह्वय का नाम बदल कर भारतवर्ष रखा गया ; अन्यत्र हिमाह्वय का नाम अजनाभवर्ष मिलता है जिसे बदलकर भारतवर्ष नामकरण हुआ | पुराणों और ज्योतिष-सिद्धान्त ग्रन्थों के अनुसार यह काल लगभग 195 करोड़ वर्ष पहले का है | तबसे 454 बार महायुगों की संधियों में प्रलय आ चुके हैं जिनमें पिछले महायुगों के भौतिक अवशेष नष्ट हो जाते हैं, अतः भौतिक पुरातत्व द्वारा इतने प्राचीन प्रमाण ढूँढना असम्भव हैं |
यही भरत विश्व के प्रथम चक्रवर्ती थे | जैन साहित्य में इनके पिता को प्रथम जैन तीर्थंकर माना गया है | किन्तु जैन साहित्य के अलावा किसी भी ग्रन्थ में महावीर स्वामी से पहले किसी "जैन तीर्थंकर" का उल्लेख नहीं मिलता | पुराणों के अनुसार ऋषभ और शान्ति, कुन्थु, अर आदि सनातनी थे, जैन नहीं, किन्तु जैन साहित्य में "शान्ति, कुन्थु, अर" को भी 'जिन' कहा गया है जो कई मध्ययुगीन अन्यान्य ग्रन्थों में भी आयातित कर लिया गया |
इक्ष्वाकु वंश दिव्य वंश था, उसके राजा साधारण मानव नहीं थे |
कलियुग में बहुत से लोग सूर्यवंशी कहलाते हैं किन्तु उनका प्राचीन सूर्यवंश से कोई सम्बन्ध नहीं है | प्राचीन सूर्यवंश दिव्यवंश था जिसके राजाओं की औसत आयु (दशरथ जी और राम जी को छोड़कर) 73825 वर्षों की थी, त्रेतायुग अन्त पर था अतः दशरथ केवल 60000 वर्षों तक और राम जी केवल 11000 वर्षों तक ही राज कर पाए, युग ही समाप्त हो गया | वे सबके सब "राजर्षि" थे यह गीता में श्रीकृष्ण ने कहा, और केवल महाभारत युद्ध के लिए उन प्राचीन राजर्षियों का गोपनीय राजयोग सीमित अवधि हेतु अर्जुन को दिया, श्रीकृष्ण के जाते ही वह राजयोग भी चला गया और अर्जुन गाण्डीव उठा भी न सके !
अयोध्या का उल्लेख अथर्ववेद में है और इक्ष्वाकु वंश के कई राजाओं का उल्लेख ऋग्वेद में है जिनपर इतिहासकार मौन हैं | दयानन्द स्वामी मानते थे कि वेदों में इतिहास नहीं है, वेदों में व्यक्तियों के नामों का वे भावार्थ लगाते थे | भारतीय मान्यता यह रही है कि वेद सृष्टि से पहले भी थे और प्रलय के बाद भी रहेंगे , किन्तु इसका यह अर्थ नहीं कि वेदों का इतिहास से सम्बन्ध नहीं - वेदों में वर्णित पदों और परिघटनाओं की इतिहास में आवृति होती है |
चक्रवर्ती और सम्राट में अन्तर होता है | सम्राट का अर्थ है जिसने राजसूय यज्ञ किया हो, राजमण्डल के बारहों प्रभेदों पर जिसका वर्चस्व हो और सभी राजाओं को जिसने वश में कर लिया हो | द्वापर और कलियुग में कोई चक्रवर्ती नहीं हुआ | गौतम बुद्ध के बाद तो अंग्रेजों के अलावा किसी का सम्पूर्ण भारत पर भी वर्चस्व नहीं हुआ |
ज्योतिषशास्त्र की मान्यता है कि जन्मकुण्डली में कम से कम पाँच ग्रह उच्च होकर शुभ भावों में स्थित होने तथा अन्यान्य शुभ योगों के रहने से चक्रवर्ती योग बनता है | जैसी कि पराशर ऋषि के मतानुसार केन्द्रेश और त्रिकोणेश परस्पर राजयोग बनाते हुए यदि सिंहासनांश में हो तो चक्रवर्ती योग बनता है जिस कारण सम्पूर्ण पृथ्वी का पालक बनने की क्षमता मिलती है | पराशर ऋषि ने चक्रवर्तियों की सूची में राजा हरिश्चन्द्र, उत्तम मनु, बलि, वैश्वानर तथा "अन्य कई" हो चुके हैं ऐसा लिखते हुए कहा कि वर्तमान (उनके) युग में युधिष्ठिर तथा भविष्य में शालिवाहन (कनिष्क नहीं) होंगे | ये शालिवाहन गौतम बुद्ध से बहुत पहले वाले हैं |
