Tuesday, 28 July 2020

नेट से HD वीडियो डाउनलोड करने की विधि

यू−ट्यूब जैसे बहुत से इण्टरनेट साइट हैं जहाँ से लोग सामान्य अथवा निम्न गुणवत्ता के वीडियो और फिल्म डाउनलोड करते हैं,किन्तु उन्हीं साइटों से उच्च गुणवत्ता के वीडियो भी डाउनलोड किये जा सकते हैं जिसकी जानकारी बहुत कम लोगों को है । शर्त यही है कि लगभग दो जीबी (2 GB) या अधिक के वीडियो डाउनलोड करने की क्षमता आपके डेस्कटॉप या लैपटॉप में होनी चाहिये । प्रस्तुत विधि विण्डो कम्प्यूटर हेतु ही है किन्तु लायनक्स पर भी सम्भव है जो प्रस्तुत लेख में नहीं दिया जा रहा है ।
स्मार्टफोन में यह विधि तभी कार्य करेगी जब उसमें विण्डो−साइम्यूलेटर इन्सटॉल किया जाय किन्तु एक भी अच्छा विण्डो−साइम्यूलेटर मुझे नहीं मिल सका है,कार्य करने योग्य विण्डो−साइम्यूलेटर आपलोग ढूँढ सकें तो डेस्कटॉप वाले कुण्डली सॉफ्टवेयर और अन्य सारे डेस्कटॉप प्रोग्रामों को एण्ड्रॉयड फोन पर भी चला सकेंगे । अर्थात् आपका फोन सम्पूर्ण कम्प्यूटर बन जायगा,बशर्ते फोन में पर्याप्त मेमोरी हो ।
ffmpeg एक मुफ्त का सोर्स कोड है जो हर प्रकार के वीडियो मुक्सिंग (वीडियो मिक्सिंग और वीडियो मुक्सिंग में अन्तर है । दो वीडियो को जोड़ना वीडियो मिक्सिंग है । ध्वनिरहित वीडियो में उसी का ऑडियो जोड़ना वीडियो मुक्सिंग है ।) और अन्य कई वीडियो एडिटिंग सम्बन्धी प्रोग्रामिंग हेतु प्रोग्रामरों के लिये बनाया गया है । परन्तु कुछ लोगों ने इसके बने−बनाये बुइल्ड वर्सन भी नेट पर डाल रखे हैं जिनका उपयोग आम लोग भी आसानी से कर सकते हैं,यदि विधि पता हो । ऐसा ही एक साइट है —
https://ffmpeg.zeranoe.com/builds/
इस साइट में अनेक ऑप्शन मिलेंगे । मेरा लैपटॉप विण्डो−१० का ६४−बिट है,अतः मैंने वही ऑप्शन चुना और अन्य सारे ऑप्शन डिफॉल्ट रहने दिये,और “डाउनलोड बुइल्ड” बटन दबा दिया । जिप फाइल डाउनलोड हुआ जिसे वाञ्छित फोल्डर में रखकर अनजिप करना पड़ेगा । अनजिप किये फोल्डर का लम्बा नाम होगा,उसे रिनेम करके फोल्डर का नाम ffmpeg कर दें,या कोई भी छोटा नाम रख दें । उसके भीतर bin नाम का फोल्डर रहता है जो आपके काम की चीज है । उसके भीतर तीन एक्से फाइलें होंगी जिनमें से ffmpeg.exe उपरोक्त कार्य करने वाला फाइल है । इसे सीधे रन करने से कुछ नहीं होगा क्योंकि यह विण्डो का फाइल नहीं है । इसे प्रयोग में लाने की विधि निम्न है ।
यूट्यूब में राजकपूर−नर्गिस की १९४८ ईस्वी वाली फिल्म “आग” का उदाहरण दे रहा हूँ । किसी भी यूट्यूब डाउनलोडर की अपेक्षा वाञ्छित गुणवत्ता वाला वर्सन निम्न विधि द्वारा मिलेगा । नेट पर https://9xbuddy.org/ साइट खोलें (bu ddy में बीच के स्पेस हटाकर buddy बना लें क्योंकि यहाँ सही लिंक देने पर फेसबुक रोक रहा है)। उसमें यूट्यूब से “आग” फिल्म का लिंक पेस्ट कर दें । नीचे बहुत से वर्सन मिलेंगे (स्क्रीनशॉट संलग्न है),जिनमें SHOW SIZE दबाने पर यदि दो−तीन KB का ही छोटा आकार दिखाये तो दो ही सम्भावना है — या तो आपका नेट स्पीड उस समय अत्यन्त धीमा है जैसा सायंकाल प्रायः रहता है,अथवा वह वीडियो केवल देखने के लिये है,डाउनलोड प्रतिबन्धित है ।
डाउनलोड प्रतिबन्धित हो तो उसका उपाय भिन्न है — तब Debut Video Capture Software मुफ्त में इन्सटॉल करके यूट्यूब या किसी साइट वाला वह वीडियो फुल डेस्कटॉप मोड में चलायें और Debut Video Capture Software को भी रन करें,यदि नेट की स्पीड अच्छी है तो जबतक वीडियो समाप्त न हो तबतक चलने दें,उसकी प्रति Debut Video Capture Software तैयार कर देगा ।
डाउनलोड प्रतिबन्धित नहीं होगा तो https://9xbu ddy.org/ साइट से आप वाञ्छित गुणवत्ता वाला वीडियो डाउनलोड कर सकते हैं । “आग” फिल्म के 720p वाले वर्सन से आप सन्तुष्ट हैं तो https://9xbu ddy.org/ में 720p वाले ऑप्शन के आगे “DOWNLOAD NOW” बटन दबाने पर डाउनलोड होने लगेगा किन्तु समय बहुत लगेगा,अतः बेहतर है कि DOWNLOAD NOW पर राइट−क्लिक करके लिंक कॉपी कर लें और DAP सॉफ्टवेयर द्वारा डाउनलोड करें जिसके मुफ्त वर्सन में भी डाउनलोड स्पीड कई गुणी तेज हो जायगी ।
परन्तु यदि 1080p वाला वीडियो उपलब्ध है और आपके पास अच्छा नेट कनेक्शन है तो 720p वाला वीडियो डाउनलोड करना ठीक नहीं । परन्तु यूट्यूब पर 1080p वाला वीडियो बिना आवाज के ही अपलोड करने की परम्परा है ताकि फिल्म कम्पनियों को घाटा न लगे । उसी साइट पर आपको M4A AUDIO - 128KBPS वाला ऑडियो फाइल भी मिलेगा,उसे भी डाउनलोड कर लें । इस M4A ऑडियो फाइल को mp4 या webm वीडियों फाइल से जोड़कर मूल फिल्म बनाने को “वीडियो मुक्सिंग” (video muxing) कहते हैं जिसके लिये सर्वोत्तम साधन है ffmpeg जिसका ऊपर वर्णन है ।
किसी वीडियो एडिटर में भी आप दोनों फाइलों को जोड़ सकते हैं,किन्तु ३ जीबी के विशाल वीडियो की मुक्सिंग (muxing) करने में वीडियो एडिटर को दस − पन्द्रह घण्टे लग जायेंगे,जबकि ffmpeg एक सेकण्ड में लगभग १० जीबी का फाइल बना सकता है ।
तीसरा उपाय है VLC वीडियो−लैन फ्री सॉफ्टवेयर जिसमें दोनों को जोड़कर नया फाइल आप नहीं बना सकते किन्तु जोड़कर देख सकते हैं । VLC खोलकर निम्न कार्य करें —
Go to Media
Open Multiple Files....
In the Open Media window, click Add....
In the Select one or multiple files window, select the desired video file. Click Open.
In the Open Media window, tick Show more options, then tick Play another media synchronously. Click Browse....
In the second Open Media window, click Add....
In the Select one or multiple files window, select the desired file that contains the audio which will be played on top of the video previously selected. Click Open.