पराशर ऋषि की सूची अधिक प्रामाणिक लगती है, जिसका पौराणिक कथाओं से साम्य दिखता है | अतः चक्रवर्तियों की संख्या बारह तक ही सीमित नहीं होगी |
पराशर ऋषि ने चक्रवर्ती से भी ऊँचे ज्योतिषीय योगों का उल्लेख किया है :-
केन्द्रेश और त्रिकोणेश परस्पर राजयोग बनाते हुए यदि पारावतांश में हो तो मनु, अर्थात सम्पूर्ण मन्वन्तर का अधिप, होते हैं ; ये ग्रह यदि देवालोकांश में हो तो विष्णु के अवतार जन्म लेते हैं, ये ग्रह यदि ब्रह्मलोकांश में हों तो ब्रह्मादि लोकपाल प्रकट होते हैं ; और ये ग्रह यदि ऐरावतांश में हों तो सम्पूर्ण कल्प का आरम्भ करने वाले स्वायम्भुव मनु जन्म लेते हैं |
षोडशवर्गों के अन्तर्गत दशवर्ग में पाँच वर्गों में यदि उच्चादि ग्रह हों तो सिंहासनांश योग बनता है ; सिंहासनांश योग वाले ग्रह यदि केन्द्रेश और त्रिकोणेश वाला परस्पर राजयोग भी बनाएं तभी चक्रवर्ती योग बनता है | कुछ लोगों ने इस जटिल योग को न समझकर स्थूल नियम बना दिया कि केवल पाँच ग्रह उच्च होने से चक्रवर्ती योग बन जाता है, जो असत्य है | सिंहासनांश योग वाले पाँच षोडशवर्गों में राज-पाट से सम्बंधित वर्ग होने अनिवार्य हैं, वरना अन्य विषय का चक्रवर्ती योग बन जाएगा, राजनैतिक नहीं | अतः लग्नकुण्डली (प्रथम वर्ग), नवांश, होरा, दशमांश और अन्य किसी दशवर्ग में उच्चादि ग्रह यदि परस्पर केन्द्रेश और त्रिकोणेश वाला परस्पर राजयोग बनाएं तो सर्वोत्तम चक्रवर्ती योग बनेगा | दशवर्ग में किन-किन पाँच वर्गों में और कुंडलियों के किन-किन भावों में योगकारक ग्रह स्थित हैं इसपर यह निर्भर करेगा कि किस प्रकार का चक्रवर्ती है |
2003 ईस्वी में 36 लाख से अधिक ऐसे बालकों-बालिकाओं का जन्म हुआ है जिनकी कुण्डली में छ या सात ग्रह उच्च के हैं (हाल में भी कुछ ऐसे बच्चे जन्मे हैं, किन्तु संख्या बहुत कम है), वे सभी चक्रवर्ती नहीं हो सकते (केवल 5 या 6 ग्रह उच्च होने से चक्रवर्ती योग नहीं बनता | उच्च ग्रह यदि अशुभ घरों में हों या अशुभ ग्रहों के सम्बन्धी हों या अशुभ घरों के स्वामी हों तो अशुभ फल देते हैं ) | उन छ या सात उच्च ग्रहों में से कम से कम पाँच ग्रह यदि उपरोक्त चक्रवर्ती योग बनाएं तभी सम्पूर्ण पृथ्वी को एक कर पायेंगे | चक्रवर्ती योग हेतु ग्रहों का केवल उच्च होना ही अनिवार्य नहीं है, मूलत्रिकोणस्थ अथवा स्वगृही होने से भी चक्रवर्ती योग बन सकता है |
किन्तु विशुद्ध चक्रवर्ती योग के अलावा भी अनेक प्रकार के राजयोग होते हैं | उदाहरणार्थ, नरेन्द्र मोदी की कुण्डली में चन्द्रमा राज-पाट से सम्बंधित सर्वाधिक महत्वपूर्ण पाँच वर्गों में भावोत्तम योग बनाते हैं जिस कारण चन्द्रमा की महादशा आरम्भ होते ही देश की सर्वोच्च सत्ता का प्रचण्ड राजयोग आरम्भ हो गया | आजकल के ज्योतिषी इन योगों की गलत गणना करते हैं |
श्रीराम और श्रीकृष्ण विष्णु के अवतार थे, अतः उपरोक्त अवतार-योग का भी रहना आवश्यक है जिसकी चर्चा भी आधुनिक शोध-कर्ता नहीं करते |***
 