In the second Open Media window, click Select.
In the first Open Media window, click Play.
If you have more than one audio track available, go to Audio Audio Track and pick the one that corresponds to the desired audio overlay.
अब मुक्सिंग की विधि प्रस्तुत है । विण्डो में cmd अथवा command prompt सर्च करें और उसे राइट क्लिक करके एडमिन मोड में खोंलें । C:\Windows\System32> पथ में कमाण्ड प्रॉम्प्ट खुलेगा । कमाण्ड प्रॉम्प्ट में आप विण्डो को किनारे करके कम्प्यूटर की पूर्ण शक्ति का मनचाहा उपयोग कर सकते हैं,किन्तु लापरवाही से एक भी गलत अक्षर दबाकर पूरे कम्प्यूटर का सत्यानाश भी कर सकते हैं । उसमें DOS प्रोग्रामिंग सीखकर मैंने १९९३ ई⋅ में खरीदे गये IBM के थिंकपैड लैपटॉप में ज्योतिषीय एवं अन्यान्य प्रोग्राम बनाये थे जो विण्डो प्रोग्रामों की तुलना में सैकड़ों गुणा तेजी से कार्य करते थे ।
मेरे लैपटॉप में ffmpeg.exe जिस पथ में रखा है उसका नाम है D:\ffmpeg\bin,अर्थात् D ड्राइव के ffmpeg फोल्डर के bin सब−फोल्डर में ffmpeg.exe फाइल है । अतः कमाण्ड−प्रॉम्प्ट पर पथ को C:\Windows\System32> से बदलकर D:\ffmpeg\bin करना पड़ेगा जिसके लिये निम्न कमाण्ड लिखकर एण्टर बटन दबाना पड़ेगा,एक भी अक्षर या स्पेस की गलती न करें —
cd /d D:\ffmpeg\bin
उपरोक्त तरीके से 1080p वाला जो वीडियो आपने डाउनलोड किया है उसका नाम छोटा करके,जैसे कि Aag.mp4,उसी D:\ffmpeg\bin “बिन” सब−फोल्डर में डाल दें । m4a ऑडियो फाइल का भी ऐसा ही छोटा नाम करके उसी पथ में डाल दें । अब कमाण्ड प्रॉम्प्ट पर निम्न कोड कॉपी−पेस्ट करके एण्टर दबा दें,यदि सबकुछ ठीक से किये हैं तो तत्क्षण आउटपुट वीडियो फाइल बना देगा जिसका मनचाहा नाम रखकर मनचाहे पथ में रख सकते हैं —
ffmpeg -i Aag.mp4 -i Aag.m4a -c:v copy -c:a copy output.mp4
यदि डाउनलोड किया हुआ वीडियो फाइल mp4 न होकर webm है तो उपरोक्त के बदले निम्न कमाण्ड कार्य करेगा —
ffmpeg -i Aag.webm -i Aag.m4a -c:v copy -c:a copy output.mkv
६० फ्रेम प्रतिसेकण्ड या अल्ट्रा HD वाले वीडियो पर ffmpeg कार्य नहीं करेगा,किन्तु फीचर फिल्म 1080p तथा ३० फ्रेम प्रतिसेकण्ड वाले HD पर ही उपलब्ध हैं जिनके लिये ffmpeg विश्व का सर्वोत्तम साधन है । यूट्यूब या अन्य साइटों पर यदि इस गुणवत्ता का वीडियो आपको मिलता ही नहीं है तब तो ffmpeg कुछ नहीं कर सकता । सामान्यतः 1080p वाले फिल्म नेट पर वीडियो से ऑडियो को हटाकर अपलोड किये जाते हैं जिन्हें जोड़ने का सर्वोत्तम साधन ffmpeg है ।
अन्त में बता दूँ कि “आग” फिल्म मैंने देखी नहीं,केवल हाइ−डिफिनिशन वर्सन डाउनलोड की विधि बता रहा हूँ । जाँचने के लिये इस फिल्म का 1080p वर्सन मैंने डाउनलोड करके ffmpeg द्वारा मूल फाइल बना ली,किन्तु बाद में यूट्यूब पर उसे पुनः ढूँढा तो एक ऐसा लिंक मिला जिसमें डाउनलोड का कोई फाइल था ही नहीं,केवल देखने की सुविधा थी । अतः ढूँढने में कुछ तो समय लगाना पड़ेगा ।
पुरानी फिल्मों के 4K या उससे भी बेहतर वर्सन बनाये जा सकते हैं किन्तु उनके कॉपीराइट जिनके पास हैं वे अनुमति नहीं देते ।
पुरानी फिल्मों के मूल गानों के ग्रामोफोन रिकॉर्ड रेडियो स्टेशनों में हैं जहाँ से व्यक्तिगत परिचय हो तो आप चुपचाप प्रतिलिपि प्राप्त कर सकते हैं — यदि घर में अच्छा साउण्ड सिस्टम है तो पुराने गायकों की जो आवाज सुनने को मिलेगी उसपर विश्वास नहीं होगा कि कोई मनुष्य वैसा गा सकता है,बशर्ते वह ग्रामोफोन रेकर्ड बहुत कम चला हो और घिसा न हो । कई जन्मों के पुण्यों से रफी साहब या लता दीदी जैसा गला मिलता है । वैसे रेकर्ड कितना भी पैसा खर्च करने पर बाजार में नहीं मिल सकते । नेट पर मूल गाने नहीं मिलेंगे,घटिया प्रतियाँ हैं । मेरे एक छात्र ने मेरा साउण्ड सिस्टम (और रेकर्ड लाइब्रेरी) जानबूझकर तोड़ डाला क्योंकि उससे पैसे का हिसाब मैंने माँग लिया था । मैंने स्वयं वह सिस्टम बनाया था — कई दशक पहले । मेरे छात्र जीवन में लोग मेरे आवास के आगे सड़क पर खड़े होकर सुनते थे । उसमें ध्वनि प्रोसेसिंग के लिये मुझे जो ऑटोमेटिक कण्ट्रोल थ्योरी सीखनी पड़ी थी उसी का उपयोग ब्रह्मोस मिसाइल और समस्त ऑटोमेटिक कण्ट्रोल सिस्टमों में है । चीन के घटिया उत्पादों के कारण अब वैसी गुणवत्ता के पुर्जे बाजार में मिलते ही नहीं,फिर भी कामचलाऊ तो बनाये जा सकते हैं । कामचलाऊ का अर्थ वह नहीं जो आपने अच्छे सिनेमा हॉल में सुना होगा,बल्कि वह जो रफी साहब या लता दीदी को पसन्द आये ।
====================
कल मेरा इण्टरनेट धीमा था अथवा यूट्यूब पर निम्न लिंक व्यस्त था जिस कारण ७२ वर्ष पुरानी “आग” फिल्म के सभी वर्सनों के लिंक नहीं आ रहे थे,अब आ रहे हैं । अतः उपरोक्त लेख में दिये गये स्क्रीनशॉट को अपडेट कर रहा हूँ और कमेण्ट में भी स्क्रीनशॉट दे रहा हूँ । 720p के फाइल का आकार ९४५ MB बता रहा है किन्तु 1080p वाले वीडियो में NO AUDIO बता रहा है और उसका ऑडियो अलग से ११६⋅४७ MB का है जिसे १⋅४९ GB वाले 1080p वाले वीडियो में जोड़ने के लिये मुक्सिंग करना पड़ेगा,तब १⋅६ GB का आउटपुट फाइल मिलेगा । १⋅६ GB के उस फाइल को ये लोग जानबूझकर अपलोड नहीं करते ताकि पैसा देने वालों को ही अपने वेबसाइट से मुक्सिंग सॉफ्टवेयर द्वारा पूर्ण फाइल देखने या डाउनलोड करने की सुविधा दे सकें । आम लोग मुक्सिंग करना नहीं जानते जिस कारण मुक्सिंग करने पर कानूनी प्रतिबन्ध नहीं लगाया गया । आपलोग बड़ी संख्या में मुक्सिंग करने लगेंगे तो सम्भव है इसपर भी प्रतिबन्ध लग जाय ।

Saturday, 16 May 2020

Important Book

For Astrology
Brihat Parasara Hora Sastra of Maharshi Parasara, Vol. I & II

Navratra Karne Ki Vidhi

https://www.facebook.com/kameshwar.upadhyaya.7/posts/145054616449983
।।अनुष्ठान प्रक्रिया।।
नवरात्रि में भगवती दुर्गा की आराधना की अनेक विधियाँ प्रचलित हैं।सर्वाधिक प्रचलित विधि नवदुर्गा पाठ या जिसे सप्तशती पाठ कहते हैं वह प्रचलित है।इसे चंडी पाठ भी कहते हैं।
सप्तशती(चंडी)पाठ की भी अनेक गुप्त विधियां इस देश में प्रचलित थीं लेकिन गीताप्रेस से दुर्गासप्तशती छपने के बाद अन्य विधियाँ लुप्त हो गईं।शुद्ध पाठ के साथ सप्तशती छाप कर गीताप्रेस ने अपूर्व कार्य किया।
आज पूरे देश में गीताप्रेस की विधि ही सार्वजनिक रूप से जीवित है।अतः अन्य विधियों की चर्चा न कर गीताप्रेस विधि की ही चर्चा करेंगे।
दुर्गासप्तशती मार्कण्डेय महापुराण से संग्रहीत है।इसमें तेरह अध्याय हैं।येन केन प्रकारेण सात सौ श्लोक पूरे किए गए हैं।तेरहवें अध्याय में लिखा है--सुरथ राजा और वैश्य ने नदी के तट पर निराहार, निमग्नचित्त, एकपरस्य हो कर अपने अपने रक्त से मिश्रित बलि देते हुए तीन वर्षों तक समाराधना की।देवीसूक्त का जप किया।इससे भगवती दुर्गा ने दोनों को दर्शन दिया।
देवीसूक्त दो प्रकार का है-वेदोक्त और तंत्रोक्त। केवल देवीसूक्त की आराधना कर मेधातिथि के निर्देश पर दोनों ने जगदम्बा का दर्शन किया।आज मैं एक रहस्य खोल रहा हूँ।मेरे यहाँ नौकरी प्राप्ति के लिए देवीसूक्त के १२०० पाठ सुनाए जाते हैं।प्रायशः नौकरी की प्राप्ति होती है।
मैंने स्वयं अपने जीवन में संकल्प पूर्वक तीन वर्षों तक गीताप्रेस विधि से भगवती दुर्गा का पाठ कर काशी हिंदू विश्वविद्यालय में १९८६ में नौकरी प्राप्त की।संकल्प में ही सारी शक्ति निहित है।मैं संकल्प लेता था--""काश्याम् उत्तमाम् जीविकाम् सम्प्राप्तये"" और तीन वर्ष में संकल्प पूरा हुआ।
यदि कोई केवल देवीसूक्त का ही पाठ करता है तो उसे सब कुछ मिल जाता है।तंत्रोक्त देवीसूक्त में ३०मन्त्र हैं।यह सिद्ध प्रयोग है।
सप्तशती पाठ की गीताप्रेस विधि में पहले तत्वशोधन,संकल्प,शापोद्धार, उत्कीलन, मृतसंजीवनी, कवच,अर्गला,कीलक,रात्रिसूक्त,शीर्षपाठ, नवार्ण,सप्तशती न्यास और तेरह अध्याय का पाठ है।अंत में पुनः नवार्ण-सप्तशती न्यास, देवीसूक्त,कुंजिका और क्षमापना करते हुए समापन है।
बहुत से लोग सीधे कवच, कीलक और अर्गला,न्यास कर पाठ करते हैं।
दोनों विधियाँ सम्मत हैं।
अनेक गुप्त प्रक्रियावों पर पुनः चर्चा होगी।
डॉ कामेश्वर उपाध्यायः
===============================================================
https://www.facebook.com/kameshwar.upadhyaya.7/posts/145765473045564
। अनुष्ठान प्रक्रिया ।।
दुर्गा सप्तशती पाठ की अनेक विधियाँ आज लुप्त हो गई हैं या होने के कगार पर हैं।साधक को चाहिए जब कभी कोई नई जानकारी मिले उसे सजो ले।
मैंने लिखा था प्राचीनकाल में केवल सप्तशती पाठ से ही साधना सफल हो जाती थी।अलग से कवच, कीलक,अर्गला नहीं पढ़ना पड़ता था।उसी के भीतर ये अंग समाहित थे।
सप्तशती के भीतर का कवच है-शूलेन पाहि नो देवि से लेकर करपल्लव संगीनि तक ४श्लोक। हवन करते समय इन मंत्रों से आहुति नहीं डाली जाती है।
एक एक मन्त्र कीलक और अर्गला के हैं--खंगिनी एवं सर्वस्वरूपे।
जब हम ध्यान से देखते हैंतो स्पष्ट हो जाता है कि वर्तमान विधि में बहुत सी चीजें बाहर से ला कर मार्कण्डेयपुराण
की विधि में जोड़ दी गयी हैं।इस विधिके कारण सप्तशती
की अपनी विधि धीरे धीरे लुप्त हुई। चिदम्बर संहिता में दिया है-- मार्कण्डेयपुराणोक्तं स्तवं सप्तशताभिधम्।
तस्मिन् देव्या: स्तवे पुण्ये मन्त्रा: सप्तशतं शिवे।।
स्तवस्य पठनादेव सर्वं नश्यन्तुपद्र्वा:।।
मार्कण्डेय पुराण के सात सौ श्लोक ही भगवती की कृपा प्राप्ति के लिए पर्याप्त हैं।
मरीचि कल्प विधि-- इसके अनुसार रात्रिसूक्त,तेरह अध्याय,देवीसूक्तम् पढ़नेसेपाठ पूर्ति-रात्रिसूक्तम् पठेदादौ
मध्ये सप्तशती स्तवम्।प्रान्ते तु पठनीयम् वै देवीसूक्त- मिति क्रमम् ।।
सप्तशती पाठ के भेदों में--गौड़ विधि,केरल विधि, काश्मीर विधि तथा समयाचार विधि प्रसिद्ध है।
मेरु तंत्र में कहा है--सप्त सती के कारण इसका नाम सप्तशती है। ये हैं--नंदा, शताक्षी, शाकम्भरी,भीमा, रक्तदन्तिका,दुर्गा और भ्रामरी।इनका चरित्र श्रवण ही सिद्धि है।
सप्तशती के पाठ से भुक्ति(सांसारिक लाभ)तथा मुक्ति (मोक्ष)दोनों की प्राप्ति होती है।नवार्णमन्त्र में ॐ जोड़ देने से यह मोक्ष कारक दशार्ण हो जाता है।यदि सांसारिक लाभ चाहिए तो ॐ मत लगाइए।
वरकार विधि --अति सशक्त विधि है।इस विधि से सात दिनों में सप्तशती का एक पाठ होता है पर लाभ नौदुर्गा का मिलता है।सूत्र है--पाठो$यं वरकार:।इसमें ७वर्ण हैं।प्रथम दिन१अध्याय,दूसरेदिन २,३ अध्याय, तीसरेदिन एक (चतुर्थ) अध्याय, चौथे दिन चार अध्याय(५,६,७,८), पांचवें दिन दो अध्याय(९,१०), षष्ठ दिन एक(११वां) अध्याय तथा सातवें दिन२अध्याय (१२,१३)पढा जाता है।इस प्रकार से तेरह अध्याय होते हैं पर नौ दुर्गा का लाभ मिलता है।कवच,कीलक, अर्गला की आवश्यकता नहीं पड़ती है।
ददाति प्रति गृह्णाति विधि--मध्याद्यन्त विधि।
इसे उत्कीलन विधि भी कहते हैं। पहले मध्यम चरित्र फिर,प्रथम चरित्र, फिर अन्त्यचरित्र का पाठ करते हैं।
एक अत्यंत विशिष्ट विधि- १३-१,/१२-२,/११-३,/१०-४,/९-५,/८-६/
अन्तिमदिन७-७/अध्याय का पाठ कर सभी शापों से मुक्त हुआ जाता था।यह भी सात दिन में पूरा होता था।।
अन्य ढेर सारी विधियाँ भी हैं।
गुरु के अनुभव का लाभ लेना चाहिए।स्वतः नई विधि में हाथ डालने से अच्छा है---- ऐम् , ह्रीं , क्लीम् में से किसी एक मन्त्र का सवा करोड़ जप कर सिद्ध कर लें।
।। जगदम्बार्पणमस्तु।।
डॉ कामेश्वर उपाध्याय
महासचिव, अखिल भारतीय विद्वत्परिषद।।