Wednesday, 1 October 2025

प्रतिभा और प्राणायाम – भाग २ - Vinay Jha

 

प्रतिभा और प्राणायाम – भाग २ (सरल रूप)

प्राणायाम क्या है?

  • प्राणायाम केवल सांस रोकना नहीं, बल्कि एक ऐसी गहराई है जहाँ साधक मृत्यु जैसी शांति और स्थिरता का अनुभव करता है।

  • यह हमें जीवन की अस्थिरता और नश्वरता का सीधा अहसास कराता है और सिखाता है कि असली मूल्य भीतर है, बाहर की चीज़ों में नहीं।

ईश्वर से नहीं, अपने आप से जुड़ना

  • योग का मतलब किसी बाहरी भगवान से मिलना नहीं है।

  • इसका असली अर्थ है अपने ही भीतर की दिव्यता को पहचानना।

  • बाहरी कर्मकांड और आदतें अगर इस आत्म-जागरण से खाली हों तो वे केवल दिखावा बन जाती हैं।

अस्तित्ववादी दृष्टिकोण और प्राणायाम

  • जैसे अस्तित्ववादी लेखक मृत्यु और जीवन की सच्चाई से सामना करने की बात करते हैं, वैसे ही प्राणायाम साधक को मृत्यु के भय से पार ले जाता है।

  • यह हमें असली अस्तित्व का अनुभव कराता है, जहाँ भय और भ्रम टूट जाते हैं।

चेतना का सत्य

  • चेतना व्यक्तिगत नहीं, बल्कि सामूहिक है।

  • जब साधक अपने भीतर के सत्य को पहचानता है तो वह स्वाभाविक रूप से सब प्राणियों से जुड़ जाता है।

  • योग मन को नियंत्रित करने का विज्ञान है। जब मन शांत हो जाता है, तभी असली वास्तविकता सामने आती है।


👉 संक्षेप में:
प्राणायाम और योग हमें अपने भीतर की दिव्यता से जोड़ते हैं। यह मृत्यु के भय को मिटाकर जीवन के असली अर्थ का बोध कराते हैं।

💐** योग और यज्ञ **💐 - Kameshwar Upadhyaya

 

** योग और यज्ञ **💐
*💐- योग से मनुष्य जीवन सर्वविध सफल होता है।यज्ञ से मनुष्य देवत्व की ओर बढ़ता है।अतः ऊर्ध्व चेतना के लिए योग अनिवार्य है तथा चेतना के ऊर्ध्व बिन्दु पर टिके रहने के लिए यज्ञ अनिवार्य है।जिस दिन जीवन यज्ञ बन जाता है उसी क्षण से मनुष्य देवत्व प्राप्त कर लेता है।
*💐- जब सूर्योदय पूर्व स्नान कर व्यक्ति सन्ध्या कर प्रणायाम को विस्तार देता है तब योग प्रबल होता है। वही प्राणायाम के बाद व्यक्ति जब हवन करता है तब योग और यज्ञ का मिलन होता है।
*💐-६४ कुम्भक करने की क्षमता अर्जित करने वाला तीन वर्ष में योग सिद्ध हो जाता है। तीन वर्षों तक यौगिक क्रियाओं को सफलता पूर्वक अर्जित करने वाला योग से समाधि में प्रवेश कर जाता है।
यज्ञ में सातत्य से व्यक्ति अंतरिक्ष से वांछित का दोहन करने में सक्षम हो जाता है।योग और मन्त्रात्मक यज्ञ की सिद्धि से धनुर्वेद हस्तगत हो जाता है।विगत तीन चार हजार वर्षों से इस दिशा में प्रयत्न बन्द हो चुका है। जिस दिशा में प्रयत्न बन्द हो जाता है उस दिशा में केवल विफलता मिलती है। छोटे छोटे प्रयोगों को साध कर उस दिशा में यत्न करने पर योग और तेजी से बढ़ेगा।योग मनुष्य की ताकत को अपरमित विस्तार देता है और यज्ञ मनुष्य को देवता और अदृश्य के निकट ले जाता है।योग और यज्ञ को साथ ले कर चलने वाला सभी युद्धों को जीत लेता है।
आईये योग और यज्ञ को लघु और सरल रूप में लोगों के दरवाजे तक पहुचाया जाये।जीवनमें दो काम किया जाए-
सत्यं वद और धर्मं चर को अपनाया जाए तथा कृतं स्मर,क्रतुं स्मर के सिद्धांत को अपना कर यज्ञ विधि का स्मरण किया जाए।
योग चित्तवृत्ति का निरोध है।
योग कर्म में कुशलता है।
समत्व साधने की क्षमता योग है।
आत्मतत्त्व को परमात्म तत्त्व से जोड़ना योग है।
( आज अंतरराष्ट्रीय योग दिवस पर मालवीय भवन,काशी हिन्दू विश्वविद्यालय में मेरा उद्बोधन रहा।)
सभी को योग दिवस की शुभकामनायें।
डॉ कामेश्वर उपाध्याय
 