शारदीय नवरात्रि - Navratri

शारदीय नवरात्रि
======
https://www.facebook.com/kameshwar.upadhyaya.7/posts/144186469870131
प्रथम दिन
आज प्रथम दिन है नवरात्रि का।जगदम्बा पैरों में महावर लगा कर अपने भक्त के घर पधार चुकी हैं।विजय धूप,सुगन्धित बत्तियां,पारिजात के फूल,अत्तर और देशी
घी के जलते दीप से वातावरण ने दैवीय आकार ग्रहण कर लिया है।मंदिरों में लगी भीड़,बजती छोटी घण्टियाँ और माँ का गूंजता जयकारा बता रहा है कि दयामयी ने अपने आशीर्वचनों को आज सभी के लिए समान रूप से वितरित किया है--सर्वा बाधा विनिर्मुक्तो धनधान्य सुतान्वितः। मनुष्यो मत् प्रसादेन भविष्यति न संशयः।।
(मेरी संततियों!सभी बाधाओं से मुक्त हो कर तुम सभी पृथ्वी पर विचरोगे।)
आज किसी ने कलश बैठा कर जगदम्बा को बुलाया तो किसी ने प्रातःकाल ही सप्तशती के तेरह अध्यायऔर तीन चरित्रों को उन्हें सुनाया।विद्या के साधकों ने मंदिरों में जाकर माथे टेके।नए साधकों ने सप्तशती के चतुर्थ और एकादश अध्याय से स्तुति सुनाई माँ सिंहवाहिनी को।"न मन्त्रं नो यंत्रम् " के गूंजते स्वर सभी भावों को उन्हीं को समर्पित कर रहे थे।कोई दीप जला कर बुला रहा है तो कोई कर्पूर से नीराजन कर रहा है।आज सभी के घर मैहर, विंध्य,जम्मू , जालन्धर,कलकत्ता वाली माता पहुची है।करोड़ों रूपों को धारण कर करोड़ों भक्तों के घर मां आज स्वतः पहुचीं हैं।
आज अनेक सुकुमार बेटियों ने प्रथम दिन का उपवास रखा। कहने पर भी नहीं मानीं।अंतिम दिन भी ये उपवास रखेंगी ही।उपवास कोई छोटी चीज तो है नहीं?
उप निकट को कहते हैं और वास रहने को कहते हैं।जिसे करने से जगदम्बा के निकट जाने का अवसर मिले उसे उपवास कहते हैं।
बड़े भाई साहब ने भी मना करने के वावजूद उपवास रखा है।बोलते हैं नवरात्रि में कुट्टू, सिंघडा,
मखाना,केला दूध,फल कुछ भी लेकर रह जाऊंगा पर उपवास अवश्य रखूंगा।
भजन और जयकारे से प्रांगण गूंज रहा है।जगदम्बा भी आज विश्व मनोहर स्थली में अपने पुत्र और पुत्रियों में अगाधश्रद्धा देखकर सभीको आश्वासन दे रही हैं--जाओ!
घोर से घोर बाधाएं भी तुम्हारे द्वार तक नहीं पहुचेंगी।तुम सभी संकटों से मुक्त रहोगे।""सर्वाबाधासु घोरासु वेदनाभ्यर्दितोपि वा।स्मरन् ममैतत् चरितं नरो मुच्येत संकटात्।।
आज शैलपुत्री माँ का दिन है जिसने प्रतिज्ञा की थी--
जन्म कोटि लगी रगड़ हमारी। बरौ शम्भू न तो रहों कुमारी।।पति शिव ही चाहिए अन्यथा कुमारी ही रहूंगी।
शिव को झुकना पड़ा।तप के आगे।कहना पड़ा--अद्य प्रभृति अवनतांगी तवास्मि दासः।अयि शैलपुत्री!आज तुम्हारी तपस्या से यह शिव तुम्हारा दास हुआ।शैलपुत्री भी झुकी नहीं बोलीं--मेरे पिता माता के पास जाईये,मेरा हाथ मांगिये।शम्भू को जाना पड़ा।शैलपुत्री के दर्शन से जो चाहो सब मिलता है।महादेव भी प्रसन्न होते हैं।
वने रणे निवासिनीम् भजामि विंध्यवासिनीम् ।।
आज का प्रथम नवरात्रिदिवस भारतवर्ष के लिए अजेय, अपरिमेय हो। तां परमेश्वरीम् नमामि।।
डॉ कामेश्वर उपाध्याय
महासचिव, अखिल भारतीय विद्वतपरिषद।।
=============================================================
https://www.facebook.com/kameshwar.upadhyaya.7/posts/144969593125152
(द्वितीय दिवस)
आज शारदीय नवरात्रि का द्वितीय दिवस है।जड़ से चेतन तक पवित्र बना हुआ है।माता ब्रह्मचारिणी का आगमन हो चुका है।उनका तेज,चमकता कोटि सूर्य चन्द्र से अधिक अप्रतिम मुख मंडल भारतवर्ष की स्त्री शक्ति को एक संदेश दे रहा है-- ""मेरा ही अंश तुझमें है।तेरा तेज मुझसे ही समुद्भूत है।हिमालय पिता के घर उतपन्न होने के बाद मैं ने अध्ययन, ब्रह्मचर्य,तपस्या,फल-मूल-कंद भक्षण का व्रत धारण किया है।सारी विद्यायें,समस्त वेद,उपनिषद, आगम आदि ज्ञान प्रभेद मुझसे ही प्रादुर्भूत हुए हैं।इन्हें मैं धारण करती हूँ इसलिये ब्रह्मचारिणी कहलाती हूँ।तुम भारतवर्ष की पुत्रियाँ पश्चिम की पुत्रियों से पृथक हो।तुम यज्ञसंधात्री हो।प्रातः वंदनीया हो।अतः उठो और अपनी प्रतिभा से सृष्टि को मनोरम कर दो।""
स्त्री शक्ति का द्वितीय स्वरूप हैं ब्रह्मचारिणी देवी।मैं सोचता हूँ नौ स्वरूप धारण कर जगदम्बा ने अतिविशिष्ट संदेश दिया है।भारतीय महिला का तेज पृथक है।वो वुमन नहीं है।आज देश की महिलावों को बांट दिया गया है स्त्री बनाम वुमन में।भारतीय महिला को बहस के लिए टी वी पर नहीं बुलाया जाता है।उन्हें बुलाया जाता है जो वेस्टर्न कल्चर को थोपने वाली वुमन हैं।अस्तु,प्रातः काल जगदम्बा की चर्चा होनी चाहिए।नवरात्रि का अवसर है।
माता को चढ़ाने के लिए सेवन्तिका, चंपक,पाटल (गुलाब),बंधूक(दुपहरिया का फूल)करवीर(कनेर)आदि भले न मिले पर अड़हुल,पारिजात(हरसिंगार), तुलसीपत्र आदि तो मिल ही जाता है।गुलाब ढूंढने पर मिलता है और भाग्यशाली जनों को कमल के फूल भी मिल जाते हैं जिन्हें वे श्री माता के चरणों में समर्पित कर अलभ्य को लब्ध करते हैं।हाँ, गेंदे का फूल साधारण जन के संकट को दूर करता है अपनी सुलभता से।भले यह फूल बाहर से आया भारत में पर आज तो यह जीवन का अंग हो गया है।आलु सब्जी की तरह भारतीयजीवन में गेंदे का फूल भी वरणीय है।फलाहारी में शकरकन्द और मूंगफली
साथ आलु गणना में है।आलु न हो तो आधा भारत फलाहार के बिना रह जाये।अब सिंघडा कहाँ मिलता है
प्रचुरता के साथ?दाम भी तो जेब के अंदर का होना चाहिए।जगदम्बा तो अमृत और गरल दोनों पचा डालेंगी पर हम उनकी मनुष्य सन्तान इतना सक्षम नहीं हैं।
हे ब्रह्मचारिणी माँ!गीताप्रेस वाली पुस्तक में आपकी जो तस्वीर है वह बहुत मनोहारी है।एक हाथ में रूद्राक्ष माला दूसरे में कमंडल।एक में तप का संचय दूसरे में अमृतमय ज्ञानराशि ।
मुकुटधारिणी माता ! भारत की महिलावों के माथे पर आपके आशीर्वाद का मुकुट हमेशा सजा रहे।स्त्री प्रजाति शक्ति बन कर भारत का रक्षा मंत्रालय सम्भाले रहे।
डॉ कामेश्वर उपाध्याय
महासचिव, अखिल भारतीय विद्वतपरिषद।।
=================================================================
https://www.facebook.com/kameshwar.upadhyaya.7/posts/145695999719178
(तृतीय दिवस]
आज शारदीय नवरात्रि का तृतीय दिवस है।आज महाशक्ति के तीसरे स्वरूप"चन्द्रघण्टा"" का दर्शन पूजन
किया जाता है।भगवती के इस स्वरूप में आह्लाद भरा है ऐसा प्रतिपादन रहस्यागम करता है।उनके हाथ में जो घण्टा है उसमें चन्द्र विद्यमान है।चन्द्रमा से भी अधिक लावण्य जगदम्बा के कर कमलों से वितरित किया जाता है।माता का यह रूप सृष्टि में मधुरता,सौंदर्य,शीतलता आदि को एकत्र अभिव्यक्त करता है।मनुष्य के जीवन में
अनुराग और आह्लाद लाने के लिए माता चन्द्रघण्टा अपना विस्तार करती हैं।ललित कलावों का विस्तार धरती पर शक्ति तत्त्व से ही होता है। सम्पूर्ण प्राणियों का उपकार शक्ति तत्व से होता है और उसका प्रतिनिधित्व भारतीय नारी करती है।यद्यपि चंद्र घण्टा ध्वनि युद्धकाल में शत्रु के कानों को फाड़ डालती है पर शांतिकाल में तो यह कानों से भीतर जा कर ब्रह्मनाद सुनाती है।
भगवती का एक नाम यमघण्टा भी है।ये युद्ध एवं योग मार्ग में पथ प्रशस्त करती हैं परन्तु ये उनकी प्रवृति नहीं है।यम तक पहुचाने वाला घण्टा नाद असुरों के लिए है जबकि योग का यम समाधि में ले जाता है।अहिंसा,सत्य,अस्तेय,ब्रह्मचर्य,अपरिग्रह पांच तत्व जीवन
को उन्नति प्रदान करते हैं।
इस पृथ्वी को सौंदर्य और शीतलता से भरने के लिए भगवती महाशक्ति ही अपने को विभाजित कर प्रस्तुत करती हैं।इनके इन कठिन और गूढ़ कार्यों को जानने वाला भारतीय मन यदि स्त्री को अपनी चेतना में
बसा कर रखता है तो देवी के स्वरूप से महिषासुर को जलन भी होती है।भारत की स्त्री देवी भी होती है और
दानव दलिनी भी होती है।उसका यह स्वरूप यदि यूरोप वालों को नहीं मालूम है तो इसमें भारत का कोई दोष नहीं।कुछ लोगों को स्त्री को देवी कहना बर्दाश्त नहीं है।
स्त्री पूज्या है कथन में उन्हें ढोंग दिखने लगता है।ये उनकी भोगवादी दृष्टि है जिसको दिल्ली का एक विशेष
विश्वविद्यालय सृजित करता है।
नवरात्रि स्त्री तत्व और पुरुष तत्व को अर्द्ध नारीश्वर स्वरूप प्रदान कर सह अस्तित्व को जन्म देती है।
"चंद्रघण्टायै नमः" । विदा पुन:मिलनाय ।
डॉ कामेश्वर उपाध्याय
महासचिव, अखिल भारतीय विद्वतपरिषद।।
==============================================================
https://www.facebook.com/kameshwar.upadhyaya.7/posts/146537886301656

(चतुर्थ दिवस)
आज नवरात्रि साधना का चतुर्थ दिवस है।माता कूष्मांडा का दिन है आज।कूष्मांडा का अर्थ है जिसके उदर में यह ब्रह्मांड हो वह भगवती कूष्मांडा।कूष्मांड कोहड़े के फल को भी कहते हैं।जिनकी कुलदेवी कूष्मांडा होती हैं उनके यहाँ इस फल की बलि चतुर्थी या अष्टमी को अवश्य दी जाती है।
माता कूष्मांडा ब्रह्मांड की सृष्टि और संहार दोनों करती हैं।कु का अर्थ होता है कुत्सित।ऊष्मा का अर्थ होता है ताप।कु और ऊष्मा मिलकर कूष्मा होता है।यह कूष्मा जिसके उदर में अंडेकी तरह पड़ा रहे उसे कूष्मांडा देवी कहते हैं।माता कूष्मांडा अपने भक्तोंके तीनों तापोंको अपने उदरमें पचा डालतीहैंऔर उन्हें सुख,समृद्धि, आनंद प्रदान करती हैं।
देवी की आराधना के लिए चतुर्थी,नवमी और चतुर्दशी तिथि शुभ है।ये तीनों तिथियाँ ज्योतिष शास्त्र में रिक्ता कहलातीहैं।येशुभकार्य मेंवर्जित होतीहैं। सांसारिक दृष्टि से रिक्ता वर्जित है पर वही साधना के लिए उत्तम तिथि है।साधना का अंतिम परिणाम संसार का नाश और
मोक्ष की प्राप्ति है।यह कार्य तो कालस्वरूपिणी माता जी ही करती हैं।
माता की आराधना के लिए आज काशी के दुर्गा कुंड स्थित कूष्मांडा देवी के मंदिर में अपार भीड़ है।एक झलक पाने के लिए नर नारी कतार बद्ध खड़े हैं।एक युवक मंद स्वर में चतुर्थ अध्याय का पाठ कर रहा था--
ईषत् सहासममलं परिपूर्णचंद्र
बिम्बानुकारी कनकोत्तमकांतिकांतम्।
अत्यद्भुतं प्रहृतमात्तरुषा तथापि
वक्त्रं विलोक्य सहसा महिषासुरेण।।
मेरा मन दुःखी हो गया।जगदम्बा का मुखमंडल शरद पूर्णिमा के चन्द्र की तरह चमक रहा था।देवगण पुष्प बरसा रहे थे।महर्षिगण स्वस्ति वाचन कर रहे थे।उस दिव्य सौंदर्य को देख कर महिषासुर क्रोध से पागल हो उठा और देवी माता पर प्रहार कर बैठा।हस्र वही हुआ जो होना था अर्ध मौत मरा--अर्द्धनिष्क्रांत एवासौ ।।
देव सौंदर्य की खान हैं माँ, सनातन सौंदर्य की पहचान हैं माँ और उनपर सहसा प्रहार कोई राक्षस ही कर सकता है।सनातनी हिन्दू देवी के नख शिख सौंदर्य की पूजा करता है और असुर उनपर आक्रमण करते हैं।यह लड़ाई सृष्टि में हमेशा जारी रहेगी और महिषासुर का बध भी हमेशा होता रहेगा।
।। ॐ कूष्मांडायै नमः ।।
डॉ कामेश्वर उपाध्याय
महासचिव, अखिल भारतीय विद्वतपरिषद।।
===============================================================
https://www.facebook.com/kameshwar.upadhyaya.7/posts/147278102894301
 (पंचम दिवस)
नवरात्रि में पांचवीं रात्रि स्कंदमाता की रात्रि के रूप में प्रसिद्धि प्राप्त है।महाशक्ति ने पुत्रवती हो कर पृथ्वी पर सृष्टि को बढ़ानेका संदेश दिया।स्त्री की सार्थक भूमिका
मातृत्वके बिना संभव नहीं है।षड्मुख को गोदमें लेकर
उन्हें पुष्ट करके सेनानी के रूप में तैयार करना मातृशक्ति
का ही काम है।स्कन्द अर्थात् कार्तिकेय।कार्तिकेय से माता पार्वती को अगाध लगाव है।जब रुष्ट होकर वे चले जाते हैं तब उन्हें मनाने के लिए भगवान शिव को विवश
करती हैं।भगवान शिव मल्लिकार्जुन ज्योतिर्लिंग के रूप में उनके सामने प्रकट होते हैं।
स्कन्द की विशेषता है- सेना को एकत्रित करना और उसे प्रशिक्षित कर विजय उन्मुख करना।विनायक(गणेश)की विशेषता है अकेले विजय प्राप्त करना।स्कन्द दिशापति कहलाते हैं।उनकी सेनाएं दिग्दिगन्त में फैली हुई हैं।स्कन्द का वाहनमयूर है।यह
सर्पयोनि के विषधरों का शत्रु है।यह चित्र विचित्र होने के कारण सुंदर लगता है।इसके स्वभाव में निःसंगता भी है और उत्पादकता भी।
महाशक्ति देवी माता स्त्री के भीतर विद्यमान
सृष्टिवृद्धि की अभिलाषा को सार्थक और सर्वाधिक
महत्वपूर्णसिद्ध करती हैं।स्त्रीका कोईभी स्वरूप मातृत्व प्राप्ति के विना पूर्ण नहीं है।पश्चिम का फेमिनावाद
तबतक विफल है जबतक उसमें मातृत्वगुण का समावेश नहीं हो जाता।स्त्री के इसी चरित्र से पृथ्वी पर मनुष्य का
अस्तित्व बचा हुआ है।ब्रह्मचारिणी देवी की प्रतिष्ठा तब पूजा में बदल जाती है जब वे स्कंदमाता बन जाती हैं।
स्कंदमाता के दोनों हाथों में कमल का फूल है।यह तभी सम्भव है जब पुत्र सेनानी हो जाये।जब तक पुत्र सेनानी नहीं हो जाता तब तक युद्ध स्वयं माँ को ही लड़ना पड़ता
है।नौदुर्गा के नौ रूप में मातृत्व संवहन नामक पंचमरूप स्कन्द माता का है।
जयति जय हे देवि!
डॉ कामेश्वर उपाध्याय
महासचिव, अखिल भारतीय विद्वतपरिषद।।
==================================================================
https://www.facebook.com/kameshwar.upadhyaya.7/posts/148067736148671

(षष्ठ दिवस)
आज नवरात्रि का छठवां दिन है।आज जगदम्बा के कात्यायनी स्वरूप की आराधना की जाती है।कात्यायनी माता से जुड़ी अनेक कथाएं हैं जो अनेक कालखंड की हैं।उनमें से सबसे प्राचीन कथा महिषासुर से जुड़ी हुई है।महर्षि कात्यायन अपने समय के न केवल परमतपस्वी थे बल्कि एक बृहद गुरुकुल के संचालक भी थे।उनके पाल्य अनेक शिष्य उनके आश्रम में रहकर वेद के गूढ़ ज्ञान की प्राप्ति और महर्षि रचित श्रौतसूत्र के गहन अध्ययन और प्रयोग में लगे हुए थे।यह वह कालखण्ड थाजब परम बल शाली,रुद्र अंश सम्भूत,जम्भपुत्र महिषासुर पृथ्वीपर मद से उद्धत हो कर लड़ने हेतु भटों और उद्भटों को ढूंढता फिरता था।महिषासुर वेश बदलने की विद्यामें परम प्रवीण था।उसकी इस अपूर्व प्रवीणता की झलक दुर्गासप्तशती में देवी के साथ युद्ध करते समय देखी गयी है।एक दिन महिषासुर घूमते घूमते जंगल में महर्षि कात्यायन के आश्रम में आ जाता है। वहाँ का वैभव, सुंदरता, सरोवर, वृक्ष,यज्ञ आदि को देख कर वह विस्मित हो जाता है।तभी महर्षि कात्यायन का प्रधान शिष्य सरोवर पर जल लेने हेतु आता है।उसके सुंदर शरीर और मुखमंडल पर फैले तेज को देख कर महिषासुर हतप्रभ हो जाता है।शिष्य को मार डालने की जगह उसे ब्रह्मचर्य भ्रष्ट करने का विचार उसके मन में उत्पन्न होता है और वह सुंदर स्त्री का वेश धारण कर शिष्य को मोहित करने का प्रयत्न करता है।शिष्य भयभीत हो उठता है।वह गुरु के पास जाकर सारी बात बतलाता है।महर्षि कात्यायन
शिष्य के पीछे आकर उस स्त्री के क्रिया कलापों को देखते हैं और क्रुद्ध हो कर हाथ में संकल्प का जल लेते
हैं।महर्षि कात्यायन--कौन हो तुम?
मैं महिषासुर हूँ।
स्त्री रूप क्यों लिया?
इसके तेज को नष्ट करने हेतु।
अरे मूर्ख!मायावी! तपस्वी को नष्ट करना चाहता है तू।स्त्री रूप धारण कर।तू रुद्र का अंश होकर भूल गया कि रुद्र भी यज्ञ में दी हुई आहुति से ही बलशाली रहते हैं।वे यज्ञ और महर्षियों की रक्षा करते हैं।
""जा तुझको स्त्री ही मारेगी।स्त्रीरूप से लगाव है तुझको।एक स्त्री के हाथ से तेरा बध होगा।"""
महर्षि के शाप से हतप्रभ महिषासुर चला जाता है।जब उसके बध के लिए सर्व देव तेज से भगवती दुर्गा उत्पन्न होती हैं तब महर्षिगण बोल उठते हैं--महर्षि कात्यायन के शाप को सत्य करने वाली कात्यायनी की जय हो!!
माता कात्यायनी की आराधना मनवांछित पति की प्राप्ति के लिए भी की जाती है। मन्त्र है-----
ॐ क्लीम् कात्यायनि महाभागे! महायोगिन्यधीश्वरि!
नन्दगोप - सुतं देवि! पतिं मे कुरु ते नमः क्लीम् ॐ
भगवती को पीलाभोग पदार्थ और ताम्बूल बहुत प्रिय है।
भारतवर्ष के अनेक नगरों में माता कात्यायनी का मंदिर है।भक्त अभीष्ट वर प्रदान करने वाली माता कात्यायनी
अपनी उपस्थिति से हम सभी का कल्याण करें।
कात्यायनीं तुष्टुवुरिष्टलाभाद्
विकाशि वक्त्राब्ज विकाशिताशा।।
इष्ट लाभ , अनिष्टनाश के लिए हम आपको प्रणाम करते हैं।भगवती कात्यायनी की जय हो।।
डॉ कामेश्वर उपाध्याय
महासचिव, अखिल भारतीय विद्वतपरिषद।।
=============================================================