 

योग पर विशेष ध्येय विषय - Kameshwar Upadhyaya

 

योग पर विशेष ध्येय विषय-२ **💐
*💐-चित्तवृत्ति का शमन योग में परम अनिवार्य होता है।मन में जब तक कामनाओं के संकल्प विकल्प उत्पन्न होते रहेंगे तब तक योग निकट नहीं आ सकता-- करोति कामः कर्त्ता कामः कारयिता कामः।अतः कामनाओं का निरोध योग की सिद्धि का आधार बनता है।
स्कन्द पुराण में योग की अनेक परिभाषायें दी हुई हैं-
संयोगस्त्वात्ममनसो: योगः ( आत्मा और मन का संयोग योग कहलाताहै।आत्माके संपर्कमें आतेही मन प्रकाशमय
हो जाता है।
प्राणापानसमायोगो योगः ( प्राणवायु और अपान वायु का
संयोग योग है।)यह एकांगी परिभाषा है।यह ध्यान से पूर्व की अवस्था में ही विसर्जित हो जाती है।
क्षेत्रज्ञे मनस एकीकरणं योगः ( क्षेत्रज्ञ परमात्मा में वृत्तिहीन मन का एकीकृत हो जाना योग है।
इस तरह से हम देखते हैं कि गीता,योगदर्शन,स्कन्द पुराण आदि में योग की अनेक परिभाषायें दी हुई हैं।
*💐- चित्त वृत्ति का निरोध कैसे करें ?
वायु के निरोध से ही चित्त का निरोध होता है।प्राणायाम द्वारा ही वायु का निरोध सम्भव है।षडंग योग द्वारा ही प्राण का निरोध होता है --
मरुन् निरोधनार्थाय षडंगं योगमभ्यसेत् ।
स्कन्दपुराण यम नियमको धर्म का आधार मानता है।अतः
अलग से योग के छः अंगों को मानता है --
आसनं प्राणसंरोधः प्रत्याहारश्च धारणा।
ध्यानं समाधिरेतानि योगांगानि भवन्ति षट् ।।
*💐--आसन --- योग का प्रथम अंग आसन है।आसन के संदर्भ में शास्त्र वचन हैकि जितने जीव होतेहैं उतनेआसन होते हैं अर्थात् चौरासी लाख आसन होते हैं। ऐसे में स्कन्द पुराण योग साधक आसनों में सिद्धासन, पद्मासन तथा स्वस्तिकआसनको महत्त्वपूर्णमानाहै।अन्यग्रंथोंमेंकुछअन्य आसन भी कहे गयेहैं। सिद्धासन और पद्मासनको योगियों ने सर्वाधिक महत्त्व दिया है। स्वामी ओमानंद जी कहते हैं -- ३ घण्टा ३६ मिनट तक जो सुखपूर्वक आसन लगा कर ध्यान करता है उसका वह आसन सिद्ध हो जाता है।इसका गणितीय महत्त्व है। २१६ मिनट तक का सुख आसन सौ बार होतेही २१६०० प्राण कलाओं पर सिद्धता
देता है। आसन सिद्धि से व्यवसाय(दुकान)जमता है यह लोक में प्रसिद्ध है।२४आसन प्रसिद्धि प्राप्तहैं।वैसेआसनों का विस्तार अकथनीय है।आसनसे शरीर मजबूतहोता है - आसनेन वपुर्दार्ध्ढ्यम्।मजबूत शरीर ही आत्मा की प्राप्ति में सहायक होता है।
*💐-- प्राणायाम -- शरीर के भीतर प्राणवायु को रोकना प्राणायाम है-अतः प्राणं निरुनध्येत्।प्राणायाम करते समय
गायत्री,सावित्री,हं स: या यं मन्त्र का जप करने को कहते हैं।कतिपय योगी परम्परा प्राप्त मन्त्र भी देते हैं।
वाम नासिका को चन्द्र नाड़ी तथा दाहिनी नासिका को
सूर्य नाड़ी कहते हैं। वाम से वायु को खींचकर अन्दर भरते
हैं और उसे दाहिनी नासिका से बाहर निकालते हैं।फिर दाहिनी से वायु अन्दर खींच कर रोकते हैं और बायीं से निकालते हैं।यह एक प्राणायम कहा गया है।
तीन मास तक इस सामान्य प्राणायाम को करने पर शरीर का नाड़ी समूह शुद्ध हो जाता है--
इत्थं मास त्रयाभ्यासात् उभयायामसेवनात्।
सिद्धनाड़ी गणो योगी सिद्धप्राणोsभिधीयते।।
नाड़ी शुद्धि से जठराग्नि शुद्ध हो जाती है।शरीर हल्का हो जाता है तथा निरोगिता आ जाती है। तीन मास के छः घण्टे के अभ्यास से परावाणी भी सुनाई देने लगती है---
नादाभिव्यक्तिरारोग्यम् भवेन्नाडीविशोधनात्।
प्राणायाम में वायु खींचने और निकालने की गति धीमी रहनी चाहिए।इसे युक्त वायु कहते हैं-- युक्तं युक्तं त्यजेद् वायुम्।
*💐- प्राणायाम से शरीर, मन की शुद्धि होती है।प्रत्याहार से संचित पाप भस्म होते हैं। धारणा से योग जन्य धैर्य की वृद्धि होती है।ध्यान से आत्म दर्शन- ईश्वर दर्शन का लाभ होने लगता है। समाधि से मोक्ष मिलता है ------समाधिना लभेन्मोक्षम्।
*💐-प्रत्याहार -- बाह्य कुम्भक के साथ किया हुआ प्राणा -याम अधिक फल देता है। १२ प्राणायाम का एक प्रत्या- हार होता है। १२ प्रत्याहारों की एक धारणा होती है।
इस प्रकार से एक धारणा में १४४ प्राणायाम होंगे। १२ धारणाओं का एक ध्यान होता है। ध्यान तक पहुंचने में
१७२८ प्राणायाम लगते हैं।समाधि तक आने में२०७३६
प्राणायाम पूरे करने होते हैं।गणित की दृष्टि से भी देखें तो योग की अंतिम परिणति समाधि तक पहुंचना कठिनतम तो है ही।केवल मानसिक व्यायाम से यहां तक पहुंचना असम्भव ही है। --------
प्राणायाम द्वि षटकेन प्रत्याहार उदाहृतः।
प्रत्याहारै: द्वादशभि: धारणा परिकीर्तिता ।।
ध्यानैः द्वादशभिश्चैव ध्यानं हि परिकथ्यते।
ध्यान द्वादशकेनैव समाधिरभिधीयते ।।
प्रत्याहार का शाब्दिक अर्थ है इंद्रियों के विषय को हरने वाला ।जहां पहुंचतेही इंद्रियां शिथिल हो निरुद्ध हो जायें।
कछुआ की वृत्ति प्रत्याहार में आ जाती है।
पंच महाभूतों को ध्यान में धारण करना ही धारणा है ।
**
एक बात स्पष्ट हो गयीकि आसनों से शरीर दृढ़ और प्रबल
होता है। केवल आसन योग का स्थान नहीं ले सकता। मन की प्रबलता प्राणायाम से आगे निकलनेपर मिलतीहै।
** प्राणवायु जब सहस्रार में थमने लगती है तब सिद्धियों का द्वार खुलता है--ततः सिद्धिरदूरतः ।
योग के इस न्यूनतम विस्तार को यहॉं रखा गया है।अन्य विषयों को इसलिए छोड़ा गया कि वे चित्तवृत्ति से ऊपर उठने के बाद तीन वर्षों के प्रबल प्रयत्न से मिलते हैं।
योग को यदि सात वर्ष की आयु से लेकर बारह वर्ष की आयु तक के ब्रह्मचारी करें तो उनको मुद्राओं और जिह्वा जनित योगों की सिद्धि आसानी से हो सकती है।
डॉ कामेश्वर उपाध्याय
अ .भा .विद्वत्परिषद