https://www.facebook.com/kameshwar.upadhyaya.7/posts/148812742740837
(सप्तम-दिवस)
आज नवरात्रि का सातवां दिन है।आज की रात्रि पर भगवती कालरात्रि का अधिकार है।नौदुर्गा के नौ स्वरूप में यह सर्वसंहारक है।
कालरात्रि और काली(कालिका)में भी भेद है।
काल की शक्ति काली है।भगवान ब्रह्मा द्वारा प्राणियों की मृत्यु केलिए कालको उत्पन्न किया गया "लोकानामंतकृत- कालः।"लोक का अंत करने वाली शक्ति काली है।इस काल को भी मार डालने वाली,सभी प्रकार के काल को अपने भीतर लेकर समाप्त कर देने वाली शक्ति कालरात्रि
है।कल्पान्त में काली का नाश हो जाता है पर कालरात्रि में कल्प का नाश हो जाता है।इसका स्वरूप महाभीषण है,महा घोर है।"कालरात्रि: कालिका च कालभैरवपूजिता"
इन दोनों की पूजा श्रीकालभैरव करते हैं।
भगवान ब्रह्मा के १२घण्टे को कल्प कहते हैं।यह ४३२करोड़ वर्ष का होताहै।इसके बीतनेपर कालऔर उसकी पत्नी मृत्यु का भी नाश हो जाता है।उस समय कालरात्रि के उदर में सब कुछ विलीन हो जाता है।इस कालरात्रि की स्तुति भगवान ब्रह्मा ने इसप्रकार से की है-
"कालरात्रि:महारात्रि:मोहरात्रि:च दारुणा"
महाशक्ति के ये तीन स्वरूप अत्यंत दारुण हैं।इनमें सब कुछ नष्ट हो जाता है।जब मोहरात्रि श्री विष्णु के शरीर से बाहर निकलती हैं तब वे जागकर मधु और कैटभ को मारते हैं।महारात्रि में सर्वभूत(प्राणी)नाश हो जाता है।
भगवती कालरात्रि की पूजा निशीथ(मध्यरात्रि) में की जाती है।वैसे भी शाक्त साधक तुरीय(अर्द्धरात्रि)पूजा को ही ज्यादातर महत्व देते हैं।कालरात्रि की पूजा साधारण गृहस्थ के लिए नहीं है।केवल योग सिद्ध व्यक्ति ही इनकी पूजा कर सकता है।जिसके गुरु शिव हों और वह सिद्ध हो वही कालरात्रि की आराधना कर सकता है।
साध्वी, सुभगा महिलावों को कालरात्रि, धूमावती, छिन्नमस्ता, तारा,समया आदि देवीस्वरूपो से दूर रहना चाहिए।कालरात्रि को नीला पुष्प चढ़ता है।काला पुष्प भी स्वीकार है।विल्वपत्र, करवीर(कनेर),जपा(अड़हुल)देवी के सभी स्वरूप को प्रिय है।इन स्वरूपों को "अर्कमंदारौ" अर्थात् धत्तूर और मंदार पुष्प प्रिय हैं।तुलसी,मालती और दूर्वा से कालरात्रिऔर काली कीपूजा नहीं करनी चाहिए--तुलसीम् मालतीम् च वर्जयेत। दूर्वया नार्चयेत । एक और महत्वपूर्ण बात-देवी के उग्र स्वरूप की साधना के समय स्त्री निंदा सर्वथा वर्जित है।इसकी अवहेलना से मृत्यु भी सम्भव है।
अतिप्राकृतिक हैं कालरात्रि-कालरात्रि:भयंकरी।इनके महत्व को स्वीकार कर इन्हें प्रणाम कर लेना चाहिए।कलि युग में शीघ्र लाभ के लिए देवी की आराधना ही परम लाभदायी है।अतः कहा गया है--
कलौ काली कलौ काली कलौ काली वरप्रदा।
कलौ काली कलौ काली कलौ काली तु केवला।।
" कालरात्रिं ब्रह्मस्तुतां नौमि परमेश्वरीं "
भगवान चतुर्मुख ब्रह्मा द्वारा स्तुत जगदम्बा कालरात्रि अपने भक्तों की रक्षा करें।।
डॉ कामेश्वर उपाध्याय
महासचिव,अखिल भारतीय विद्वतपरिषद।।
========================================================================
(अष्टम दिवस)
https://www.facebook.com/kameshwar.upadhyaya.7/posts/149514089337369

नवरात्रि की अष्टमी रात्रि भगवती महागौरी की आराधना की रात्रि है।अथर्वशीर्ष में जिसे ""दक्षदुहितरं नमामः पावनां शिवाम्"" कहा गयाहै वही दक्ष पुत्री सती देवी मृत्यु के बहुत बाद में देवकार्य सिद्ध करने के लिए कालांतर में हिमालय पुत्री उमा के रूप में प्रकट हुईं।अपनी आत्म शक्ति का विस्तार करते हुए प्रचंड तपस्या से पुनः शिव जी को प्राप्त किया। उनसे लगातार ॐ ध्वनि उत्पन्न होने से उमा,पर्ण भक्षण का भी परित्याग कर देने से अपर्णा आदि उनके अनेक नाम गुण के आधार पर प्रसिद्ध हुए।
भगवान सदाशिव अत्यन्त गौर वर्ण के हैं।अपने रक्त (लाल)वर्ण केलिए सूर्यदेव प्रसिद्ध हैंवैसेही गौरवर्णकेलिए त्रयम्बक शिवजी प्रसिद्ध हैं-रक्तो दिनेशो धवलो महेशः।
आरती किसी भी देवता की हो पर जो मन्त्र बोला जाता है
उसमें महादेव का मन्त्र--"कर्पूरगौरं करुणावतारम्--------
------भवं भवानीसहितं नमामि"है।यही मन्त्र सर्वत्र क्यों बोला जाता है?क्योंकि गौरवर्ण धर्म, सत्व तथा प्रकाश का प्रतीक है।कर्पूरगौर महादेव शिव के लिए उनसे भी ज्यादा देदीप्यमान स्वरूप धारण किया जगदम्बा ने--महागौरी।
महादेवी महागौरी असुर विनाशिनी हैं।उनको ले कर साधकों के मन में भ्रम न रहे इसलिए मूर्ति रहस्य में कहा--उमा गौरी सती चंडी कालिका सा च पार्वती।।इन
सभी नामों को एक ही समझना चाहिए।
महादेव की शक्ति महागौरी एका हैं,अजा हैं।उनके शरीर से महासरस्वती की उत्पत्ति होती है--
गौरीदेहात् समुद्भूता या सत्वैक गुणाश्रया।
साक्षात्सरस्वती प्रोक्ता शुम्भासुरनिबर्हिणी।।
सरस्वती देवी केलिए सर्वत्र कहा गया--गौरीदेहसमुद्भवां
त्रिजगतामाधारभूतां महा।
भगवान शिव धर्म का आश्रय लिए रहते हैं।यही कारण है कि वे वृषभ पर चढ़ते हैं।वृषभ धर्म है।गौ पृथ्वी है और सिंह परम पराक्रम है।सिंहनी के दूध को केवल स्वर्णपात्र में रखा जा सकता है अन्यथा वह पृथ्वी में चला जाता है।सिंह वाहिनी महाशक्ति ने शिव के लिए अपने वाहन का त्याग कर वृषभ पर चढ़ना स्वीकार किया।वृषभ यदि धर्म है तो अपने शिव और देवों के कार्य के लिए महागौरी भी वृषारूढा हुईं।
स्त्री का परम पावन स्वरूप गौरी है।उसका पावनत्व ही उसे शिव के पूर्व लाता है--गौरीशंकर।विश्व की कोई भी स्त्री यदि उसमें कल्याण भाव और पावनत्व है तो वह
गौरी की पदवी प्राप्त करेगी ही।उसकी सृष्टि में विनायक और देवसेनानी स्कन्द होंगे ही।अतः भारतीय महिला का अष्टम स्वरूप महागौरी का होता है।मन उज्ज्वल,वस्त्र उज्ज्वल,तन उज्ज्वल,कर्म उज्ज्वल,पति और पुत्र उज्ज्वल पाने की सदिच्छा हो तो महागौरी को अंगीकार करो,जपो,रटो, मनन करो, चिंतन करो।महागौरी लता, वृक्ष, पशु, अन्न, जल, भोजन, वस्त्र,भवन सब की व्यवस्था करती हैं।उन्हीं की प्रतिनिधि है भारतीय नारी जो पहलेअपने घर को सम्भालती है बाद में युद्ध क्षेत्र को भी।
महागौरी ने नौ रूप धारण किया।काशी जी में उनके नौ विग्रह हैं।नौ दिन उनके एक एक रूप का दर्शन नवरात्रि में किया जाता है।ये हैं--मुखनिर्मालिका,ज्येष्ठा, सौभाग्य,श्रृंगार, विशालाक्षी,ललिता, भवानी मङ्गला और
महालक्ष्मी। भगवान सूर्य ने मङ्गला गौरी की स्तुति की,सीता माता ने सौभाग्य गौरी की स्तुति की।यदि उत्तम सौभाग्य चाहिए तो गौरी की आराधना करनी ही होगी।यदि पत्नी मनोरमा चाहिए तो गौरी की पूजा करनी ही होगी।गृहस्थी और सफल स्त्रीत्व के लिए महागौरी ने अपने अंश को नारी में अवतरित किया जिससे यह विश्व
आज सार्थकता को प्राप्त है।
"नमाम:पावनां शिवाम्"पवित्र करने वाली स्त्री जाति को प्रणाम है।
डॉ कामेश्वर उपाध्याय
महासचिव, अखिल भारतीय विद्वतपरिषद।।
======================================================================

https://www.facebook.com/kameshwar.upadhyaya.7/posts/150103752611736
(नवम दिवस)
नवरात्रि का नवम दिवस सिद्धिदात्री माता का है।आठ दिनों तक देवी के अष्टविध स्वरूप और तीन चरित्र की जो साधना हुई है उसकी परिपुष्टि आज होगी।शारदीय नवरात्रि की वार्षिकी पूजा का प्रतिफल आज ही निश्चित हो जाएगा।इस फल को स्वतः सिद्धिदात्री माता देंगी।
आराधना का फल तीन स्तर पर दिखता है।दिव्य स्तर पर यह बोध होने लगता है कि मेरा शरीर हल्का हो गया हैऔर तेज वलय चारों ओर घिर गया है।मानवीय स्तर पर यह आभास होने लगता है कि मेरा कोई कार्य अवश्य है इस पृथ्वी पर और दिव्यादिव्य स्तर पर लगता है कुछ शुभ हो सकता है।आराधना की दिशा में स्वतः खींचते चला जाना ये सिद्धिदात्री माँ का सर्वाधिक कृपा प्रसाद है।
भक्त वत्सला हैं सिद्धिदात्री माँ।इस स्वरूप की सबसे बड़ी विशेषता है साधक के हित के अनुकूल स्वतः जगदम्बा द्वारा निर्णय ले कर फल निश्चित करना।।शेष आठ स्वरूप में साधकके संकल्प के अनुसार फल निश्चित होता है भगवती के द्वारा परन्तु सिद्धिदात्री माता अत्यंत कल्याण का निर्णय अपने अधीन रखती हैं।
सिद्धिदात्री माता से देवता,दानव,यक्ष,किन्नर,सर्प,गंधर्व सभी मांगते हैं।सभी को सब कुछ मिलता भी है।सिद्धि दात्री का स्वरूप मूलप्रकृति का है।इनसे ब्रह्मांड का सभी
रहस्य खुलता है । माया,चेतना,बुद्धि , निद्रा, क्षुधा, छाया, शक्ति,तृष्णा,शांति,श्रद्धा,कांति,वृति ,दया,तुष्टिआदिचौबीस तत्वों का ज्ञान,दान और ध्यान मिलता है।
सिद्धिदात्री माँ सान्निध्य प्रदान करती हैं।कभी मनुष्य बनाती हैं तो कभी इससे ऊपर उठा कर ऋषित्व या देवत्व प्रदान करती हैं।
हमारी साधना पूर्ण हो और लौकिक उपलब्धि के साथ मनुष्य बनने की यात्रा निर्बाध चलती रहे यही माता सिद्धिदात्री से मन्त्रमयी प्रार्थना है।हमारे कलश का जल कभी न सूखे,हमारा पात्र हमेशा पूर्ण रहे,मिट्टी और कलशके सान्निध्य में उगा यव हमारी प्रज्ञा को रसमय बनाये रखे।हम भी"" सावर्णि भविता मनुः""के मार्ग पर चलते रहें।हमारी आत्मशक्ति आपकी कृपा से अप्रतिहत बनी रहे।
हे सिद्धिदातृदेवि!भारतवर्ष के सौभाग्य को आप हमेशा अभिवृद्ध करती रहें।हमारे घर में अगली नवरात्रि में आने का निमंत्रण साथ ही स्वीकार करें।
डॉ कामेश्वर उपाध्याय
महासचिव, अखिल भारतीय विद्वतपरिषद।।

========================================================================
(कुमारी(कन्या)पूजा)
https://www.facebook.com/kameshwar.upadhyaya.7/posts/149222232699888
नवरात्रि में कन्या पूजन और भोजन कराने की परंपरा अपने देश में बहुत प्राचीन है।नेपाल राष्ट्र में छोटी बच्ची को जीवित देवी के रूप में पूजित कर तब तक रखते हैं जब तक वह रजोधर्म वाली स्थिति में न आजाये।वस्तुतः
दशम वर्ष में ही दूसरी बच्ची का चयन कर लेने की परंपरा
वहाँ रही है।
कन्या पूजन का महत्व इसी से समझा जा सकता है कि इस प्रकरण को लेकर एक स्वतंत्र ग्रन्थ ही है--कुमारी
तन्त्रम्।कुमारी लड़की की आयु के अनुसार अर्थात् एक वर्ष या दो वर्ष आदि आयु के अनुसार निम्नवत् संज्ञा है-सन्ध्या,सरस्वती,त्रिमूर्ति,कालिका,सुभगा,उमा,भिल्लिनी,
कुब्जिका,काली,अपराजिता।संज्ञा भेद सम्भव है।कन्या पूजा घर या यज्ञ मंडप में करके भोजन और दक्षिणा दी जाती है।इसमें जाति भेद वर्जित है,बल्कि भेद करने से शाप पाप लगने की स्थिति आ सकती है। कुमारी पूजा तब तक होती है जब तक मासिक धर्म का प्रवर्तन नहीं हो जाता है--यावत् पुष्पन्न जायते।।प्रायशः १० वर्ष के ऊपर की कुमारी की पूजा की वर्जना है--नववर्षा रोहिणी सा
दश वर्षा तु कन्यका।।
कुमारी कन्या का पूजन नवरात्रि का विशेष अंग है।इससे महामाया भगवती परम प्रसन्न होती हैं।पूजन में वस्त्र,धन, आभूषण,अन्न अपनी क्षमता के अनुसार देते हैं।इसके प्रभाव से दरिद्र भी जय और मङ्गल को प्राप्त करता है--पूजयेन् मंदभाग्योपि लभते जय मंगलम् ।।
नवमी तिथि को हवन के बाद पूजा करने का विधान है-
महानवम्यां देवेशि! कुमारीम् च प्रपूजयेत् ।। जो लोग कुल परम्परा से अष्टमी को कुमारी पूजा करते हैं उन्हें उसी दिन पूजा करनी चाहिए।चलते समय खिलौना और पुष्प देना चाहिए।
नट कन्या,रजक कन्या,नापित कन्या,गोपाल कन्या,ब्राह्मण कन्या, शूद्र कन्या,वैश्य कन्या,वैद्य कन्या, चांडाल कन्या, मित्र कन्या को श्रद्धा पूर्वक पूजन कर समान आसन पर बैठा कर भोजन कराना चाहिए--पूजयेत परमानंदै:आत्मध्यान परायण:।।भेद करने से जगदम्बा का कोप भाजन बनना पड़ता है।यहां हम देखते हैं कि अस्पृश्यता नामक चीज है ही नहीं।
विधान में तो यहां तक कहा है कि शाक्तों के अतिरिक्त शैव, वैष्णव,ब्रह्मवादियों को भी कुमारी पूजा करनी चाहिए।
नीलतंत्र ग्रंथ में कहा है-कुमारी पूजा से उत्पात,दुःस्वप्न औऱ मृत्यु भय दूर हो जाता है।
कुमारी कन्या जगद्वन्द्य होती है।उसमें सर्व शक्ति निहित होती है।वह पूज्या होती है।उसके भीतर सृष्टि के समस्त गुण छुपे होते हैं--
पूजां गृहाण कौमारि!जगत्पूज्ये नमो$स्तु ते।।
डॉ कामेश्वर उपाध्याय
महासचिव, अखिल भारतीय विद्वतपरिषद।।

दीपावली

https://www.facebook.com/kameshwar.upadhyaya.7/posts/162615811360530
।।दीपावली।।💐
परिभाषा--जिस कार्तिक मास कीअमावास्या में दीपों के द्वारा आरती की जाए उसे दीपावली कहते हैं--
दीपै:नीराजनादत्र सैषा दीपावली मता।(मत्स्यपुराण)
आरती किसकी-- भगवती लक्ष्मी की आरती प्रधान है।इनके अतिरिक्त आप कुबेर और इंद्र की पूजा कर सकते हैं। कुछ लोग आज की रात्रि में स्वर्ण भैरव की भी पूजा करते हैं।
इंद्र - कुबेर की पूजा क्यों?-- देवराज इंद्र ने स्वर्गलोक में स्थिर लक्ष्मी निवास के लिए भगवती की पूजा की थी।इन्द्रकृत लक्ष्मीस्तोत्र के पाठ से धन वृद्धि होती है।इंद्र की पूजा से निर्विरोध लक्ष्मी आगमन होता है।कुबेर की पूजा से कोष भरा रहता है।खर्च करने पर भी क्षय नहीं होता।
दीपावली का समय-- दीपावली में दीपजलाने और लक्ष्मी की पूजा करने का तीन काल महत्वपूर्ण होता है--प्रदोषकाल,वृष लग्न और सिंह लग्न। सूर्यास्त के एक घण्टा बारह मिनट बाद तक प्रदोषकाल श्रेष्ठ होता है।वृष लग्न इसके तत्काल बाद होता है और सिंह लग्न प्रायः ढलती रात में आता है।(अपने अपने स्थान में सिंह लग्न का काल देख लें।)
पूजा की सामग्री-- धूप,गोघृतदीप, नैवेद्य,ऋतुफल,वस्त्र, नारा, रोली, मिष्ठान्न,लाजा,पंचामृत,बेलफल,कमलपुष्प, कनेर पुष्प, मालतीपुष्प,पारिजातपुष्प, तुलसी आदि।
विधि--लक्ष्मी और गणेश की प्रतिमा की स्थापना कर षोडश उपचार से पूजा की जाती है।यथा शक्ति पूजा की जाती है।कुछ लोग खजाना स्थापित कर पूजा करते हैं।
भगवती लक्ष्मी को बेल का पत्र, फल, लकड़ी सबकुछ प्रिय है--वनस्पतिस्तव वृक्षोथ विल्वः। कमल का पुष्प उन्हें अतिशय प्रिय है--कमलालया, कमलासना आदि।लाजा(धान का),पाटल,जाती,चंपक,जूही,केतकी,तुलसी से उनकी पूजा की जाती है।दमना भी प्रिय है।
हवन--दीपावली की रात्रि में हवन करने से व्यापक लाभ मिलता है।हवन में आम, बेल, अनार की लकड़ी बहुत शुभ है।खीर,बेलफल,लाजा,कमलगट्टा,लोंग,इलायचीऔर कमलपुष्प से हवन उन्हेंअतिशय प्रिय है।हाथी कीआकृति वाली मिठाईयां भी उन्हें प्रिय हैं।
मन्त्र और स्तोत्र-- श्रीसूक्त जैसा कोई अन्य विधान नहीं है।इसमें यदि २७ मन्त्रों के साथ पाठहवन होतो चमत्कारी होता है। इसके अतिरिक्त लक्ष्मी कवच का पाठ, कनक- धरा स्तोत्र का पाठ,लक्ष्मीहृदयस्तोत्र का पाठ किया जाता है।। "श्रीम्"एकअक्षर वाला मन्त्र है लक्ष्मी माता का। इसका जप जो व्यक्ति प्रतिदिन करता है और दीपावली के दिन इससे हवन करता है वह समृद्ध, दानदाता हो जाता है।बेल के पेड़ को गोद में भर कर जो इस मंत्र का जप करता है एक वर्ष केभीतर सुखी, धनाढ्य, प्रभाव- शाली हो जाता है।
वस्त्र--सफेद और रेशमी वस्त्र जगदम्बा को प्रिय है।सुगन्ध से उन्हें लगाव है।धेय है सुगन्ध से आयु बढ़ती है।इसीलिए माला पहनने और पहनाने का लोकव्यवहार है।
दीप दान का अदृश्य फल---
कार्तिक कृष्ण अमावास्या की रात्रि में जो दीप दान करता है वह पृथ्वी पर सुख और अंत में स्वर्गलोक में निवास के अधिकार को प्राप्त करता है--
यावद् दीपप्रसंख्या तु तावद् स्वर्गे महीयते।।
दीपावली पर्व का आकर्षण--विश्व इस पर्व को तेजी से अपना रहा है।आलोकपर्व होने से नेत्र, हृदय, मन,आत्मा, बाह्य परिदृश्य सब को अपने में बांध लेता है यह पर्व।
असतो मा सद् गमय
तमसो मा ज्योतिर्गमय
मृत्योर्मा अमृतं गमय
दीपावली की महिमा राष्ट्र को गरिमा प्रदान करे
डॉ कामेश्वर उपाध्याय
महासचिव, अखिल भारतीय विद्वत्परिषद।।


======================================================

https://www.facebook.com/kameshwar.upadhyaya.7/posts/163359087952869
।।यम की पूजा/ यम गान।।
कार्तिक कृष्ण चतुर्दशी के दिन सायंकाल घर के बाहर चार बत्तीवाला (चतुर्मुख) दीपक जलाकर यम की पूजा की जाती है।यम दक्षिण दिशा के स्वामी हैं।दक्षिण दिशा से आने वाली किरणों को चतुर्मुख दीप जलाकर अपने अनुकूल करने की पद्धति पुरानी है।
यम की पूजा करना, उनके लिए श्रद्धा व्यक्त करना हमारी मान्यत में है।यम भैंसापर सवार होकर हाथमें पाश और दंड लेकर चलते हैं।उनका पूरास्वरूप भयावह है। वे अपदेवता हैं।उन्हें देखकर ही नहीं उनका नाम भी सुनकर
भय लगता है।फिर हम यम की पूजा क्यों करते हैं?मृत्यु के भय से?पूजा से प्रसन्न यम कृपा कर हमें मृत्यु मुख से मुक्त कर देंगे?यदि नहीं तो मृत्यु से भय कैसा? जो अवश्यम्भावी है उससे डरना क्या?यम की भी तो आयु निश्चित है।यदि वे काल हैं तो उनको पैदा करने वाला भी तो महाकाल है।फिर भय कैसा?
अपठ मातायें कहती हैं-सब को हिस्सा मिलना चाहिए।
यम एक दिन एक दिया तेल लेकर खुश होजाते हैं तो क्या
है?एक दिन तो सबको ले ही जाते हैं।यह कथन ध्यान देने लायक है।यह भय का सूचक नहीं है।निर्भयता का सूचक है।हम मृत्यु को भूलते नहीं।सतत याद रखते हैं।घर से निकलते ही मृत्यु का स्वागत।ऊर्ध्व यात्रा में यह दीप ही ज्योति देगा।यम का काम है शरीर से आत्मा को अलग करना।प्रकाश का काम हैआत्माको परमज्योति परमात्मा
से मिलाना।हम यम से डरते नहीं।यम हमारे लिए केवल संदेश वाहक हैं।दूत को भी अन्न, जल, आसन ग्रहण करने का अधिकार हमारे यहाँ प्राप्त है।अतः एक दिन का दीप आप यम के लिए भी अवश्य दें।
यम गाथा गाना या यम में अतिशय भक्ति दिखाना,एक
विशिष्ट सम्प्रदाय चलाकर यमधर्म स्थापित करना यह भय को स्थापित करना है--
मृत्युना पाश-दंडाभ्यां स्थितः यमया सह।
त्रयोदश्यां दीपदानेन सूर्यजः प्रीयतां मम।।
हे यमदेवता!मेरे और मेरे परिवार पर प्रसन्न होइए।यही यम गाथा है।हे सूर्यपुत्र वैवस्वत!हम आप से डरते नहीं।आप संदेशवाहक हैं, भृत्य हैं।आपका स्वागत है।आप अपना काम करें हम अपना।आप जिसका आदेश मानते हैं हम भी उन्हीं का आदेश मानते हैं।
कार्तिक कृष्ण चतुर्दशी को सायं काल घर से बाहर एक दीप चार बत्तियों वाला अवश्य जलाएं और यम को संदेश दें--आपका स्वागत है।मैं और मेरा परिवार उस अखंड ज्योति का आराधक है जिसके भय से आप निरन्तर धावन करते रहते हैं-मृत्यु:धावति पंचमः।इस देश के रक्षक जब रण क्षेत्र में होतेहैं तब काल,मृत्यु,यम उनके लिए तुच्छ होते हैं--कालहुँ डरहीं न रण रघुबंसी।
इस देश में सभी का स्वागत है पर भय से नहीं, आत्मीयता से।यदि कोई यह समझता है कि भारतवर्ष डरता है तो फिर महाकाल का तांडव इसी धरती से जन्म लेता है।दिशायें साक्षी बन जाती हैं।सावित्री से यम पराजित हो जाता है।
धनतेरस, यम चतुर्दशी और दीपावली त्रिमंगल हैं इस देश की परंपरा में।।
डॉ कामेश्वर उपाध्याय
महासचिव, अखिल भारतीय विद्वत्परिषद ।।

ॐ पर स्वल्प चिन्तन ।।


💐।। ॐ पर स्वल्प चिन्तन ।।💐
उपनिषदें वेद भाग हैं।इनमें ब्रह्म, जीव,आत्मा,शरीर,प्राण आदि के संदर्भ में विशद चिन्तन हुआ है।कठोपनिषद के १/२/१५,१६मन्त्र में ॐ का वर्णन है---तत्ते पदं संग्रहेण
ब्रवीमि ओमिति/ एतद्ध्येवाक्षरं ब्रह्म।
समस्त वेद और समस्त तपस्या प्रविभाग जिसके बारे में गुणगान करते हैं उसे ॐ कहते हैं।यह ॐअक्षर ही ब्रह्म है।ब्रह्म का प्रत्यक्ष स्वरूप यह ॐ है।
माण्डूक्योपनिषद ॐ का प्रतिपादन अपूर्व शैली में करता है-- भूत,भविष्य,वर्तमान सब कुछ ॐ है।इसके अतिरिक्त यदि समय का कोई चौथा स्वरूप भी होता है तो वह ॐ ही है।ॐ को प्रणव कहते हैं।ब्रह्म को ओमकार कहते हैं।
ओमित्येतदक्षरमिदं सर्वं ।
प्रश्नोपनिषद में परम् और अपरं ब्रह्म दोनों ओमकार को ही कहा गया है---परम् चापरं च ब्रह्म यदोंकारः।५/२।
तैत्तिरीय उपनिषद में कहा गया--ॐ सब कुछ है।इससे अतिरिक्त कुछ भी नहीं है।यह ब्रह्माण्ड ओम की अनुकृति मात्र है।ॐ बोलते हुए साम गान किया जाता है।ॐ के बिना धनुर्वेद सिद्ध नहीं हो सकता क्योंकि शस्त्र संशन ॐ से ही होता है।ॐ परम् विज्ञान है।ब्रह्म विद्या का प्रत्येक कार्य ॐ से आरम्भ होता है।(अष्टम अनुवाक)।
नृसिंह उत्तर तापिनी उपनिषद में ॐ को मन,वाक से अदृश्य चतुर्थ स्वरूप कहा गया है।सूर्योपनिषद में ॐ को एकाक्षरब्रह्म कहा गया है। सूर्य को द्वय अक्षर ब्रह्म कहा गया।वस्तुतः सूर्य त्रयीमय हैं।अतः सृष्टि,पालन,संहार उनसे ही होता है।
श्वेताश्वतर उपनिषद में कहा--जैसे काष्ठ में अग्नि नहीं दिखती वैसे ही शरीर में आत्मा का दर्शन नहीं होता, पर जैसे मंथन से अग्नि देव प्रकट हो जाते हैं वैसे ही ॐ के जप से आत्मा का दर्शन हो जाता है।
देवीभागवत में तो ॐ के भीतर--अ, उ, म और चन्द्रविन्दु को ब्रह्मा, विष्णु, महेश और देवी कहा गया है।देवीभागवत ॐ में केवल तीन अक्षर को नहीं मानता बल्कि अर्ध चंद्र को देवीतत्त्व मानता है।
ॐ का वचन नहीं ज्ञात है कि यह एक वचन,द्वि वचन या बहु वचन है?
ॐ का लिंग नहीं ज्ञात है कि यह पुरुष,स्त्री या नपुंसक लिंग है?
ॐ का प्रातिपदिक नहीं ज्ञात है कि यह कर्ता, कर्म,करण या क्या है?
ॐ केवल शुद्ध ज्ञान- विज्ञान- अनन्त-ब्रह्म है।
इसे मन के नेत्र से देखा जा सकता है।यह केवल विचार का विषय नहीं है,केवल ध्यान और योग का विषय है।यह प्रवचन से नहीं मिल सकता। अतः इस पर प्रवचन न कर इसे प्रणाम कर रहा हूँ।अपनी श्रद्धा व्यक्त कर रहा हूँ।ॐ इत्यलम् ।।